Lint Roller Use In Household Problem: स्वेटर, स्कार्फ और ऊनी जैकेट में रोएं निकलना एक आम समस्या है। लेकिन अगर यह समस्या किसी नए स्वेटर या आपके पसंदीदा वूलेन कपड़े में हो जाए, तो हम इसे हटाने की तरह-तरह की तरकीबें लगाने लगते हैं। इन रोओं को साफ करने के लिए बाजार में आजकल अलग-अलग तरह के गैजेट्स आ रहे हैं, जिनमें से एक है 'लिंट रिमूवर रोलर'। आमतौर पर हम सभी ने इसके बारे में सुना भी है और इसका उपयोग भी किया है।
अब आप सोच रहे होंगे कि इसमें नया क्या है? तो आपको बता दें कि इसका इस्तेमाल सिर्फ कपड़ों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आप इसकी मदद से घर के कई अन्य कठिन कामों को भी चुटकियों में आसान बना सकती हैं। आज के इस लेख में हम आपको लिंट रोलर से जुड़े ऐसे ही 7 बेहद काम के हैक्स के बारे में बताने जा रहे हैं।
सोफे और कुशन से पेट्स के बाल हटाना (Pet Hair Removal)
अगर आपके घर में कुत्ता या बिल्ली हैं, तो उनके बाल सोफे, कालीन, बेडशीट और कुशन पर चिपकना बेहद आम बात है। इन बारीक बालों को हटाने के लिए आप लिंट रोलर का यूज कर सकती हैं। लिंट रोलर को सोफे या फैब्रिक पर फेरें; यह जानवरों के छोटे से छोटे बालों को एक बार में अपनी ओर खींच लेता है।
इसे भी पढ़ें- Sandwich Maker Hacks: ब्रेड को कुरकुरा बनाने में ही नहीं, इन 5 चीजों में भी कमाल दिखाता है सैंडविच मेकर
टूटे हुए कांच के बारीक टुकड़ों की सफाई (Glass Shards Cleanup)
कांच टूटने के बाद उसके बड़े टुकड़े की सफाई करना आसान है, लेकिन बारीक टुकड़े को उठाना मुश्किल होता है। ये कण आंखों से दिखाई नहीं देते और पैरों में चुभ सकते हैं।ऐसे में आप लिंट रोलर कमाल दिखा सकता है। इसके लिए झाड़ू लगाने के बाद उस जगह पर लिंट रोलर चलाएं। इससे कांच के सभी बारीक टुकड़े पेपर पर चिपक जाएंगे।
लैंपशेड और पर्दों की डस्टिंग (Dusting Lampshades & Curtains)
फैब्रिक वाले लैंपशेड, खिड़कियों के भारी पर्दों और वेलवेट के कुशन कवर्स पर बहुत जल्दी धूल जमा हो जाती है। इन्हें बार-बार धोना मुश्किल होता है और कपड़े से झाड़ने पर धूल हवा में उड़ने लगती है। लिंट रोलर की मदद से आप बिना धूल उड़ाए लैंपशेड और पर्दों के कोनों को आसानी से साफ कर सकती हैं।
हैंडबैग और पर्स के अंदर की सफाई (Cleaning Inside of Handbags)
हैंडबैग, स्कूल बैग या मेकअप पाउच के अंदर के कोनों में अक्सर सिक्के, कागज के टुकड़े, बालों के क्लिप, पाउडर या छोटी-मोटी गंदगी जमा हो जाती है। बैग को उल्टा करके झाड़ने पर भी यह कोनों की गंदगी नहीं निकलती। ऐसे में लिंट रोलर को बैग के अंदर डालकर घुमाएं, कोनों में फंसी सारी गंदगी तुरंत साफ हो जाएगी।
कार की सीटों और गद्दों को चमकाना (Car Seat Cleaning)
कार की सीटों के बीच की दरारों और मैट पर अक्सर बिस्कुट के चूरे, बाल और धूल जमी रहती है। हर बार कार को वैक्यूम या वॉश कराना मुमकिन नहीं होता। कार के डैशबोर्ड और सीटों पर लिंट रोलर चलाकर आप मिनटों में अपनी गाड़ी को अंदर से साफ और चकाचक रख सकती हैं।
बच्चों के सॉफ्ट टॉयज से धूल हटाना (Soft Toys Cleaning Hacks)
टेडी बियर और अन्य सॉफ्ट टॉयज में धूल और बैक्टीरिया बहुत जल्दी जमा होते हैं, जिससे बच्चों को एलर्जी या सांस की दिक्कत हो सकती है। इन्हें बार-बार वाशिंग मशीन में धोने से ये खराब हो जाते हैं। हफ्ते में एक बार इन सॉफ्ट टॉयज पर लिंट रोलर फेरने से इन पर जमी सारी धूल और गंदगी आसानी से खिंच आती है।
क्राफ्ट वर्क के बाद ग्लिटर की सफाई (Glitter Removing Tricks)
अगर आपके बच्चे घर में क्राफ्ट का काम करते हैं या पेंटिंग करते हैं, तो फर्श या टेबल पर ग्लिटर बारीक कागज के टुकड़े और पेंसिल का छिलका बिखर जाता है। ग्लिटर को कपड़े से पोंछने पर वह पूरे घर में फैल जाता है। फैले हुए ग्लिटर पर बस एक बार लिंट रोलर चला दीजिए, फर्श एकदम साफ हो जाएगा।
इसे भी पढ़ें- Talcum Powder Reuse: एक्सपायर हो चुके टेलकम पाउडर को फेंकने की जगह, इन 5 तरीकों से आसान बनाएं घर के काम
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik, Herzindagi
