भारत में दिवाली और छठ पूजा बड़ी धूम धाम के साथ मनाई जाती है। ये सभी बड़े त्योहार खत्म होते ही मौसम में अलग ही बदलाव देखने को मिलता है। दिन के समय धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड होने लगती है। यह मौसम बड़ा ही सुहावना लगता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ठीक इन्हीं त्योहारों के बाद से ही मौसम का मिजाज क्यों अचानक से बदल जाता है? अगर नहीं, तो आज हम आपको इसके पीछे का कारण बताएंगे।

अचानक मौसम में बदलाव पृथ्वी की स्पीड, सूरज की स्थिति और हवाओं के रुख की वजह से देखने को मिलता है। मौसम विज्ञान के अनुसार, अक्टूबर के अंत से नवंबर के बीच का यह समय शरद ऋतु से शीत ऋतु वाला होता है। आइए इसके बारे में जानते हैं विस्तार से।  

pinterest/DANDUPATI SRINIVAS KUMAR

अचानक गुलाबी ठंड शुरू होने के पीछे का वैज्ञानिक कारण

दिवाली और छठ के बाद से हल्की ठंड शुरू होने लगती है। मौसम में होने वाले बदलाव के पीछे कुछ खास कारण हैं। जैसे -

1. अर्थ का झुकाव और सूर्य की पोजीशन में बदलाव

भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (MoES) के अंतर्गत भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आधिकारिक पोर्टल के मुताबिक, धरती सीधी नहीं, बल्कि 23.5 डिग्री झुकी हुई है। ऐसे में नवंबर में भारत वाला हिस्सा सूरज से थोड़ा दूर झुकने लगता है। इस झुकाव की वजह से ही सूरज की रोशनी सीधे गिरने के बजाय तिरछी होकर जाती है। यही कारण है, कि इस समय गर्मी कम होती है। इसलिए दिन की धूप हल्की और अच्छी लगती है, वहीं शाम और सुबह हल्की ठंडक होती है।

2. हवा की दिशा और मानसून के जाने का संकेत

अक्टूबर के बाद से ही उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी और सूखी हवाएं चलने लगती हैं। इसी वजह से उमस खत्म होती है और ठंडा मौसम होने लगता है। यही नहीं हवा की दिशा में भी कई तरह के बदलाव होने लगते हैं। ये हवाएं नमी के बजाय सूखापन और पहाड़ों की ठंडक साथ लेकर लाती हैं।

3. साफ आसमान और 'रेडिएशन कूलिंग'

वैज्ञानिक दृष्टि से देखा जाएं, तो बारिश का मौसम खत्म होने के बाद नवंबर में आसमान साफ होने लगता है, जिससे दिनभर सूरज की तेज किरण धरती को गर्म कर देती है और बदल साफ होने की वजह से रात होते ही तेजी से ठंड लगने लगती है। इसे मौसम विज्ञान में 'रेडिएशन कूलिंग' कहते हैं, जिसकी वजह से रातें और सुबहें ठंडी हो जाती हैं।  

pinterest/🌸Fragrant_WildRose🌸

4. हिमालय पर बर्फबारी

त्योहारों के बाद अचानक से होने वाली हल्की ठंड का एक और कारण है, नवंबर में मेडिटेरेनियन सी की तरफ से आने वाली हवाएं। इन हवाओं को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी कहते हैं। ये हवाएं नार्थ इंडिया के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी कराती हैं। बर्फबारी की वजह से टकराकर जो ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में आती है, इससे भी अचानक से टेम्प्रेचर गिर जाता है। 

निष्कर्ष:  त्योहारों के बाद अचानक से मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। पृथ्वी का झुकना, मानसून की विदाई, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का चलना ही सबसे बड़ा कारण हो सकता है। ये सभी कारण नवंबर के महीने को थोड़ा सुहावना बना देते हैं। अगर आपको भी इसका कारण नहीं पता था, तो ये लेख आपके बहुत काम आएगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।     

image credit: magnific