अगर आप दिल्ली में रहती हैं और इस बार छठ पूजा की असली रौनक देखना चाहती हैं, तो बिहार की ट्र‍िप आपके लिए यादगार हो सकती है। छठ के दिनों में यहां घाटों पर सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो जाती है। शाम को डूबते सूरज को अर्घ्य देने के लिए लोग परिवार के साथ घाटों पर पहुंचते हैं। चारों तरफ छठ के गीत सुनाई देते हैं और सजे हुए घाटों का नजारा देखने लायक होता है।

इस साल की छठ पूजा 13 से 16 नवंबर 2026 तक मनाई जाएगी। ऐसे में अगर आप बिहार जाने का प्लान बना रही हैं, तो टिकट से लेकर होटल, घूमने की जगहों और खाने-पीने तक की तैयारी पहले कर लें। हम आपको पूरा ट्रैवल गाइड बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

image credit- incredible india

दिल्ली से बिहार कैसे पहुंचें?

छठ देखने के लिए पहली बार बिहार जा रही हैं, तो पटना को अपना बेस बना सकती हैं। यहां पहुंचने के लिए आपके पास ट्रेन, फ्लाइट और बस का ऑप्शन है।

  • ट्रेन से: दिल्ली से पटना के लिए कई ट्रेनें मिल जाती हैं। आप नई दिल्ली या आनंद विहार टर्मिनल से अपनी डेट के हिसाब से ट्रेन देख सकती हैं। छठ के समय यात्रियों की भीड़ ज्यादा रहती है, इसलिए टिकट पहले से बुक कर लें।
  • फ्लाइट से: दिल्ली से पटना के लिए आपको डायरेक्‍ट फ्लाइटें भी म‍िल जाएंगी। पटना एयरपोर्ट पहुंचने के बाद टैक्सी या कैब से होटल जा सकती हैं।
  • सड़क से: अगर आप अपनी कार से जाना चाहती हैं, तो दिल्ली से पटना के ल‍िए अच्‍छी सड़कें हैं। हालांकि‍, यहां की दूरी करीब 1200 क‍िलोमीटर के आसपस है। ऐसे में निकलने से पहले रूट और ट्रैफिक की स्‍थ‍ित‍ि देख लें।

पटना में कहां देखें छठ पूजा की रौनक?

बिहार में छठ पूजा की असली रौनक देखनी है, तो पटना ही बेस्‍ट ऑप्‍शन है। यहां पर गंगा किनारे कई घाट हैं, जहां छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग पूजा करने आते हैं। घाटों पर सजावट, छठ के गीत और अर्घ्य का नजारा देखने लायक होता है।

  • गांधी घाट: पटना के सबसे फेमस घाटों में से एक है गांधी घाट। यह गंगा किनारे बना ऐसा घाट है, जहां आम दिनों में भी लोग घूमने आते हैं। बिहार पर्यटन के मुताबिक, यहां तक पहुंचने के लिए गांधी मैदान से पटना सिटी की तरफ जाने वाले शेयर ऑटो ले सकती हैं। आप छठ की पूजा की असली रौनक देख सकती हैं।
  • कलेक्ट्रेट घाट और गायघाट: छठ के समय पटना के इन घाटों पर खूब चहल-पहल रहती है। यहां भी आप छठ पूजा की रौनक देख सकती हैं। आप हल्दी छपरा गंगा घाट, महावीर टोला, बदल टोला और नया टोला जैसे घाटों पर भी जा सकतरी हैं।

समय हो तो यहां भी देखें छठ की रौनक

आपको बता दें क‍ि छठ पूजा में घाटों पर बहुत भीड़ होती है। इसलिए किसी भी घाट पर जाने से पहले लोकल प्रशासन की जानकारी लें और बैरिकेडिंग या मना किए गए रास्तों को पार न करें। इसके अलावा अगर आपके पास पटना के अलावा किसी दूसरी जगह जाने का समय है, तो औरंगाबाद जिले के देव में बने सूर्य मंदिर जा सकती हैं। यह जगह छठ पूजा के लिए काफी फेमस है।

image credit- magnific

यहां हर साल छठ के मौके पर हजारों लोग सूर्य देव की पूजा करने के ल‍िए आते हैं। यह मंदिर औरंगाबाद से करीब 10 किलोमीटर दूर है और पटना से इसकी दूरी लगभग 160 किलोमीटर है। ऐसे में यहां जाने के लिए आप पटना से टैक्सी या बस ले सकती हैं। बस ध्यान रखें कि देव में छठ के समय बहुत भीड़ होती है। इसलिए यहां जाने का प्लान बनाएं, तो होटल और आने-जाने का इंतजाम पहले कर लें।

पटना में छठ घाट के अलावा कहां-कहां घूमें?

अगर आप बिहार आई हैं, तो सिर्फ घाट देखकर वापस न लौटें। पटना में कुछ ऐसी जगहें भी हैं, जहां घूमने जा सकती हैं।

  • गोलघर: यह पटना की मशहूर पुरानी इमारतों में से एक है। यहां की घुमावदार सीढ़ियों से ऊपर जाकर आप शहर का नजारा देख सकती हैं।
  • बिहार म्यूजियम: अगर आपको इतिहास और पुरानी चीजों में दिलचस्पी है, तो यहां जा सकती हैं। यहां बिहार से जुड़ी कई चीजें देखने को मिलेंगी।
  • तख्त श्री हरिमंदिर साहिब: पटना साहिब का यह गुरुद्वारा सिखों के पांच बड़े धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां गुरु गोबिंद सिंह का जन्म हुआ था।
  • बुद्ध स्मृति पार्क: अगर आपको शांत‍ि से कुछ समय ब‍िताना है तो पटना जंक्शन के पास बने इस पार्क में जा सकती हैं।

पटना में कहां रुकें?

छठ के समय पटना में बाहर से आने वाले लोगों की काफी भीड़ होती है। इसलिए होटल आखिरी समय पर ढूंढने के बजाय पहले से बुक कर लेंगी तो बेहतर रहेगा। अगर आप पहली बार पटना जा रही हैं, तो गांधी मैदान और शहर के बीच में होटल देख सकती हैं। क्‍योंकि यहां से कई घूमने वाली जगहों तक पहुंचना आसान रहता है।

image credit- pexels

बिहार में क्या-क्या खाना न भूलें?

बिहार घूमने जाएं और वहां का खाना न चखें, ऐसा कैसे हो सकता है। यहां के कुछ ऐसे जायके हैं, जिन्हें आपको जरूर चखना चाह‍िए।

  • लिट्टी-चोखा: बिहार का नाम आते ही सबसे पहले लिट्टी-चोखा का ही याद आता है। ऐसे में सत्तू से भरी लिट्टी को चोखे और घी के साथ जरूर खाएं।
  • सत्तू पराठा: सत्तू और मसालों से भरा यह पराठा नाश्ते के लिए सही रहेगा।
  • दाल पीठा: चावल के आटे से बनने वाली इस डिश में दाल की भरावन होती है। इसे भी आप खा सकती हैं।
  • ठेकुआ: छठ का खास प्रसाद ठेकुआ भी है। इसे आटे और गुड़ से बनाया जाता है। आप इसे भी जरूर खाएं।
  • खाजा: अगर आपको मीठा पसंद है, तो खाजा जरूर चखें। सिलाव का खाजा भी काफी मशहूर है।

छठ पूजा के चार दिन का प्लान ऐसे बनाएं

अगर आप छठ पूजा के चारों दिन बिहार में रहना चाहती हैं, तो इस तरह अपनी ट्र‍िप की प्‍लान‍िंग कर सकती हैं।

  • 13 नवंबर- नहाय-खाय: इस दिन से छठ पूजा की शुरुआत हो रही है। आप पटना पहुंचकर होटल में चेक-इन करें और आसपास की जगहों को देख सकती हैं।
  • 14 नवंबर- खरना: इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखती हैं और शाम को पूजा के बाद प्रसाद खाती हैं। इस दिन घाटों के आसपास की तैयारियां भी देख सकती हैं।
  • 15 नवंबर- संध्या अर्घ्य: छठ का यह सबसे खास नजारा होता है। शाम को व्रती डूबते सूरज को अर्घ्य देती हैं। घाटों पर छठ के गीत और पूजा का माहौल देखने लायक होता है।
  • 16 नवंबर- उषा अर्घ्य: सुबह सूरज निकलने से पहले ही लोग घाटों पर पहुंचने लगते हैं। उगते सूरज को अर्घ्य देने के बाद छठ पूजा पूरी होती है।

छठ के समय बिहार जाएं तो इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप छठ पूजा के दौरान ब‍िहार जा रही हैं, तो कुछ बाताें का ध्‍यान रखें। जैसे-

  • छठ के दिनों में होटल और ट्रेन की टिकट पहले से बुक करें।
  • घाट पर जाने से पहले प्रशासन से सुरक्षित घाट की जानकारी लें।
  • भीड़ के बीच बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।
  • पूजा करने वाले लोगों के रास्ते में न खड़े हों और उनकी पूजा में रुकावट न डालें।
  • घाट पर कूड़ा न फैलाएं और नदी में प्लास्टिक या दूसरी चीजें न फेंकें।
  • सुबह के अर्घ्य के लिए होटल से निकलने का इंतजाम पहले ही कर लें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI