किचन में तेल की बोतल एक ऐसी चीज है, जिसका इस्तेमाल तो रोजाना किया जाता है, लेकिन इसकी सफाई पर ध्यान नहीं दिया जाता। इससे धीरे-धीरे बोतल और ढक्कन पर तेल की परत जम जाती है, जिससे वह गंदी और चिपचिपी दिखने लगती है। कई बार सिर्फ पानी और साबुन से भी चिकनाई पूरी तरह से नहीं हटती और बोतल को हाथ लगाने में भी कोफ्त महसूस होती है। अगर आपकी तेल की बोतल भी ऐसी ही गई है, तो ये कुछ आसान किचन हैक्स आपके काम आ सकते हैं।
चावल का आटा
अगर बोतल पर तेल की मोटी परत जम गई है, तो चावल के आटे से जिद्दी चिकनाई को हटाया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले बोतल पर थोड़ा चावल का आटा छिड़क दें। चावल का आटा तेल को सोख लेता है। 5 मिनट बाद सूखे कपड़े से रगड़कर साफ करें और फिर गीले कपड़े से पोंछ लें।
बेबी पाउडर
यह ट्रिक बहुत कम महिलाएं जानती हैं। तेल वाली सतह पर थोड़ा बेबी पाउडर लगाकर 2-3 मिनट छोड़ दें। पाउडर तेल को सोख लेगा। फिर, माइक्रोफाइबर कपड़े से बोतल को पोंछ लें। इससे तेल के जिद्दी दाग आसानी से साफ हो जाएंगे। सफाई के बाद बोतल को कॉफी फिल्टर पेपर या किचन टिश्यू से पोंछें। यह सतह पर बची हुई सारी चिकनाई को हटा देता है और बोतल को साफ कर देता है।
सिरके से साफ करें ढक्कन
तेल के बोतल से ज्यादा चिकनाई बोतल के ढक्कन में जमा होती है। इसलिए, ढक्कन को गर्म पानी में थोड़ा सिरका डालकर 10 मिनट भिगो दें। फिर पुराने टूथब्रश से साफ करें। इससे अंदर जमी चिकनाई भी निकल जाएगी।
नींबू के छिलके का करें इस्तेमाल
नींबू का रस ही नहीं, इसका छिलका भी बड़े काम का होता है। सफाई के बाद नींबू के छिलके को बोतल पर रगड़ें। इससे चिकनाई की गंध दूर होती है और बोतल फ्रेश दिखेगी।
बोतल को चिपचिपाहट से बचाने के उपाय
- हर बार इस्तेमाल के बाद बोतल का मुंह साफ करें।
- हफ्ते में एक बार बाहर से बोतल को साफ जरूर करें।
- तेल की बोतल को गैस स्टोव के ज्यादा पास न रखें।
- बोतल के नीचे छोटी ट्रे रखें।
- समय-समय पर ढक्कन को खोलकर साफ करें।
यह भी पढ़ें- Kitchen Cleaning Hack: बिना पानी और डिश वॉश के मिनटों में ऐसे साफ करें तेल की बोतल पर जमी चिकनाई
तेल की बोतल पर जमी चिकनाई से न सिर्फ किचन की खूबसूरती खराब होती है, बल्कि गंदगी और बैक्टीरिया को भी आकर्षित कर सकती है। ऐसे में इन आसान हैक्स को अपनाकर आप तेल की बोतल को लंबे समय तक साफ बनाए रख सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Gemini and magnific.com
