साल 2026 में Shardiya Navratri की शुरुआत कल यानी 11 अक्‍टूबर से हो रही है। ऐसे में मां दुर्गा के दर्शन करने के लिए देशभर से लोग Vaishno Devi के दर्शन करने का प्‍लान बनाते हैं। इस दौरान कटरा से लेकर भवन तक भक्तों की काफी भीड़ देखने को मिलती है। ऐसे में अगर आप भी इस साल वैष्णो देवी जाने का प्लान बना रही हैं, तो सिर्फ टिकट बुक करके निकल जाना काफी नहीं है।

ट्र‍िप से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। अगर आपने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया, मौसम की जानकारी नहीं ली या बिना तैयारी के चढ़ाई शुरू कर दी, तो रास्ते में परेशानी हो सकती है। इसलिए यात्रा पर निकलने से पहले जान लें कि कौन-सी गलतियां आपको भारी पड़ सकती हैं और किन बातों का ध्यान रखकर आप अपनी ट्र‍िप को आसान बना सकती हैं। आइए जानते हैं-

Vaishno Devi यात्रा में रजिस्ट्रेशन जरूरी

वैष्णो देवी की यात्रा शुरू करने से पहले हर यात्री को रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होता है। इसके बाद मिलने वाला RFID यात्रा कार्ड अपने पास रखना होता है। बिना इस कार्ड के यात्रा को शुरू करने की इजाजत नहीं म‍िलती है। आप श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं या कटरा में रजिस्ट्रेशन काउंटर पर जाकर भी यह काम करवा सकती हैं। हालांक‍ि, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी यात्रा शुरू करने से पहले आपको फ‍िक्‍स काउंटर पर जाकर RFID कार्ड लेना जरूरी होता है। इसलिए घर से निकलने से पहले नियम जरूर देख लें।

Navratri में वैष्णो देवी जाने से पहले भीड़ की जानकारी चेक करें

नवरात्रि‍ के दिनों में हजारों लाखों भक्‍त वैष्णो देवी दर्शन करने के ल‍िए जाते हैं। ऐसे में आपको दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ेगा। इसलिए बिना जानकारी लिए सीधे कटरा पहुंचने की गलती न करें। श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर यात्रा से जुड़ी ताजा जानकारी देख लें। अगर वहां ज्यादा भीड़ या वेटिंग हो, तो उसी हिसाब से अपना प्लान बनाएं। होटल, वापसी की ट्रेन या बस की टाइमि‍ंग देखते हुए ध्यान रखें कि दर्शन में देरी हो सकती है।

मौसम का अपडेट ले लें

वैष्णो देवी की यात्रा पहाड़ों पर होती है। पहाड़ों पर मौसम कभी भी बदल जाता है। ऐसे में मौसम की जानकारी देखकर ही ट्र‍िप प्‍लान करें। साथ ही श्राइन बोर्ड की एडवाइजरी भी देख लें।

बिना तैयारी के न शुरू करें वैष्णो देवी की चढ़ाई

आपको बता दें क‍ि कटरा से वैष्णो देवी (भवन) की चढ़ाई लगभग 12 से 14 किलोमीटर की है। ऐसे में भीड़ के कारण समय तो लगता ही है, साथ ही मेहनत भी एक्स्‍ट्रा हो जाती है। ऐसे में अगर आप बिना आराम किए या अपनी क्षमता का ध्यान रखे चढ़ाई शुरू कर देंगी, तो रास्ते में थकान होगी। इसके ल‍िए कंफर्टेबल शूज पहनें। साथ में बैग में पानी, ड्राई नाश्‍ता, जरूरी दवाइयां और रेनकोट भी रख लें। रास्ते में थोड़ी-थोड़ी देर में आराम भी करें।

वैष्णो देवी यात्रा में शॉर्टकट लेने की गलती न करें

कई लोग जल्दी दर्शन करने के चक्कर में किसी दूसरे रास्ते या शॉर्टकट पर चले जाते हैं। यह तरीका आप पर ही भारी पड़ सकता है। ऐसे में यात्रा के लिए तय क‍िए गए रास्तों का ही इस्तेमाल करें। साथ ही सुरक्षा न‍ियमों का पालन करें। अगर भीड़ के कारण रास्ते में रुकना पड़े या प्रशासन की तरफ से कोई निर्देश मिले, तो उसका भी पालन करें। रास्ते में अगर आपको कोई परेशानी हो तो श्राइन बोर्ड के कर्मचारी, मेडिकल स्टाफ या सुरक्षा कर्मियों से मदद लें।

वैष्णो देवी यात्रा पर निकलने से पहले ये बातें भी रखें ध्यान

अगर आव वैष्‍णो देवी की यात्रा करने वाली ह‍ैं, तो कुछ बातों का ध्‍यान रखना होगा। जैसे-

  • अपनी आईडी कार्ड और यात्रा से जुड़े जरूरी दस्तावेज साथ रखें।
  • फोन चार्ज रखें और परिवार के लोगों को अपने यात्रा प्लान की जानकारी दें।
  • बहुत ज्यादा सामान लेकर न चलें, क्योंकि चढ़ाई के दौरान भारी बैग से आप परेशान हाेंगी।
  • रास्ते में लगे बोर्ड और सुरक्षा से जुड़े निर्देशों को ध्यान से पढ़ें।
  • किसी तरह की परेशानी होने पर मदद मांगने में देर न करें।
  • यात्रा से पहले श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट maavaishnodevi.org पर जानकारी देख लें।

नवरात्रि‍ में मां वैष्णो देवी के दर्शन की अपनी अलग एक्‍साइटमेंट होती है, लेकिन ज्यादा भीड़ के कारण यात्रा में देर भी हो सकती है। इसलिए पहले से तैयारी करें, जरूरी नियमों का पालन करें। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Cover Image Credit- AI