क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आप बाजार गए हों, किसी सुंदर सी ड्रेस, घड़ी या घर की सजावट के सामान को देखा, और तुरंत उसे खरीदने का मन बना लिया हो? भले ही आपको उसकी कोई खास जरूरत न हो, फिर भी आप खुद को रोक नहीं पाते। क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है? आज के इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं सुंदर चीजों को देखकर खरीदने का मन क्यों करता है और इससे कैसे बचा सकता है?

सुंदर चीजों को देखकर खरीदने का मन क्यों करता हैं?

हम सभी सुंदर को देखकर आकर्षित होकर उसे खरीदने का मन बना लेते हैं। अगर वह चीज बहुत महंगी हैं, तो लोग उसे बाद में खरीदने का सोचते हैं, लेकिन क्या आपको इसके पीछे की वजह पता है। नीचे आसान भाषा में समझें-

1. सुंदरता देखकर दिमाग में डोपामाइन का रिलीज होना

जब भी हम कोई सुंदर या आकर्षक चीज देखते हैं, तो हमारा दिमाग तुरंत एक डोपामाइन नाम का केमिकल रिलीज करता है। डोपामाइन को 'हैप्पी हॉर्मोन' भी कहा जाता है, जो हमें खुशी और एक्साइटमेंट का एहसास कराता है। दिमाग हमें उस खुशी को पाने के लिए उस सामान को खरीदने का निर्देश देता है। यानी हम सिर्फ वह चीज नहीं, बल्कि उससे मिलने वाली खुशी को खरीदना चाहती हैं।

2. एस्थेटिक प्लेजर

इंसानी स्वभाव में ही यह बात शामिल है कि हमें सुंदर चीजें अपनी ओर खींचती हैं। इसे मनोविज्ञान में 'एस्थेटिक प्लेजर' कहते हैं। जब आंखें किसी सुंदर कलाकृति, डिजाइन या रंग-बिरंगी वस्तु को देखती हैं, तो दिमाग को एक सुकून मिलता है। यह आकर्षण इतना मजबूत होता है कि जरूरत न होने पर भी हम उस चीज के मालिक बनना चाहते हैं।

3. 'इंसटेंट ग्रेटिफिकेशन' यानी तुरंत मिलने वाला सुख

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम सभी किसी न किसी तनाव में रहते हैं। ऐसे में जब हम कोई नई और सुंदर चीज खरीदते हैं, तो हमें तुरंत एक राहत और खुशी मिलती है। इसे 'इंस्टेंट ग्रेटिफिकेशन' कहते हैं। यह शॉपिंग हमारे लिए एक तरह का 'स्ट्रेस बस्टर' बन जाती है, जिससे कुछ पल के लिए ही सही, मानसिक शांति और अच्छा महसूस होता है।

4. सोशल अप्रूवल और पहचान की चाह

कई बार सुंदर चीजों को खरीदने के पीछे हमारी सामाजिक छवि जुड़ी होती है। हमें लगता है कि अगर हमारे पास यह सुंदर चीज होगी, तो लोग हमारी तारीफ करेंगे और समाज में हमारा रुतबा बढ़ेगा। यह चाहत अक्सर बिना सोचे-समझे खरीदारी को बढ़ावा देती है।

इस आदत से कैसे बचें?

सुंदर चीजों को देखकर मन ललचाना एक सामान्य बात है, लेकिन हर बार जेब ढीली करना सही नहीं है। इससे बचने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकती हैं। जब भी कोई ऐसी चीज पसंद आए, तुरंत न खरीदें। 24 घंटे इंतजार करें। अगर अगले दिन भी उसकी उतनी ही जरूरत महसूस हो, तभी खरीदें। खुद से पूछें कि क्या यह सामान वाकई आपके लिए जरूरी है या सिर्फ कुछ पलों का आकर्षण है।

इस लेख में बताई गई वजह न्यूरोमार्केटिंग और कंज्यूमर साइकोलॉजी रिसर्च से ली गई है। अगर आप भी सुंदर चीजों को बिना जरूरत के भी खरीद लेती हैं क्योंकि वह मन को अच्छी लगती है, तो ऐसा बिल्कुल न करें।अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-Magnific