करवा चौथ पर आपने महिलाओं को सुबह सरगी खाते और शाम को पूजा की तैयारी करते तो देखा ही होगा, लेकिन क्या आपने कभी 'बाया' के बारे में सुना है? कई घरों में करवा चौथ के दिन बहू अपनी सास के लिए बाया निकालती है। इसमें कपड़े, मिठाई, फल, रुपये और दूसरी चीजें रखी जाती हैं। हालांकि, बाया में क्या-क्या रखा जाएगा, यह परिवार की परंपरा के हिसाब से अलग हो सकता है।
खास बात यह है कि कुछ घरों में सास को देने से पहले बाया की पूजा भी की जाती है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर बाया क्या होता है, इसे निकालने का क्या मतलब है और इसे सास को देने से पहले क्यों पूजा जाता है? इसी सबकी जानकारी हम आपको अपने इस लेख में दे रहे हैं। आइए जानते हैं-
image credit- pinterest
करवा चौथ पर बाया क्या होता है?
करवा चौथ पर बाया (जिसे बायना भी कहते हैं) एक तरह की भेंट होती है, जो शादीशुदा महिला अपनी सास को देती है। कई परिवारों में इसे बहू की तरफ से सास के लिए सम्मान और प्यार दिखाने का तरीका माना जाता है। बाया में आमतौर पर मिठाई, फल, कपड़े, रुपये और दूसरी सुहाग से जुड़ी चीजें रखी जाती हैं। कुछ घरों में बाया को थाली या टोकरी में सजाकर रखा जाता है। इसके बाद परिवार की परंपरा के अनुसार इसकी पूजा की जाती है और फिर सास को दिया जाता है।
हालांकि, हर जगह बाया निकालने का तरीका एक जैसा नहीं है। कहीं इसे करवा चौथ की पूजा के समय तैयार किया जाता है, तो कहीं परिवार के रीति-रिवाज के अनुसार इसे पहले ही तैयार कर लिया जाता है।
यह भी पढ़ें- Karwa Chauth 2026: सास को खुश करने के लिए गिफ्ट करें ये खूबसूरत गोल्ड नोज पिन, देखें लेटेस्ट डिजाइंस
करवा चौथ पर बाया में क्या-क्या रखा जाता है?
बाया में रखी जाने वाली चीजें परिवार और इलाके के हिसाब से अलग-अलग हो सकती हैं। आमतौर पर बाया में ये चीजें रखी जाती हैं-
- सास को देने के लिए मिठाई या घर में बनी कोई मीठी चीज।
- पूजा और भेंट के लिए फल रखे जाते हैं।
- कुछ परिवारों में सास के लिए साड़ी, सूट या दूसरा कपड़ा भी रखा जाता है।
- बाया में शगुन के तौर पर रुपये रखने की परंपरा भी कुछ घरों में होती है।
- चूड़ियां, बिंदी या सुहाग से जुड़ी दूसरी चीजें भी बहुएं रखती हैं।
- बादाम, काजू या दूसरे मेवे भी रखे जाते हैं।
इन सभी चीजों को रखना हर परिवार में जरूरी नहीं है। आप अपने घर की परंपरा के अनुसार बाया तैयार कर सकती हैं।
करवा चौथ पर बाया की पूजा क्यों की जाती है?
कई परिवारों में बाया को सास को देने से पहले पूजा की थाली में रखकर पूजा जाता है। इसके पीछे धार्मिक मान्यता है कि सुहाग अमर होता है और बहू पर सास का आशीर्वाद भी बना रहता है।
image credit- pinterest/Bengali
करवा चौथ पर सास को बाया कब दिया जाता है?
करवा चौथ पर बाया देने का समय भी परिवार की परंपरा पर निर्भर करता है। कई घरों में बहू पूजा और कथा के बाद सास को बाया देती है। वहीं हमारे यूपी बिहार में चांद निकलने के बाद व्रत खोलते समय यह रस्म निभाई जाती है।
बाया और सरगी में क्या अंतर है?
करवा चौथ पर बाया और सरगी को लेकर कई बार लोगों को लगता है कि यह दोनों एक ही हैं, लेकिन दोनों का मतलब अलग होता है।
सरगी वो चीज है, जो आमतौर पर सास अपनी बहू को व्रत शुरू होने से पहले देती है। सरगी की थाली में फल, मिठाई, मठरी और मेवे जैसी चीजें होती हैं। बहू सुबह सूरज निकलने से पहले सरगी खा लेती है।
बाया या बायना का संबंध भेंट देने की रस्म से है। कई परिवारों में बहू पूजा के बाद अपनी सास को बायना देती है। कुछ जगहों पर पूजा से पहले ही दे दिया जाता है।
यह भी पढ़ें- करवा चौथ पर पति का साथ पत्नी को दिला सकता है खास होने का एहसास, बस इन छोटी-छोटी बातों का रखें ध्यान
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Pintrest/Deeksha Mehra/Avdhi
