देश की राजधानी दिल्‍ली की सैर डीटीसी के बिना अधूरी है।अगर आप दिल्‍ली में रहती हैं, तो डीटीसी के बारे में आपको अच्‍छी तरह से पता होगा। डीटीसी दिल्‍ली की सड़कों पर दौड़ती लाइफलाइन, जिसमें रोजाना लाखों की संख्‍या में यात्री सफर करते हैं। देश की राजधानी दिल्‍ली की बात डीटीसी के बिना अधूरी है। दिल्ली परिवहन की ओर से संचालित इस बस सेवा ने साल 1948 से लेकर आज तक कई बड़े बदलाव देखे हैं।

पहले इसे DTS के नाम से जाना जाता था, फिर DRTA, उसके बाद DTU, और 1971 से इसका नाम Delhi Transport Corporation (डीटीसी) है। समय के साथ डीटीसी की बसों के रंग और तकनीक में भी जबरदस्‍त बदलाव देखने को मिला है। कभी डबल डेकर, कभी लाल-हरी बसों से लेकर आज डीटीसी का बेड़ा आधुनिक नीली इलेक्ट्रिक बसों में शुमार हो गया है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं, कैसे समय के साथ डीटीसी ने अपनी पहचान बदली है?

कभी दिल्ली से लाहौर तक चलती थी डीटीसी की बसें

मई 1948 में दिल्ली परिवहन निगम यानी डीटीसी की शुरुआत हुई। शुरुआत में डीटीसी केवल राजधानी में ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों में भी बसें चलाती थी। बहुत कम लोगों को पता है कि दिल्ली और लाहौर के बीच चलने वाली ऐतिहासिक बस सेवा भी डीटीसी चलाती थी।

60 के दशक में सड़कों पर दौड़ने लगी डबल डेकर बस

Image Credit: DTC

बदलती दिल्‍ली के इंफ्रास्ट्रक्चर ने आज काफी कुछ बदलकर रख दिया है। अगर कुछ नहीं बदला तो पुरानी यादें। डीटीसी दिल्‍ली में घूमने का सबसे पुराना साधन है। डीटीसी ने सबसे पहले 60 के दशक में डबल डेकर बस राजधानी की सड़कों पर उतारी। शादीपुर डिपो से दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी ईस्ट पटेल नगर, सरोजिनी नगर आदि के रूट बहुत खास होते थे।

आपको ये जानकर बहुत ताज्‍जुब होगा कि उस समय इसका किराया महज 5 पैसे हुआ करता था।इसी बेड़े में रूट नंबर 50 सरोजिनी नगर डिपो से रीगल अब (जंतर-मंतर), बस नंबर- 89 सरोजिनी नगर डिपो से रोहतक रोड, रूट नंबर- 610 आरके पुरम से दफ्तर अब (केन्द्रीय ट्रमिनल) और तीव्र मुद्रिका लाजपत नगर तक जाती थी। इन बसों की खासियत थी कि इसमें ड्राइवर का पर्सनल केबिन बस के अगले हिस्‍से से जुड़ा होता था। इतना ही नहीं उन दिनों दिल्‍ली के छात्रों के लिए महज 12.50 रुपये का स्‍टूडेंट बस पास बनता था।

जब पहली बार सड़क पर उतारी सीएनजी बसें

दिल्‍ली सरकार ने साल 1990 में प्रदूषण की समस्या को देखते हुए राजधानी में पहली बार हरे रंग की सीएनजी बसों को उतारा। इन बसों का उद्देश्य यात्रियों को सुविधा देने के साथ-साथ दिल्ली के पर्यावरण का ध्यान भी रखना था।

साल 2022 में लांच हुई इलेक्ट्रिक बसें

Image Credit: Shutterstock

दिल्ली में 17 जनवरी, 2022 को इलेक्ट्रिक बसों को चलाया गया। 12 मीटर वाली नीले रंग की इलेक्ट्रिक बसें चलाई गईं। इसके बाद साल 2024 में हरे रंग की इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारी गई। दो साल पूर्व ही 2024 में दिल्ली की सड़कों पर देवी नाम की इलेक्ट्रिक बसों को लांच किया गया है।

डीयू स्टूडेंट्स के लिए यू स्‍पेशल बसों की व्‍यवस्‍था

डीयू से हर वर्ष बड़ी संख्‍या में स्‍टूडेंट पास आउट होते हैं। ऐसे छात्र जो दिल्‍ली के दूर-दराज के इलाकों से डीयू में पढ़ाई करने के लिए आते हैं। उनकी सुविधा को ध्‍यान में रखते हुए डीटीसी की यू-स्‍पेशल बसें चलाई जाती हैं, जिसमें केवल डीयू के स्‍टूडेंट ही जा सकते हैं। इसके लिए स्‍पेशल रियायती पास डीयू कैंपस या डीटीसी डिपो में जाकर बनवाया जा सकता है।

समय तेजी से बदलता है और इसके साथ ही बहुत सी चीजों में बदलाव भी देखने को मिलता है। हमने आपको दिल्‍ली की मशहूर डीटीसी बसों के बारे में जरूरी जानकारी दी। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: dtc, Shutterstock