दिल्ली के आसपास सबसे खूबसूरत जगहों को घूमने की बात आती है तो लोग उत्तराखंड या हिमाचल प्रदेश जाना ही पसंद करते हैं। यहां वाकई कई खूबसूरत हिल स्टेशंस हैं, लेकिन मानसून में ज्यादातर लोग पहाड़ों पर जाने से बचते हैं। ऐसे में आसपास की जगहों में राजस्थान, यूपी का मथुरा और आगरा या पंजाब का नाम ही सबसे पहले लिया जाता है। पंजाब की बात करें तो यहां का अमृतसर सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है।
आमतौर पर लोगों को लगता है कि अमृतसर में देखने लायक सिर्फ गोल्डन टेंपल ही है, लेकिन ऐसा नहीं है। यह शहर सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि इतिहास, संस्कृति, देशभक्ति और स्वादिष्ट खाने के लिए भी जाना जाता है। दरअसल, अमृतसर की गलियों में आपको पंजाब की असली रौनक देखने को मिलेगी। तो अगर आप यहां जा रही हैं तो हम आपको बता रहे हैं कि स्वर्ण मंदिर के अलावा आप और क्या-क्या एक्सप्लोर कर सकती हैं। आइए जानते हैं-
जलियांवाला बाग
गोल्डन टेंपल से कुछ ही दूरी पर जलियांवाला बाग है। यह भारत के इतिहास की एक जरूरी जगहों में से एक है। साल 1919 में यहां दुखद घटना हुई थी जो आज भी लोगों को भावुक कर देती है। यहां बने स्मारक, दीवारों पर मौजूद निशान और म्यूजियम में आपको उस समय की कहानी देखने को मिलेगी। अगर आपको इतिहास में इंटरेस्ट है तो गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद यहां जरूर जाएं।
वाघा बॉर्डर
अगर कोई अमृतसर जाता है तो वह वाघा बॉर्डर की बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी मिस नहीं करता है। भारत और पाकिस्तान के बॉर्डर पर होने वाला यह कार्यक्रम देशभक्ति के जोश से भर देता है। शाम के समय यहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ पहुंचती है। ऐसे में यहां जाना न भूलें।
यह भी पढ़ें- गुरुद्वारे में मिलने वाले हलवे को क्यों कहते हैं कड़ा प्रसाद? जानिए इसके पीछे की पूरी कहानी
पार्टीशन म्यूजियम
देश के बंटवारे से जुड़ी कहानियों को करीब से देखना और समझना चाहती हैं तो पार्टीशन म्यूजियम आपको जरूर जाना चाहिए। यहां तस्वीरों, डॉक्यूमेंट्स और पर्सनल एक्सपीरियंस के जरिए 1947 के समय को दिखाया गया है। इस म्यूजियम में आपको यह भी देखने को मिलेगा कि बंटवारे का लाखों लोगों की जिंदगी पर कैसा असर पड़ा था।
यह भी पढ़ें- क्यों 'अमृतसर की रात' के आगे फीकी है दुनिया की हर चकाचौंध? एक बार जरूर जाएं, रोशनी बनकर उतरती है गुरबाणी
दुर्गियाना मंदिर
अमृतसर का दुर्गियाना मंदिर भी काफी फेमस है। इसकी वास्तुकला और आसपास का सरोवर लोगों को खूब पसंद आती है। शाम के समय तो यहां का नजारा और भी सुंदर लगता है। कई लोग गोल्डन टेंपल के साथ यहां भी दर्शन करने आते हैं। देवी दुर्गा को यह मंदिर समर्पित है। अब 16वीं सदी के इस मंदिर को लक्ष्मी नारायण मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। मंदिर में आप सुबह 6 से रात के 10 बजे तक दर्शन कर सकती हैं।
राम तीर्थ मंदिर
यह धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाली जगह मानी जाती है। ऐसा माना जाता है कि यहां महर्षि वाल्मीकि ने माता सीता को आश्रय दिया था। यहां का मुख्य आकर्षण का केंद्र 800 किलोग्राम वजन की वाल्मीकि की एक सोने की परत चढ़ी मूर्ति है। यहां रात के 9 बजे तक जा सकती हैं।
हॉल बाजार
अमृतसर जाकर शॉपिंग न की जाए तो फिर आपकी ट्रिप मानो अधूरी ही रह जाती है। ऐसे में यहां के सबसे फेमस मार्केट हॉल बाजार जाना न भूलें। यहां आपको पंजाबी जुत्ती, फुलकारी, सूट, हैंडमेड चीजें मिल जाएंगी। यह बाजार राम तीर्थ से बेहद पास है।
गोबिंदगढ़ किला
अगर आपको इतिहास के बारे में जानने का शौक है तो गोबिंदगढ़ फोर्ट आपको जरूर पसंद आएगा। यह किला पंजाब के गौरवशाली अतीत की झलक को दिखाता है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइट एंड साउंड शो जैसे कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस किले का निर्माण 17वीं शताब्दी में महाराजा गुज्जर सिंह भंगी ने करवाया था।
खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी है स्वर्ग
अमृतसर सिर्फ घूमने की जगहों के लिए नहीं, बल्कि अपने खाने के लिए भी फेमस है। यहां का अमृतसरी कुलचा, छोले, लस्सी और कई लोकल डिशेज का आप मजा ले सकती हैं। शहर की पुरानी गलियों में घूमते हुए आपको खाने के कई ऑप्शन मिल जाएंगे। खास बात तो ये है कि इनके रेट भी बहुत ज्यादा नहीं होते हैं। बशर्ते में आप महंगे होटल में न जाएं।
यह भी पढ़ें- Amritsar Weekly Market: अमृतसर में इस दिन लगता है सबसे सस्ता बाजार, जूतियों से लेकर फुलकारियों तक; मिलेगा हर सामान
स्वर्ण मंदिर जाते समय इन बातों का जरूर रखें ध्यान
- गुरुद्वारे में सिर ढककर ही जाएं।
- सुबह या शाम के समय गोल्डन टेंपल का नजारा जरूर देखें।
- रात के समय सरोवर के पास समय जरूर बिताएं।
- गंदगी न फैलाएं।
- अमृतसर घूमने के लिए दो दिन का समय जरूर लेकर जाएं।
तो अगर आपको भी अभी तक लगता था कि अमृतसर में सिर्फ स्वर्ण मंदिर ही खास है तो हमने आपको यहां घूमने के लिए कई जगहों के बारे में जानकारी दी है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
All Image Credit- Incredible India
-1784094563829_m.webp)