हमारे भारत में पहनावा केवल फैशन का जरिया नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, पहचान और परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। साड़ी की हर प्लेट और उसके साथ पहना जाने वाला हर आभूषण अपनी एक अलग कहानी बयां करता है। आज हम बात कर रहे हैं बंगाली संस्कृति की। यहां महिलाओं द्वारा साड़ी के पल्लू में चाबियों का गुच्छा बांधने की एक बेहद प्राचीन और अनोखी परंपरा रही है। आज के दौर में भले ही यह सिर्फ चाबियों को संभालकर रखने का एक आसान तरीका लगे, लेकिन इतिहास में इसका महत्व बेहद खास था। यह छोटा सा चाबियों का गुच्छा घर में महिला के अधिकार, भरोसे, आर्थिक जिम्मेदारी और ऊंचे पद का प्रतीक माना जाता था। आइए जानते हैं इस दिलचस्प और गौरवशाली परंपरा के पीछे छुपा असली राज।

घर की बागडोर और सत्ता का प्रतीक

बता दें कि पारंपरिक बंगाली परिवारों में, विशेष रूप से 19वीं और 20वीं शताब्दी के दौरान, घर की सबसे बड़ी बहू या गृहलक्ष्मी को ही चाबियों का गुच्छा सौंपा जाता था। पल्लू में बंधी चाबी इस बात का प्रमाण होती थी कि घर की तिजोरी, अनाज के भंडार, अलमारी और ज्वेलरी की सुरक्षा की जिम्मेदारी उस महिला के हाथों में है। 

जब सास अपनी बहू को चाबियों का गुच्छा सौंपती थी, तो यह केवल जिम्मेदारियों का ट्रांसफर नहीं था, बल्कि परिवार में उसे सर्वोच्च पद देने का प्रतीक था।

घर के बजट और संपत्ति की सुरक्षा 

पुराने समय में आज की तरह बैंक लॉकर या डिजिटल पेमेंट की व्यवस्था नहीं हुआ करती थी। घर की सारी कीमती वस्तुएं लकड़ी के संदूकों या लोहे की तिजोरियों में ही सुरक्षित रखी जाती थीं। ऐसे में महिलाएं पूरे घर के दैनिक खर्चों, नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेजों और खान-दान की पुश्तैनी जेवर की देखरेख करती थीं। साड़ी के पल्लू या कमर में चाबियों को बांधकर रखने से वे हमेशा आसानी से मिल जाती थीं और उनके गुम होने या चोरी होने का रिस्क बिल्कुल खत्म हो जाता था।

रवींद्रनाथ टैगोर के उपन्यासों में जिक्र

बंगाल के बड़े जमींदार परिवारों की हवेलियों में कई स्टोररूम, रसोईघर और तिजोरियां होती थीं। पल्लू में बंधी चाबियों की संख्या और उनकी झंकार से ही महिला के प्रभाव और परिवार के आकार का अंदाजा लग जाता था।

रवींद्रनाथ टैगोर और शरतचंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यासों से लेकर सत्यजीत रे की क्लासिक फिल्मों तक, गृहिणी के पल्लू में बंधी चाबियों की छन-छन को एक संभ्रांत और जिम्मेदार महिला की पहचान के रूप में बखूबी दिखाया गया है।

मॉडर्न फैशन में चाबी का नया अवतार

समय बदलने के साथ यह प्राचीन परंपरा अब एक स्टाइलिश फैशन स्टेटमेंट का रूप भी ले चुकी है।

  • सेलिब्रिटी स्टाइल: बता दें कि अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने दुर्गा पूजा के सिंदूर खेला उत्सव में अपनी लाल-सफेद साड़ी पहनी थी, जिसमें उन्होंने साड़ी के पल्लू में चाबियों के गुच्छे की जगह एक लग्जरी ब्रांड का 'की-चार्म' कैरी की।बंगाली संस्कृति हुई उजागर उनके इस अनोखे लुक ने एक बार फिर बंगाली संस्कृति की इस खूबसूरत और ऐतिहासिक परंपरा को मॉडर्न फैशन लवर्स के बीच ट्रेंड में ला दिया।
  • क्लासिक अंदाज: फिल्म 'परिणीता' में ललिता यानी विद्या बालन का पारंपरिक बंगाली लुक बेहद क्लासिक और पुराना अंदाज लिए हुए है, जिसमें उन्होंने अपनी साड़ी की कमर पर पारंपरिक 'चाबी का गुच्छा' लटकाया था। यह बंगाली और पुराने समय के की घर की मालकिन या अधिकार का प्रतीक माना जाता है।
बंगाली महिलाओं द्वारा साड़ी के पल्लू में चाबी बांधने का रिवाज सिर्फ फैंशन नहीं, बल्कि स्त्री सशक्तिकरण और परिवार के भरोसे की एक अटूट पहचान है। यह परंपरा इस बात का सबूत है कि भारतीय समाज में हमेशा से घर की खुशहाली और सुरक्षा महिलाओं के मजबूत कंधों पर ही टिकी रही है।

यह भी पढ़ें- 57 की उम्र में अनीता मिश्रा ने शुरू किया कंटेंट क्रिएशन, आज लाखों लोगों की बनीं प्रेरणा

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific