उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल (IAS Divya Mittal) ने जून में इस्‍तीफा दे द‍िया था। उन्होंने IAS की करीब 13 साल की नौकरी के बाद सरकारी सेवा छोड़ने का फैसला लिया था। इस्तीफा देते समय वह उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में स्पेशल सेक्रेट्री के पद पर काम कर रही थीं। दिव्या ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने इस फैसले की जानकारी दी थी।

अब द‍िव्‍या म‍ित्तल राजनीत‍ि में एंट्री लेने जा रही हैं। वह क‍िसी पार्टी का ह‍िस्‍सा नहीं बनेंगी बल्‍क‍ि राजनीत‍ि में अपनी ही एक अलग पहचान बनाएंगी। आइए जानते हैं इसके बारे में- 

राजनीत‍ि में एंट्री ले रही ह‍ैं दि‍व्या म‍ित्तल

पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने 13 साल की सरकारी नौकरी छोड़ने के बाद अब राजनीति में कदम रखने का मन बना लिया है। उन्होंने अपने एक नए वीडियो संदेश के जरिए यह साफ कर दिया है कि वह किसी भी बड़ी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगी बल्कि अपनी एक नई और अलग राजनीतिक राह खुद बनाएंगी।

 

दिव्या मित्तल अपनी इस नई सियासी पारी की शुरुआत उत्तर प्रदेश से करने जा रही हैं। प्रशासनिक सेवा में रहते हुए वह अपनी सख्त और जनता से जुड़ी कार्यशैली के लिए जानी जाती थीं। अब देखना यह होगा कि बिना किसी राजनीतिक दल के समर्थन के वह अपनी इस नई यात्रा से यूपी की राजनीति में कितना बड़ा असर डाल पाती हैं।

कौन हैं दिव्या मित्तल?

आपको बता दें क‍ि दिव्या मित्तल का जन्म 23 नवंबर 1983 को हर‍ियाणा में हुआ था। उनके होम डिस्ट्रिक्ट के तौर पर नई दिल्ली का नाम सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है। उन्होंने IIT दिल्ली से B.Tech की पढ़ाई की और इसके बाद IIM बेंगलुरु से PGDM किया। जब उनकी पढ़ाई पूरी हो गई तब उन्‍होंने लंदन में काम किया। उनके पति गगनदीप सिंह भी IAS अधिकारी थे। दोनों ने शादी के बाद लंदन में नौकरी की थी। हालांकि कुछ समय बाद दोनों ने विदेश की नौकरी छोड़कर भारत वापस आने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की।

लंदन की नौकरी छोड़ UPSC की राह चुनी

दिव्या के पास पढ़ाई और करियर के लिहाज से एक अच्छा मौका था। IIT और IIM से पढ़ाई के बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की, लेकिन वह लंबे समय तक विदेश में नहीं रहना चाहती थीं। जब वह भारत लौट आईं तब उन्‍होंने UPSC की तैयारी शुरू कर दी। साल 2012 में उन्होंने UPSC की परीक्षा पास कर ली और उनका सेलेक्‍शन IPS के लिए हो गया, लेकिन वो IAS बनना चाहती थीं। इसलिए उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी।

आखिरकार 2013 में उनका IAS में सेलेक्‍शन हो गया। उन्होंने 2 सितंबर 2013 को IAS जॉइन किया। मसूरी में IAS की ट्रेनिंग के दौरान भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। बताया जाता है क‍ि द‍िव्या म‍ित्तल को दो साल के ट्रेनिंग कंपोनेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए अशोक बंबावले पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया था।

मेरठ से शुरू हुआ था IAS का सफर

जब द‍िव्या म‍ित्तल IAS बनीं , तब उनकी पहली पोस्टिंग ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के तौर पर मेरठ में हुई थी। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग जगहों पर कई जिम्मेदारियां संभालीं। वह गोंडा में चीफ डेवलपमेंट ऑफिसर रहीं। इसके बाद कानपुर नगर में यूपीएसआईडीसी की ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर बनीं। इसके बाद उन्‍होंने बरेली डेवलपमेंट अथॉरिटी की वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाली। बरेली के बाद उनका ट्रांसफर हो गया और वह संत कबीर नगर की DM बनीं। बाद में वो मीरजापुर और फिर देवरिया की जिलाधिकारी बनीं।

मीरजापुर की DM रहते मिली अलग पहचान

दिव्या मित्तल की पहचान सबसे ज्यादा तब हुई थी जब वह मीरजापुर में DM थीं। उन्होंने 17 सितंबर 2022 को मीरजापुर के जिलाधिकारी का पद संभाला और करीब एक साल तक इस पद पर रहीं। इस दौरान वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्‍ट‍िव रहीं। वह लोगों की समस्याओं को सुनने और प्रशासन से जुड़े कामों की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाने के लिए जानी गईं। बताया जाता है क‍ि उन्‍हाेंने मीरजापुर के लहुरियादह गांव में पानी पहुंचाने का काम क‍िया। यही उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा। इसके अलावा उन्होंने कजली त्योहार के लिए छुट्टी का ऐलान भी किया था।

इतना ही नहीं, चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग के समय उनका एक वीडियो भी खूब वायरल हुआ था। इसमें वह मंच पर एक छोटी बच्ची के साथ डांस करती नजर आई थीं। इसके बाद मीरजापुर से उनका ट्रांसफर हो गया। इस दौरान वहां के लोगों ने उन्हें भावुक होकर विदाई दी थी।

देवरिया के बाद राजस्व विभाग पहुंचीं द‍िव्‍या मि‍त्तल

मीरजापुर के बाद दिव्या म‍ित्तल लखनऊ में कुछ समय रहीं और फिर उत्तर प्रदेश सरकार से जुड़ी अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। 13 जुलाई 2024 को उन्हें देवरिया का DM बनाया गया। वह 6 मई 2026 तक इस पद पर रहीं। इसके बाद 6 मई 2026 को उनकी पोस्टिंग उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में स्पेशल सेक्रेट्री के पद पर हाे गई। यही उनकी IAS सेवा की आखिरी पोस्टिंग रही।

13 साल बाद IAS की नौकरी से दिया इस्तीफा

अब दिव्या मित्तल ने IAS की नौकरी छोड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे की जानकारी देते हुए अपने 13 साल के सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि वो अपनी इच्छा से इस यात्रा को रोक रही हैं। अपने पोस्ट में उन्होंने IIT दिल्ली, IIM बेंगलुरु, लंदन की नौकरी और फिर भारत लौटकर IAS बनने के सफर का जिक्र किया।

दिव्या ने यह भी बताया कि प्रशासनिक सेवा के दौरान लोगों के लिए काम करने से उन्हें सबसे ज्यादा खुशी मिली। किसानों को पानी मिलने, दिव्यांग लोगों को सम्मान के साथ जीने का मौका मिलने और लोगों को जमीन का अधिकार मिलने जैसे कामों को उन्होंने अपने सफर के खास हिस्से के तौर पर याद किया।

इस्तीफे के बाद क्यों चर्चा में हैं दिव्या मित्तल?

दिव्या मित्तल की चर्चा सिर्फ इसलिए नहीं हो रही है कि उन्होंने IAS जैसी बड़ी सरकारी नौकरी छोड़ दी है बल्‍क‍ि उनके करियर की पूरी कहानी भी चर्चा में है। एक तरफ IIT और IIM जैसी जगहों से पढ़ाई, फिर लंदन की नौकरी और दूसरी तरफ विदेश का करियर छोड़कर भारत लौटना और UPSC की तैयारी करना। इसके बाद IAS बनना, कई जिलों में काम करना और मीरजापुर में अपनी अलग पहचान बनाना ही उनके सफर को खास बनाता है।

अब 13 साल IAS के तौर पर काम करने के बाद उन्होंने एक बार फिर नया रास्ता चुना है। सरकारी नौकरी छोड़ने के बाद वह एजुकेशन और लेखन से जुड़े काम पर ध्यान देने की तैयारी में हैं। यानी उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ है, बल्कि अब वह एक नए तरीके से आगे बढ़ने जा रही हैं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Instagram