हमारे देश में मंदिरों का अपना इतिहास है और हर मंदिर दूसरे से अलग है। यही नहीं मंदिरों के कुछ ऐसे रहस्य और मान्यताएं भी हैं जो उन्हें खास बनाती हैं। भारत में कुछ मंदिर ऐसे हैं जिसके कपाट किसी निश्चित समय पर ही खुलते हैं, तो कुछ मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसी ही एक अनोखी परंपरा वाला मंदिर है मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित घड़ी वाले बाबा का मंदिर। इस मंदिर को लेकर ये मान्यता है कि यहां लोग अपनी मनोकामनाएं पूरी करने के लिए घड़ी अर्पित करते हैं। उज्जैन के इस मंदिर की ये अनोखी मान्यता कई सालों से भक्तों को अपनी तरफ आकर्षित करती आई है। यहां श्रद्धालु भगवान को प्रसाद, फूल या नारियल नहीं, बल्कि घड़ियां चढ़ाते हैं। ऐसी मान्यता है कि यहां घड़ी अर्पित करने से व्यक्ति का बुरा समय समाप्त हो जाता है और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। आइए जानें इस मंदिर की खासियत क्या है और इस मान्यता के पीछे का रहस्य क्या है?

कहां स्थित है घड़ी वाले बाबा का मंदिर?

यह मंदिर उज्जैन से लगभग 40 किलोमीटर दूर उन्हेल और महिदपुर के बीच सड़क किनारे स्थित है। मंदिर में विराजमान सगस भैरव महाराज के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और इसी वजह से लोग इन्हें भैरव बाबा का रूप मानते हुए इस मंदिर की पूजा करते हैं और उन्हें घड़ी अर्पित करते हैं जिससे उनके जीवन की सभी समस्याएं दूर हो सकें। यहां केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और मंदिर के साथ पेड़ों में भी घड़ियां चढ़ाते हैं और अपना समय अच्छा करने की प्रार्थना करते हैं।

मंदिर में घड़ी चढ़ाने की क्या है मान्यता?

मंदिर से जुड़ी सबसे खास बात यह है कि यहां आने वाले भक्त अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करते हैं। अगर उनकी इच्छा पूरी हो जाती है तो वे मंदिर में दीवार घड़ी चढ़ाते हैं। लोगों का विश्वास है कि सगस भैरव महाराज की कृपा से उनका बड़े से बड़ा रुका हुआ काम भी तुरंत बनने लगता है और जीवन में अच्छा समय शुरू हो जाता है। यहां दर्शन के बाद कई श्रद्धालु इस बात का दावा भी करते हैं कि मंदिर में मन्नत मांगने के बाद उनके करियर, व्यापार, नौकरी में सकारात्मक बदलाव आए। इसी विश्वास के कारण हर साल कई लोग यहां घड़ियां अर्पित करते हैं।

पेड़ों पर टांगी जाने लगी हैं घड़ियां

पिछले कई सालों में मंदिर की लोकप्रियता इतनी बढ़ जाती है कि मंदिर परिसर में घड़ियां रखने की जगह कम पड़ने लगी तब लोगों ने यहां स्थित पेड़ में भी घड़ियां बांधनी शुरू कर दीं। अब श्रद्धालु मंदिर के आस-पास मौजूद पेड़ों पर भी घड़ियां टांग देते हैं। मंदिर के चारों ओर सैकड़ों घड़ियां लटकी हुई दिखाई देती हैं, जो इस स्थान को और भी अनोखा बना देती हैं। यही नहीं इस मंदिर के आस-पास से घड़ी की टिक-टिक की आवाज गूंजती रहती है।

बिना पुजारी के चलता है मंदिर

इस मंदिर की एक और सबसे खास बात यह है कि यहां कोई पुजारी मौजूद नहीं है। यहां श्रद्धालु स्वयं आकर पूजा-अर्चना करते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार घड़ी चढ़ाते हैं। आश्चर्य की बात यह भी है कि मंदिर में हजारों घड़ियां होने के बावजूद कभी किसी तरह की चोरी की घटना सामने नहीं आई।

घड़ी वाले बाबा का मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि लोगों की आस्था का प्रतीक भी है। यहां की अनोखी परंपरा इस बात का संदेश देती है कि लोग श्रद्धा भाव से ईश्वर पर आज भी अंधा विश्वास करते हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।