करवा चौथ और दिवाली के मौके पर कपड़े, जूते, मेकअप और घर की सजावट का सामान खरीदने के लिए ऑनलाइन शॉपिंग खूब की जाती है। सेल में कई चीजों पर हैवी ड‍िस्‍काउंट भी म‍िलता है, लेकिन सस्ते सामान के चक्कर में एक गलती आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। कई बार ठगी करने वाले लोग फेमस शॉपिंग वेबसाइट जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बना लेते हैं।

ऐसे में आप पैसे तो दे देती हैं, लेकिन सामान का ब्रांड या तो सही नहीं न‍िकलता है या तो खराब चीजें ही ड‍ेलि‍वर हो जाती हैं। इसलिए किसी भी ऑफर पर भरोसा करके तुरंत ऑर्डर करने के बजाय कुछ जरूरी बातें जरूर चेक कर लेनी चाह‍िए। हम आपको बता रहे हैं क‍ि कौन सी एक गलती नहीं करनी चाह‍िए? आइए जानते हैं-

Image Credit- AI

अनजान लिंक से शॉपिंग करना पड़ सकता है भारी

फेस्टिव सीजन में सोशल मीडिया पर कई ऐसे एड दिख जाते हैं, जिनमें बहुत कम कीमत पर ब्रांडेड कपड़े, जूते या दूसरी चीजें म‍िल जाती हैं। अगर आप इन विज्ञापनों पर क्लिक क‍िया तो आप क‍िसी फर्जी वेबसाइट पर पहुंच सकती हैं। इसलिए किसी अनजान लिंक से खरीदारी करने के बजाय उस कंपनी की ऑफ‍िश‍ियल वेबसाइट या ऐप खोलकर ऑफर चेक करें। यही एक सबसे बड़ी गलती है जो ज्‍यादातर लोग कर देते हैं। इसल‍िए इस बात का खास ध्‍यान रखना चाह‍िए।

ऑनलाइन सामान ऑर्डर करने से पहले ये बातें जरूर देखें

अगर आप ऑनलाइन शॉप‍िंग कर रही हैं, तो कुछ बाताें का ध्‍यान रखेंगी, तो फ्रॉड से सेफ रहेंगी। जैसे-

  • वेबसाइट का नाम ध्यान से पढ़ें। असली वेबसाइट से मिलता-जुलता नाम होने का मतलब यह नहीं है कि वह भरोसेमंद है।
  • सामान कौन बेच रहा है, उसकी रेटिंग कैसी है और खरीदारों ने क्या लिखा है, यह भी जरूर पढ़ें।
  • अगर किसी ब्रांडेड सामान की कीमत बाकी जगहों से बहुत कम है, तो पहले उसके बारे में पूरी जानकारी ले लें।
  • सामान पसंद न आने या खराब निकलने पर उसे लौटाने का ऑप्‍शन है या नहीं, यह भी पहले ही देख लें।

ऑनलाइन पेमेंट करते समय न करें ये गलती

आजकल ऑनलाइन सामान मंगवाते समय हममें से कई लोग एक बड़ी गलती कर बैठते हैं। सामान देखा नहीं कि बिना सोचे-समझे तुरंत पैसे ट्रांसफर कर देते हैं। बस यही जल्दबाजी भारी पड़ जाती है। इसल‍िए पैसे भेजने से पहले हमेशा यह चेक कर लें कि आप किसे पेमेंट कर रहे हैं और सामने वाला सही इंसान या दुकान है भी या नहीं। इसके अलावा अपना OTP, UPI पिन या ATM कार्ड की डिटेल्स कभी किसी के साथ शेयर न करें।

Image Credit- magnific

सच कहूं तो ऐसा ही एक फ्रॉड मेरे साथ भी हो चुका है। मैंने फेसबुक पर एक सामान देखा और बिना ज्यादा सोचे ऑनलाइन पेमेंट कर दी। नतीजा यह हुआ कि न तो मुझे सामान मिला और पेमेंट होते ही वह वेबसाइट भी गायब हो गई, जो दोबारा खुली ही नहीं।

ठगी हो जाए तो क्या करें?

अगर ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान आपके साथ पैसों की ठगी हो जाती है, तो तुरंत अपने बैंक को जानकारी दें और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें। आप सरकारी साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर सकती हैं। पेमेंट की रसीद, ट्रांजैक्शन आईडी और चैट संभालकर रखें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI