बाल दिवस बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उनके साथ कुछ यादगार पल बिताने का खास मौका है। हर साल 14 नवंबर को चिल्ड्रेन्स डे मनाया जाता है। इस मौके पर स्कूल में छोटे-छोटे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिसमें फूड स्टॉल,खेलकूद और कंपीटिशन कराए जाते हैं। वहीं अगर आप बाल दिवस के लिए घर पर कोई छोटा लेकिन खास प्रोग्राम करना चाहते हैं, तो महंगे खिलौने, कपड़े या गिफ्ट खरीदने की जरूरत नहीं है। आज के इस लेख में हम आपको 4 एक्टिविटीज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे आप स्कूल या घर पर करवा सकते हैं।

बाल दिवस पर कराएं ये एक्टिविटीज

अगर आपको समझ नहीं आ रहा है कि चिल्ड्रेंस डे के मौके पर बच्चों को स्पेशल फील कैसे कराएं, तो आप नीचे बताए गए आइडियाज को चुन सकते हैं।

बच्चों को बनाएं एक पूरे दिन घर का बॉस

चिल्ड्रेन डे के मौके पर अलग और मजेदार एक्टिविटी हो सकती है। बच्चों को एक दिन के लिए घर की कुछ छोटी-छोटी जिम्मेदारियां और फैसले लेने का मौका दें। वे तय कर सकते हैं कि शाम को कौन-सा खेल खेलना है, कौन-सी कहानी पढ़नी है या परिवार के साथ कौन-सी फिल्म देखनी है। आप उन्हें घर के सभी सदस्यों के लिए मजेदार गेम चुनने या शाम की छोटी सी पार्टी की योजना बनाने की जिम्मेदारी भी दे सकते हैं।

इससे बच्चों को निर्णय लेना, अपनी बात रखना और दूसरों की पसंद का सम्मान करना सीखने का मौका मिलेगा। हालांकि, घर के जरूरी नियम और सुरक्षा से जुड़े फैसले माता-पिता के पास ही रहने चाहिए।

Image Credit-magnific

घर पर करें खजाने की खोज वाला खेल

बच्चों को सरप्राइज और पहेलियां बहुत पसंद आती हैं। ऐसे में बाल दिवस पर घर में ट्रेजर हंट गेम आयोजित कर सकते हैं। इसके लिए कुछ छोटी-छोटी पर्चियां बनाएं और उनमें आसान पहेलियां लिखें। पहली पर्ची बच्चों को दूसरी पर्ची तक पहुंचाए और दूसरी पर्ची में अगला संकेत छिपा हो।

इस तरह उन्हें अलग-अलग जगहों पर रखे संकेतों को ढूंढते हुए आखिरी खजाने तक पहुंचना होगा। खजाने के रूप में महंगे गिफ्ट की जगह हाथ से बना बुकमार्क, पसंदीदा फल, चॉकलेट या माता-पिता का लिखा प्यारा सा संदेश रख सकते हैं।

घर पर बनाएं बच्चों का मिनी टैलेंट शो

हर बच्चे के अंदर कोई न कोई खास हुनर होता है। किसी को डांस करना पसंद होता है, तो कोई गाना गाने, कविता सुनाने या मिमिक्री करने में माहिर होता है। बाल दिवस पर घर के किसी कोने को छोटे से स्टेज में बदल दें। इसके लिए पुराने पर्दे, रंगीन दुपट्टे और घर में मौजूद सजावट के सामान का इस्तेमाल कर सकते हैं।

बच्चों को अपनी पसंद का कोई भी टैलेंट दिखाने का मौका दें। माता-पिता और घर के दूसरे सदस्य दर्शक बनकर उनकी तारीफ करें। चाहें तो हर बच्चे को एक मजेदार टाइटल भी दें, जैसे बेस्ट डांसर, लिटिल सिंगर या कॉमेडी स्टार। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

Image Credit-magnific

बच्चों से चिट्ठी लिखवाएं

इस बाल दिवस पर बच्चों से चिट्ठी वाली एक्टिविटी करवा सकती हैं, जिसे वे बड़े होने के बाद भी याद रखेंगे। इसके लिए उन्हें एक कागज और रंगीन पेन दें। अब उनसे कहें कि वे अपने भविष्य के नाम एक चिट्ठी लिखें। इसमें वे अपनी पसंदीदा चीजें, बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं, किस जगह घूमना चाहते हैं और कौन-सा सपना पूरा करना चाहते हैं, ये सब लिख सकते हैं। छोटे बच्चे लिखने के बजाय अपनी पसंद की चीजों की तस्वीर भी बना सकते हैं।

इसके बाद सभी चिट्ठियों को एक लिफाफे में रखकर उस पर तारीख लिख दें। इसे सुरक्षित रख लें और अगले बाल दिवस या कुछ साल बाद बच्चों को वापस दें। जब वे अपनी पुरानी इच्छाएं और सपने पढ़ेंगे, तो उनके लिए यह किसी अनमोल तोहफे से कम नहीं होगा।

बाल दिवस मनाने के लिए महंगे गिफ्ट या बड़ी पार्टी की जरूरत नहीं है। बच्चों को सबसे ज्यादा खुशी तब मिलती है, जब माता-पिता उनके साथ समय बिताते हैं और उनकी छोटी-छोटी पसंद को महत्व देते हैं। इस 14 नवंबर को इन सात एक्टिविटीज में से कुछ चुनें और बच्चों को अपनी मर्जी से खेलने, सीखने और कुछ नया करने का मौका दें। 

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-magnific