इन दि‍नों दि‍वाली की रौनक देखने को म‍िल रही है। बाजारों में दीयों की भरमार है। हालांक‍ि, कई बार ऐसा होता है क‍ि प‍िछनी द‍िवाले के दीये बचे रह जाते हैं। ऐसे में आप इस बार नए दीये खरीदने के बजाय पुराने दीयाें को ही नया जैसा बना सकती हैं। इसके ल‍िए आपको बाजार से कोई महंगा सामान खरीदने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

जी हां, थोड़े से क्रिएटिव आइडियाज और आसान हैक्स के साथ आप पुराने दीयों को बिल्कुल नया और ट्रेंडी बना सकती हैं। इससे आपकी दीवाली इको-फ्रेंडली बनेगी। आज का हमारा लेख भी इसी व‍िषय पर है।

पुराने दीयों को नए जैसे बनाने के तरीके

हम आपको पुराने दीयों को नया जैसा बनाने के सबसे आसान और यूनिक तरीके बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

image credit- istock

पुराने दीयों की करें सफाई

पुराने दीयों को दोबारा इस्तेमाल करने से पहले उनकी सफाई करें। सबसे पहले दीयों में जमी पुरानी तेल, बत्ती और कालिख को खुरचकर निकाल लें। अब एक बाल्टी में गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा सा लिक्विड डिशवॉशर या कपड़े धोने का पाउडर मिला लें। अब इसमें दीयों को 20 से 30 मिनट के लिए भिगोकर छोड़ दें। इसके बाद स्क्रबर या पुराने टूथब्रश की मदद से रगड़कर साफ कर लें। अब साफ पानी से धोने के बाद दीयों को 2 से 3 घंटे की धूप में सुखा दें ताकि उनका सारा तेल और नमी निकल जाए।

एक्रिलिक कलर्स से दें ब्राइट और मॉडर्न लुक

एक बार दीये जब सूख जाएं, तो उन पर अपनी पसंद के कलर करें। दीये पर रेड, येलो, ऑरेंज, ग्रीन या पिंक जैसे फेस्टिव कलर्स का इस्तेमाल करें। अगर आप ट्रेंडी लुक चाहती हैं, तो पेस्टल शेड्स (जैसे बेबी पिंक, मिंट ग्रीन, स्काई ब्लू) भी ट्राई कर सकती हैं। इसे कलर करने के ल‍िए पहले एक बेसिक कोट लगाएं, सूखने के बाद उस पर पोलका डॉट्स, लहरिया या फूल-पत्तियों वाले सिंपल पैटर्न्स बनाएं।

ग्लिटर और शीशे से बढ़ाएं चमक

जब एक बार कलर सूख जाए तो उसके बाद दीयों को थोड़ा हैवी और रॉयल लुक देने के लिए ग्लिटर और छोटे शीशों का इस्तेमाल करें। क्राफ्ट स्टोर से मिलने वाले छोटे-छोटे गोल या त‍िकोने शेप वाले शीशे फेविकोल की मदद से दीये के किनारों पर चिपका दें। अब दीये के बॉर्डर्स पर ग्लिटर पेन या फेविकोल लगाकर उस पर ग्लिटर पाउडर छिड़क दें। इसके बाद जब यह दीये जलेंगे, तो इनकी चमक देखने लायक होगी।

image credit- istock

मोम पिघलाकर बनाएं DIY कैंडल दीये

अगर आप बार-बार तेल या घी डालने के झंझट से बचना चाहती हैं, तो पुराने दीयों को वैक्स कैंडल में बदल सकती हैं। इसके ल‍िए घर में बची हुई पुरानी मोमबत्तियों को पिघला लें। पिघली हुई मोम में अपनी पसंद का कोई भी Essential Oil जैसे लेमनग्रास या लेवेंडर या थोड़ा सा इत्र मिला दें। अब दीये के बीच में एक रुई की बत्ती या कैंडल विक रख दें और ऊपर से पिघली हुई मोम डाल दें। ठंडा होने पर यह बहुत खूबसूरत सेंटेड दीये बन जाएंगे, जो हवा से भी आसानी से नहीं बुझेंगे।

गोटेदार लेस से सजाए दीयें

अगर आपके पास पुरानी साड़ियों या सूट के गोटे और लेस पड़े हैं, तो उनका इस्तेमाल दीयों की सजावट में कर सकती हैा। दीये के बाहरी हिस्से पर पतली गोल्डन या सिल्वर गोटा-पट्टी चिपका दें। आप चाहें तो दीये के नीचे बेस बनाने के लिए पुराने कार्डबोर्ड को गोल काटकर उस पर मोतियों या गोटों की सजावट कर सकती हैं। इसके ऊपर दीया रखेंगी तो बहुत ही खूबसूरत लगेगा।

इस तरह आप पुराने दीयों को भी खूबसूरत और ड‍िजाइनर लुक दे सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI