आजकल हर इंसान किसी न किसी अंधी दौड़ का हिस्सा बना हुआ है। रोजाना सुबह से लेकर रात तक लोग पूरा दिन काम, डेडलाइंस और भागदौड़ में ही निकाल देते हैं। हर काम को जल्दबाजी में पूरा करने की इस आदत ने लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी बिगाड़ दिया है। ऐसे में तनाव और थकान से खुद को बचाने के लिए कुछ लोग इन दिनों स्लो लिविंग को फॉलो कर रहे हैं। स्लो लिविंग का मतलब आलसी होना या कामकाज छोड़ देना नहीं है। इसका मतलब है भागदौड़ भरी जिंदगी की रफ्तार को थोड़ा धीमा करना। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -
क्या है 'Slow Living' ट्रेंड?
भागदौड़ भरी जिंदगी में दिन कब शुरू होता है और कब खत्म हो जाता है, इसका पता ही नहीं चलता। हर वक्त काम का दबाव, मोबाइल के नोटिफिकेशन्स और मल्टीटास्किंग की आदत की वजह से लोग शांति से कुछ पल भी नहीं बिता पाते हैं। इन्हीं सब चीजों से बाहर निकलकर खुद को समय देना और शांति से काम करना ही 'स्लो लिविंग' ट्रेंड कहलाता है।
स्लो लिविंग ट्रेंड कोई मुश्किल नियम नहीं, बल्कि जिंदगी को आसान बनाने का एक तरीका है। इस ट्रेंड में इंसान जो भी काम करता है, उसे जल्दबाजी या भागदौड़ में करने के बजाय पूरे मन और तसल्ली से पूरा करता है। अगर आप भी रोज-रोज की भागदौड़ से थक चुकी हैं और जिंदगी में थोड़ा सुकून चाहती हैं, तो इस ट्रेंड को आज से ही आजमा सकती हैं।
स्लो लिविंग अपनाने के बेहतरीन फायदे
स्लो लिविंग को आसानी से अपनाकर आप अपने मन को शांत रख सकती हैं। यह कोई कठिन काम नहीं है, बस खुद को थोड़ा ब्रेक देने का तरीका है। इस ट्रेंड को आजमाकर आपको कई फायदे देखने को मिलेंगे, जैसे-
1. मेंटल स्ट्रेस कम होना और मन शांत रहना
स्लो लिविंग ट्रेंड को फॉलो करके आप फालतू के कामों में उलझने के बजाय जरूरी कामों को पहले निपटा सकती हैं। जब भी आप जल्दबाजी करने के बजाय आराम से सोच-समझकर काम करती हैं, तो दिमाग में स्ट्रेस हार्मोंस कम बनते हैं। इससे मन शांत रहता है और आप बेहतर फैसले ले पाती हैं।
यह भी पढ़ें- क्या सुबह उठते ही फोन न देखने से बेहतर होता है मूड? जानें 'नो-फोन मॉर्निंग' ट्रेंड के फायदे
2. रिश्तों में अपनापन और मजबूती आना
लगातार फोन के नोटिफिकेशन्स और काम पूरा करने की होड़ के चक्कर में लोग परिवार वालों को समय नहीं दे पाते हैं, जिससे रिश्तों में भी दूरी आने लगती है। वहीं, जब आप स्लो लिविंग ट्रेंड को फॉलो करके दिमाग को शांत रखती हैं, तो अपनों को सही मायने में क्वालिटी टाइम दे पाती हैं। बिना किसी फोन या प्रेशर के जब आप अपनों को समय देती हैं, तो आपसी प्यार, भरोसा और समझ बढ़ती है।
3. काम करने की क्षमता और क्रिएटिविटी बढ़ना
आजकल लोग बिना रुके लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन ऐसा करने से दिमाग थक जाता है और इंसान कुछ नया या क्रिएटिव नहीं सोच पाता है। वहीं जब आप एक समय पर सिर्फ एक ही काम पर ध्यान देती हैं, तो इससे आपका फोकस बढ़ता है, दिमाग शांत रहता है और बेहतरीन आइडियाज आते हैं।
यह भी पढ़ें- क्या है 'Pocketing' रिलेशनशिप ट्रेंड? जानें इसे पहचानने के 4 खास तरीके
इस भागदौड़ भरी लाइफ में हर वक्त जल्दबाजी करने और हमेशा बिजी रहने के बजाय स्लो लिविंग ट्रेंड को अपनाकर आप भी जिंदगी को सही मायनों में और सुकून से जी सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit: magnific
