Chhath Puja 2026 Schedule In Hindi: छठ पूजा का नाम आते ही मन में मिट्टी के चूल्हे पर बनता गुड़ वाला ठेकुआ, बांस के सूप में सजे फल और नदी किनारे जलते दीयों की तस्वीर आने लगती है। बिहार में इस महापर्व की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू हो जाती हैं। बाजारों में बांस के दउरा, सूप, मिट्टी के चूल्हे और पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की रौनक देखने को मिलती है। चलिए नीचे लेख में जानते हैं साल 2026 में छठ पूजा कब है और चारों दिनों में कौन-कौन से खास अनुष्ठान किए जाएंगे।
छठ पूजा 2026 कब से शुरू होगी?
साल 2026 में छठ महापर्व 13 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक चलेगा। यह पर्व कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से सप्तमी तिथि तक मनाया जाएगा।
चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है। व्रती परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। इस दौरान साफ-सफाई से लेकर प्रसाद बनाने और घाटों की सजावट तक हर काम विशेष नियमों के साथ किया जाता है।
छठ पूजा से पहले बाजारों में क्यों बढ़ जाती है मिट्टी के चूल्हे और बांस के सूप की मांग?
छठ पूजा की तैयारियों में मिट्टी के चूल्हे और बांस से बनी सामग्री की खास भूमिका होती है। बिहार के बाजारों में पर्व से पहले बांस के सूप, दउरा, टोकरी और मिट्टी के चूल्हे की दुकानें सजने लगती हैं।
इनकी खरीदारी के लिए लोग परिवार के साथ बाजार पहुंचते हैं। बांस के सूप में ठेकुआ, केला, नारियल, गन्ना, डाभ नींबू और दूसरे मौसमी फल सजाकर सूर्य देव को अर्पित किए जाते हैं। वहीं, कई परिवार खरना का प्रसाद और ठेकुआ बनाने के लिए मिट्टी के चूल्हे का इस्तेमाल करते हैं। पारंपरिक तरीके से आम की लकड़ी या अन्य उपयुक्त लकड़ी से प्रसाद बनाया जाता है।
छठ पूजा 2026 का चार दिनों का पूरा शेड्यूल
छठ पूजा के चारों दिन अलग-अलग परंपराओं और नियमों के साथ मनाए जाते हैं। हर दिन का अपना महत्व है। आइए जानते हैं किस दिन क्या किया जाएगा।
| दिन | तिथि और दिन | मुख्य परंपरा और नियम | प्रमुख प्रसाद / विशेषता |
| पहला दिन | 13 नवंबर 2026, शुक्रवार | नहाय-खाय | स्नान, घर की सफाई और शुद्ध सात्विक भोजन (चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी) |
| दूसरा दिन | 14 नवंबर 2026, शनिवार | खरना | सुबह से शाम तक उपवास, सूर्यास्त के बाद पूजा और प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ |
| तीसरा दिन | 15 नवंबर 2026, रविवार | संध्या अर्घ्य | बांस के सूप और दउरा में फल आदि सजाकर नदी या तालाब के घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य |
| चौथा दिन | 16 नवंबर 2026, सोमवार | उषा अर्घ्य | सूर्योदय से पहले घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देना और प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण |
पहला दिन (13 नवंबर 2026, शुक्रवार) – नहाय-खाय
इस दिन व्रती स्नान करके घर की सफाई करते हैं। इसके बाद शुद्ध सात्विक भोजन बनाया जाता है। आमतौर पर चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी खाई जाती है।
दूसरा दिन (14 नवंबर 2026, शनिवार) – खरना
इस दिन व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं। सूर्यास्त के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाकर पूजा की जाती है। प्रसाद ग्रहण करने के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।
तीसरा दिन (15 नवंबर 2026, रविवार)– संध्या अर्घ्य
इस दिन बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल और गन्ना सजाया जाता है। शाम को नदी या तालाब के घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।
चौथा दिन (16 नवंबर 2026, सोमवार) – उषा अर्घ्य
अंतिम दिन सुबह सूर्योदय से पहले व्रती घाट पर पहुंचती हैं। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। इसके बाद प्रसाद ग्रहण करके व्रत का पारण किया जाता है। तिथियां 2026 के छठ कैलेंडर के अनुसार हैं। अर्घ्य का सही समय शहर के सूर्योदय और सूर्यास्त के अनुसार अलग होगा।
छठ पूजा में इन चीजों के बिना अधूरी है तैयारी
छठ पूजा के लिए कुछ पारंपरिक चीजों की खरीदारी पहले से कर लेना अच्छा रहता है। इनमें बांस का सूप, दउरा, मिट्टी का चूल्हा, मिट्टी के दीये, नारियल, केला, गन्ना, डाभ नींबू, अदरक, हल्दी, ठेकुआ और चावल के लड्डू शामिल हैं। हालांकि, प्रसाद और सामग्री की सूची परिवार और क्षेत्र की परंपरा के अनुसार बदल सकती है।
इसे भी पढ़ें-Chhath Puja 2026 Vrat Mistakes: छठ व्रत में भूल से भी न करें ये गलतियां, अभी बना लें लिस्ट
छठ पूजा बिहार की लोकसंस्कृति, प्रकृति और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा ऐसा महापर्व है, जिसमें हर छोटी-बड़ी चीज का अपना महत्व है। साल 2026 में 13 से 16 नवंबर तक मनाए जाने वाले इस महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit-ai (main image)
