मसूरी घूमने आने वाले ज्यादातर यात्री धनौल्टी घूमने का प्लान जरूर बनाते हैं। दोनों के बीच की दूरी लगभग 30 से 35 किमी है। इस जगह की खास बात यह है कि यहां आपको मसूरी जितनी भीड़ देखने को नहीं मिलेगी और न ही यहां आप घंटों तक लंबे जाम में फंसेंगी । उत्तराखंड के मसूरी घूमने आने वाले लोग अक्सर गाड़ियों के हॉर्न और घंटों जाम से बचने के लिए धनौल्टी जाने का प्लान करते हैं। यहां आपको सुकून और शांति मिलेगी साथ ही यहां होटल भी ज्यादा महंगे नहीं हैं। धनौल्टी घूमने आने वाले यात्री Eco Park में समय बिताने जरूर जाते हैं। यह यहां की सबसे खूबसूरत और सबसे फेमस जगहों में से एक है। आप भी अगर मसूरी से इस पार्क में घूमने आ रही हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम आएगा। आज के इस आर्टिकल में हम आपको यहां कैसे पहुंचना है और इस जगह की क्या खासियत है? इसके बारे में विस्तार से बताएंगे।

मसूरी से Eco Park कितना दूर है?

मसूरी से इको पार्क पहुंचने में आपको लगभग 1:30 घंटे का समय लग जाएगा। यह जगह धनौल्टी के मेन मार्केट और वन विश्राम गृह के पास है। इस मार्केट से पार्क की दूरी लगभग 300 से 400 मीटर है। आप मार्केट से पैदल भी इको पार्क घूमने जा सकती हैं। अगर आप मसूरी से धनौल्टी आ रही हैं और बीच में कहीं भी नहीं रुकती हैं, तो लगभग 1 घंटे में भी यहां पहुंच सकती हैं।

धनौल्टी का Eco Park क्यों खास है?

  • यहां आपको चारों तरफ ऊंचे-ऊंचे पेड़ और हरा-भरा नजारा देखने को मिलेगा।
  • साफ मौसम और तरह-तरह की एक्टिविटी भी कर पाएंगी।
  • शांत वातावरण और भीड़ भी ज्यादा नहीं मिलेगी।
  • बैठने के लिए चेयर और झूले लगे हैं, जहां अकेले समय बिता सकती हैं।
  • फोटोग्राफी और नेचर वॉक के लिए जगह बेस्ट है।

मसूरी से इको पार्क कैसे जाएं?

यहां घूमने आने वाले ज्यादातर लोग अपनी गाड़ी से घूमने आते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि बस या शेयरिंग टैक्सी के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ता है। अपनी कार या बाइक से यहां आ रही हैं, तो आप मसूरी-चंबा रोड पकड़ते हुए आगे आएं। मसूरी से निकलते समय आपको ट्रैफिक मिल सकता है, इसलिए यहां पहुंचने में थोड़ा समय लग जाएगा।

मसूरी से धनौल्टी का रास्ता कैसा है?

  • यहां की सड़कें अच्छी बनी हुई है और आस-पास का नजारा भी खूबसूरत है।
  • यह रास्ता पाइन और देवदार के पेड़ों से होकर गुजरता है, इसलिए और भी ज्यादा अच्छा लगता है।
  • पहाड़ी रास्ता होने के कारण कई जगहों पर मोड़ खतरनाक और पतले हैं, इसलिए ध्यान से गाड़ी चलाएं।
  • कोहरे या बारिश के दौरान ज्यादा सावधानी बरतें।

धनौल्टी के इको पार्क से जुड़ी जरूरी जानकारी

यह पार्क दो हिस्सों में बंटा है। जिसका नाम Amber Eco Park और Dhara Eco Park है। यह पार्क लगभग 13 हेक्टेयर के क्षेत्र में फैला हुआ है। पार्क के दोनों हिस्सों की दूरी लगभग 200 मीटर है। यहां आने वाले लोग पार्क से लगभग 7 किमी की दूरी पर स्थित सुरकंडा देवी मंदिर घूमने के लिए जरूर जाते हैं।

  • इको पार्क खुलने का समय- सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे
  • इको पार्क टिकट प्राइस- प्रति व्यक्ति 50 रुपये
  • बच्चों के लिए टिकट प्राइस- 30 रुपये
  • एडवेंटर एक्टिविटी का टिकट प्राइस- 100 रुपये से शुरू होता है।
  • पार्किंग- 2 पहिया वाहनों के लिए 10 रुपये, कार पार्किंग के लिए 20 रुपये
  • पार्क में घूमने का कुल समय- लगभग 2 घंटे

कुछ यात्रियों को लगता है कि धनौल्टी, मसूरी में ही स्थित है, लेकिन ऐसा नहीं है। यह एक अलग हिल स्टेशन है, जो उत्तराखंड राज्य के टिहरी गढ़वाल जिले में स्थित है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit : magnific