राजस्थान भारत के खूबसूरत राज्यों में से एक है। यहां घूमने का मन तो बहुत लोगों का होता है, लेकिन एक साथ कई शहरों की ट्रिप करना पॉसिबल नहीं हो पाता। हम एक ट्रिप दो से तीन शहरों को ही कवर कर पाते हैं। कभी होटल की बुकिंग की चिंता होती है, तो कभी यह समझ नहीं आता कि किस शहर में पहले जाएं और कहां कितने दिन रुकें। ऐसे में अगर आप भी राजस्थान घूमने का प्लान बना रही हैं, लेकिन खुद से पूरी ट्रिप प्लान करने के झंझट में नहीं पड़ना चाहती, तो आपके लिए अच्छी खबर है।

दरअसल, IRCTC दिसंबर में राजस्थान घूमने का 10 दिन का पैकेज लेकर आया है। इसमें उदयपुर, जयपुर से लेकर जैसलमेर तक कई मशहूर जगहों को देखने का मौका मिलेगा। यानी कि उदयपुर, जयपुर की जो खूबसूरती आप रील में देखती थीं, उसे अब सच में देखने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि इस टूर में फ्लाइट, होटल, खाना और घूमने के लिए बस जैसी चीजें भी शामिल हैं। आइए जानते हैं IRCTC के राजस्थान टूर पैकेज की पूरी डिटेल्स-

5 दिसंबर से शुरू होगा IRCTC का राजस्थान टूर

आपको बता दें कि IRCTC के इस पैकेज का नाम 'हेरिटेज टूर ऑफ राजस्थान' है। यह 10 दिन का कम्फर्ट क्लास फ्लाइट टूर है, जो 5 दिसंबर 2026 से शुरू होगा। यह पैकेज भुवनेश्वर के आसपास रहने वाले लोगों के लिए है। इसमें भुवनेश्वर से जयपुर जाने और जोधपुर से वापस आने की फ्लाइट शामिल है। इस पूरे ट्रिप में राजस्थान के कई मशहूर शहर और घूमने की जगहें शामिल हैं। यानी आपको अलग-अलग शहरों के लिए होटल और आने-जाने का इंतजाम खुद नहीं करना होगा।

जयपुर से जैसलमेर तक घूमेंगे ये जगहें

इस टूर की शुरुआत जयपुर से होगी। इसके बाद पुष्कर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, माउंट आबू, जोधपुर और जैसलमेर जैसी जगहों पर घूमने का मौका मिलेगा। इस दौरान आप इन जगहों को देख सकेंगी-

  • जयपुर: यहां हवा महल, जंतर मंतर, सिटी पैलेस और आमेर किला घुमाया जाएगा। इसके अलावा चौकी धानी में राजस्थानी डिनर भी शामिल है।
  • पुष्कर: यहां ब्रह्मा मंदिर और पुष्कर झील देखने का मौका मिलेगा। शाम को शॉपिंग कर सकती हैं या अपने हिसाब से अजमेर दरगाह जा सकती हैं।
  • चित्तौड़गढ़: यहां का मशहूर किला और विजय स्तंभ भी कवर कराया जाएगा।
  • उदयपुर: यहां तीन रात रुकने का इंतजाम किया गया है। इस दौरान सिटी पैलेस के साथ माउंट आबू की नक्की लेक, दिलवाड़ा मंदिर, एकलिंगजी, हल्दीघाटी, रणकपुर मंदिर और कुंभलगढ़ किला भी घूम सकेंगे। उदयपुर की खूबसूरती जो आप रील्स में देखती थीं, इस ट्रिप के दौरान आप उदयपुर की खूबसूरत शाम को सामने से देखेंगी।
  • जोधपुर: यहां मेहरानगढ़ किला और उम्मेद भवन म्यूजियम देखने को मिलेगा। एक दोपहर अपने हिसाब से शहर घूमने के लिए भी मिलेगी।
  • जैसलमेर: यहां डीलक्स डेजर्ट कैंप में एक रात रुकने का मौका मिलेगा।

एक व्यक्ति के लिए कितना है किराया?

इस पैकेज का किराया इस बात पर डिपेंड करेगा कि आप अकेले जा रही हैं या किसी के साथ रूम शेयर कर रही हैं। दो या तीन लोगों के साथ जाने पर प्रति व्यक्ति खर्च कम हो जाता है।

ठहरने का तरीका प्रति व्यक्ति किराया
अकेले कमरा लेने पर 92,615
दो लोगों के साथ कमरा शेयर करने पर 72,050
तीन लोगों के साथ कमरा शेयर करने पर 67,840

आपको बता दें कि बच्चों के लिए किराया अलग है। 5 से 11 साल के बच्चे के लिए बेड के साथ 59,360 रुपये और बिना बेड के 53,250 रुपये देने होंगे। 2 साल तक के छोटे बच्चों का किराया बुकिंग के समय IRCTC ऑफिस में कैश जमा करना होगा। वहीं, 11 साल से ज्यादा उम्र के बच्चों का पूरा किराया लगेगा।

पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?

10 दिन के इस टूर में कई चीजों का खर्च पहले से ही पैकेज में शामिल कर लिया गया है। इसमें ये चीजें आपको मिलेंगी-

  • भुवनेश्वर से जयपुर और जोधपुर से वापसी की फ्लाइट टिकट।
  • सभी शहरों में 3 स्टार लेवल के होटल में रुकने का इंतजाम।
  • जैसलमेर में डीलक्स डेजर्ट कैंप में एक रात का स्टे।
  • रोज सुबह का नाश्ता और रात का खाना।
  • घूमने के लिए एसी बस।
  • पूरे सफर के दौरान टूर मैनेजर।
  • ट्रैवल इंश्योरेंस।

हालांकि, कुछ खर्च इस पैकेज में शामिल नहीं हैं। जैसे दोपहर का खाना आपको खुद ही देखना होगा। इसके अलावा किलों और मंदिरों के एंट्री टिकट, टूर गाइड, फ्लाइट के अंदर का खाना-पीना और पर्सनल खर्च भी आपको अपनी जेब से करने होंगे।

बुकिंग से पहले इन बातों का रखें ध्यान

इस टूर में जाने से पहले कुछ जरूरी बातें जान लेना अच्छा रहेगा। यह ग्रुप टूर है, इसलिए आपको पूरे ट्रिप में ग्रुप के तय समय के हिसाब से चलना होगा। इसमें वेब चेक-इन की सुविधा भी नहीं मिलेगी। अगर परिवार में कोई बुजुर्ग इस ट्रिप पर जा रहा है, तो बुकिंग से पहले उनका मेडिकल चेक-अप जरूर करा लें।

कुल 29 सीटों के लिए ही है यह पैकेज

IRCTC के इस राजस्थान टूर में कुल 29 सीटें रखी गई हैं। अगर आप दिसंबर में राजस्थान के महल, किले, मंदिर और रेगिस्तान एक ही ट्रिप में घूमना चाहती हैं, तो इस पैकेज के बारे में जानकारी ले सकती हैं। बुकिंग और बाकी जानकारी के लिए IRCTC की वेबसाइट irctctourism.com पर जा सकती हैं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।