बात जब घर संभालने की हो, खाना पकाने की या बच्‍चों और बुजुर्गों की जरूरतों को पूरी करने की। इन अहम जिम्मेदारियों का बड़ा हिस्सा आज भी महिलाओं के कंधों पर ही है। भले ही महिलाएं घर से बाहर निकलकर नौकरी और बिजनेस में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हों, लेकिन घर के कामों में उनकी जिम्मेदारी में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

ऐसा हम नहीं कह रहे ये चौंकाने वाले खुलासा हाल में जारी 'डेटा फॉर इंडिया' के रिसर्च में सामने आया है। रिपोर्ट के आंकडे़ बताते हैं कि भारतीय महिलाएं रोजाना 5 घंटे से ज्यादा समय घरेलू काम और परिवार की देखभाल में बिताती हैं, जबकि पुरुष इन कामों के लिए औसतन सिर्फ 56 मिनट देते हैं।

'डेटा फॉर इंडिया' की रिपोर्ट में हुआ खुलासा

Image Credit: Shutterstock

'डेटा फॉर इंडिया' की ओर से कराया गया रिसर्च देश के करीब 4.5 लाख लोगों की 24 घंटे की दिनचर्या पर आधारित है। रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू जिम्मेदारियों को निभाने में महिलाओं और पुरुषों के बीच आज भी बड़ा अंतर है। महिलाओं को घर और परिवार के कामों में पुरुषों की तुलना में करीब 5 गुना से भी ज्यादा समय देना पड़ता है।

कामकाजी महिलाओं पर दोहरी जिम्मेदारी का बोझ

रिसर्च में इस बात का जिक्र है कि कामकाजी महिलाओं की दिनचर्या पुरुषों के मुकाबले काफी कड़ी है। उन्‍हें नौकरी या कमाई से जुड़े कामों के अलावा घरेलू जिम्मेदारियों को भी पूरा करना पड़ता है। महिलाएं रोजाना औसतन 9.6 घंटे काम करती हैं। पुरुषों का कुल कामकाजी समय करीब 8.1 घंटे है।

इससे साफ पता चलता है कि महिलाओं के लिए काम का मतलब सिर्फ ऑफिस तक सीमित नहीं है। घर लौटने के बाद भी उनकी नौकरी खत्‍म नहीं होती। खाना बनाने, सफाई करने, बच्चों और परिवार के दूसरे सदस्यों की देखभाल जैसे कामों में उनका काफी समय खर्च होता है। घरेलू कामों का यह बड़ा हिस्सा अक्सर बिना किसी आर्थिक भुगतान के किया जाता है। महिलाओं के श्रम और उनके समय का वास्तविक मूल्य भी कई बार नजरअंदाज हो जाता है।

इन राज्यों में घरेलू काम को लेकर सबसे ज्यादा अंतर

Image Credit:Shutterstock

रिसर्च में राज्यों के हिसाब से भी महिलाओं और पुरुषों के घरेलू काम में लगाए जाने वाले समय का अंतर सामने आया है। कुछ राज्यों में यह अंतर काफी ज्यादा है। अरुणाचल प्रदेश में यह अंतर सबसे ज्यादा दर्ज किया गया है।

राज्‍य  महिला-पुरुष के घरेलू काम के समय में अंतर
अरुणाचल प्रदेश  6 घंटे 36 मिनट
बिहार-झारखंड 5 घंटे 42 मिनट
गुजरात  करीब 5 घंटे 30 मिनट
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश  5 घंटे 24 मिनट   
राजस्थान    5 घंटे 12 मिनट         

घर का काम सिर्फ महिलाओं की जिम्मेदारी क्यों?

घर और परिवार को संभालना किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार के सभी सदस्यों की साझा जिम्मेदारी बनती है। इसके बावजूद भारतीय समाज में घरेलू काम को अक्सर महिलाओं का स्वाभाविक कर्तव्य मान लिया जाता है। इसका असर महिलाओं के आराम, निजी समय, करियर और आर्थिक अवसरों पर भी पड़ सकता है। अगर पुरुष भी खाना पकाने, सफाई, बच्चों की देखभाल और परिवार के दूसरे कामों में बराबर की भागीदारी निभाएं तो महिलाओं पर काम का बोझ कम किया जा सकता है।

घरेलू काम को केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मेहनत के रूप में समझना जरूरी है। महिलाओं के काम को पहचान देना, उनका सम्‍मान करना और घर की आपसी समझ के साथ करने से ही इस समस्‍या का हल निकाला जा सकता है।

Image Credit: AI, Shutterstock