भारतीय रेलवे अपनी ट्रेनों को लगातार अपग्रेड कर रहा है। इन दिनों दो ट्रेनों के नाम काफी सुर्खियों में है, वो है वंदे भारत एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस। दोनों ट्रेनों का मकसद यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर देना है, लेकिन इन दोनों का क्लास और यात्री वर्ग बिल्कुल अलग है।
मिनिस्ट्री ऑफ रेलवे के मुताबिक, वंदे भारत सर्विस को सेमी-हाई-स्पीड मॉडर्न ट्रेन के रूप में बनाया गया है और अमृत भारत सर्विस को मध्यम वर्ग के लोगों के लिए कम बजट में लंबी दूरी की यात्रा के लिए शुरू किया गया था। साल 2026 जुलाई तक भारतीय रेलवे के पास 162 वंदे भारत चेयर कार, 2 वंदे भारत स्लीपर और 72 अमृत भारत ट्रेनें ऑपरेट हो रही हैं। आइए जानते हैं दोनों के बीच का अंतर।
वंदे भारत और अमृत भारत में अंतर
आजकल बहुत से लोगों ने वंदे भारत और अमृत भारत में सफर किया होगा, लेकिन क्या आपको दोनों ट्रेनों में अंतर पता है। आइए यहां जानते हैं।
| फीचर | वंदे भारत एक्सप्रेस | अमृत भारत एक्सप्रेस |
| किसके लिए है | प्रीमियम क्लास यात्रियों के लिए | कम बजट वाले यात्रियों के लिए |
| AC / Non-AC | पूरी तरह AC ट्रेन | पूरी तरह Non-AC ट्रेन |
| कोच | AC चेयर कार, एक्जीक्यूटिव चेयर कार, AC स्लीपर | 11 जनरल, 8 स्लीपर, 1 पैंट्री कार |
| तकनीक | सेल्फ-प्रोपेल्ड, बिना इंजन के | पुश-पुल, दोनों तरफ इंजन |
| डिजाइन स्पीड | 180 किमी/घंटा | सामान्य ट्रेनों से तेज, लेकिन 160 नहीं |
| ऑपरेटिंग स्पीड | 160 किमी/घंटा तक | करीब 110-130 किमी/घंटा |
| किराया (1000 KM) | 3AC का बेसिक किराया - 2400 रुपये | स्लीपर - 538 रुपये, जनरल - 324 रुपये |
| कुल ट्रेनें (जुलाई 2026 तक) | 162 चेयर कार + 2 स्लीपर | 72 ट्रेनें |
1. वंदे भारत
- वंदे भारत चेयर कार में यात्रियों को AC चेयर कार और एक्जीक्यूटिव चेयर कार की सुविधा मिलती है। वहीं इसके नए स्लीपर वर्जन में लंबी दूरी के लिए AC स्लीपर कोच हैं।
- पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा से कामाख्या के बीच 22 जनवरी 2026 को शुरू हुई थी।
- वंदे भारत को खींचने के लिए अलग से इंजन नहीं लगता। इसके सभी कोच में मोटी लगी होती है।
- वंदे भारत की डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा और ऑपरेटिंग स्पीड 160 किमी प्रति घंटा है, लेकिन यह ट्रैक, सिग्नल और रूट पर निर्भर करती है। वंदे भारत स्लीपर की स्पीड भी इतनी ही है।
- वंदे भारत स्लीपर का किराया रेल मंत्रालय ने मार्च 2026 में बताया था कि 3AC का किराया 2.40 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से तय किया गया है, जिसमें GST शामिल नहीं है। यानी 1000 किमी के सफर के लिए करीब 2,400 रुपये बेसिक किराया लगेगा।
2. अमृत भारत
- अमृत भारत को मिडिल क्लास के लिए किफायती नॉन-AC ट्रेन के तौर पर डिजाइन किया गया है। इसमें 11 जनरल कोच, 8 स्लीपर कोच, 1 पैंट्री कार और 2 लगेज-कम-दिव्यांगजन कोच होते हैं।
- अमृत भारत पुश-पुल सिस्टम पर चलती है, जिसमें ट्रेन के दोनों सिरों पर इंजन लगा होता है। इससे ट्रेन तेजी से स्पीड पकड़ती है और समय की बचत होती है।
- अमृत भारत आम ट्रेनों से तेज है, लेकिन इसकी स्पीड वंदे भारत जितनी नहीं है। इसका फोकस तेज होने के साथ-साथ सस्ता सफर देना है।
- अमृत भारत का किराया रेलवे की नई लिस्ट के अनुसार 991 से 1000 किमी के लिए सेकेंड क्लास का बेसिक किराया 324 रुपये है।
- स्लीपर क्लास का किराया 538 रुपये है। यह किराया 1 जुलाई 2025 से लागू किया गया है। इसमें बाकी चार्ज अलग से जुड़ते हैं।
कुल मिलाकर वंदे भारत और अमृत भारत दोनों ही भारतीय रेलवे की मॉडर्न सोच का हिस्सा हैं, लेकिन दोनों का मकसद अलग है। अगर आपको प्रीमियम सुविधाओं चाहिए, तो वंदे भारत से ट्रेवल करें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
