जब हम बात एक परिवार की करते हैं, तो हमारे मन में कई बातें आती हैं। परिवार के अंदर कई बार वैचारिक मतभेद इतने बढ़ जाते हैं, कि आपसी संबंध खराब हो जाते हैं। किसी रिश्ते में थोड़ी बहुत नोंकझोक होना आम बात है, लेकिन, जब यही नोंकझोक मनमुटाव में बदलने लगे और आपके रिश्ते में दूरियां बढ़ने लगे, तो आपको सतर्क होने की जरूरत है।
भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के अंदर धैर्य की कमी देखने को मिल रही है।अहम टकराव की वजह से कई बार हम अपने करीबियों को ही तंग करने लगते हैं। इस वजह से ही आजकल रिश्ते काफी प्रभावित होने लगे हैं। अगर आपके रिश्ते में भी लगातार कलह बना रहता है, तो इसकी वजह आपकी कुछ गलतियां हो सकती हैं, जिनकी पहचान कर इन्हें जल्द से जल्द दूर करना जरूरी है। परिवार में कलह के दौरान आप भूलकर भी इन 5 बातों को न कहें, ताकि रिश्तों में दरार न पड़े।
किसी भी बात पर फौरन जवाब न दें
दिल्ली स्थित बीजेआरएम अस्पताल की सीनियर साइकोलॉजिस्ट शिखा पाठक का कहना है, कि हर बार यह जरूरी नहीं, कि परिवार में शांति बनाए रखने के लिए आप हर बात पर सहमत हों। बड़ी ही शांति के साथ यहां आप अपनी असहमति जाहिर कर सकती हैं। आवेग और गुस्से में कहे गए शब्द आपको और परिजनों को परेशान कर सकते हैं। जब ऐसा लगने लगे, कि आप अपनी भावनाओं और गुस्से में काबू नहीं कर पा रही, तो मामले को आगे न बढ़ाएं। चुप रहें, पानी पीयें और अपने को वक्त दें।
मुद्दों से भटकाव न होने दें
परिवार में झगड़े कई बार जिस मुद्दे पर शुरू होते हैं। उससे कहीं आगे चले जाते हैं। मसलन पैसों को लेकर हुई अनबन अचानक सालों की नाराजगी में बदल सकती है। घर की जिम्मेदारियों के बारे में कोई बात किसी ने 5 साल पहले कही थी, तो भी इस चर्चा का हिस्सा बन जाती है। कहने का मतलब ये है, कि जिस समस्या पर बहस शुरू हुई और विषयों की वजह से कहीं पीछे छू गई।
Image Credit: Shutterstock
बस हर बात पर झगड़ना जानती हो- रिश्तों में बढ़ाएंगे तल्खी
पति- पत्नी के बीच हुई लड़ाई को मौके पर न बढ़ने दें। बहस के दौरान बार-बार यह कहने से बचें, कि 'हर बात पर लड़ना आता है'। जब आपके पति या परिवार के अन्य सदस्य बैठे हों, तो यह बात बिल्कुल भी नहीं बोलनी चाहिए। गुस्से में बोले गए शब्द आपके संबंधों को खराब कर सकते हैं। ऐसा करने से बचें। इनका असर रिश्ते पर भी पड़ सकता है। हमेशा सही शब्दों का इस्तेमाल करें, ताकि रिश्तों में किसी तरह की खटास नहीं आए।
गलती तुम्हारी है, मेरी नहीं कहने से बचें
अक्सर पति-पत्नी के बीच कोई छोटी-मोटी बहस होती है, तो अपनी गलती मानने की जगह पत्नी की गलतियां गिनाना शुरू कर देते हैं। किसी भी लड़ाई में पत्नी को 'तुम्हारी गलती है, मेरी नहीं' नहीं बोलना चाहिए। इससे रिश्ते में खटास आ सकती है। रिश्ते में हर बार जीतना जरूरी नहीं होता, बल्कि एक दूसरे को समझना ज्यादा जरूरी होता है। हमेशा ताने भरी बातों को कहने से बचें। याद रखें जिंदगी का ताना-बाना हमेशा प्यार की डोर पर ही आगे बढ़ता है।
पुरानी गलतियों को न कहें
परिवार के सदस्य एक-दूसरे की कमजोरियों, पुरानी गलतियों और उन बातों को अच्छी तरह जानते हैं, जो उन्हें भावनात्मक रूप से चोट पहुंचा सकती हैं। ऐसे में गुस्से के दौरान इन्हीं बातों को बहस का हिस्सा बना लेना रिश्तों में दूरियां बढ़ा सकता है। परिवार में छोटी-सी बहस कब पुराने गिले-शिकवों और मनमुटाव की वजह बन जाती है, पता ही नहीं चलता? पैसों को लेकर शुरू हुई बहस में सालों पुरानी बातें सामने आने लगती हैं! देखते ही देखते बातचीत इतनी बढ़ जाती है, कि कोई किसी की सुनने को तैयार नहीं होता । गुस्से में कही गई बातें दिल दुखा देती हैं।
Image Credit: Shutterstock
परिवार का हर शख्स तुमसे परेशान है- रूला देगी ये बात
पारिवारिक झगड़ों के बीच में अचानक ये बोल देना, कि परिवार का हर शख्स तुमसे परेशान है। एक ताना दिल को तोड़ देने वाला होता है। जोश में बोली गई इस बात का काफी नुकसानदायक असर होता है, क्योंकि यह सुनते ही लोग बेवजह बहस करने लगते हैं। यहां हो सकता है, कि आप किसी एक इंसान से नाराज हों, लेकिन यह कहना कि हर कोई ऐसा ही महसूस करता है, उन्हें घिरा हुआ और बेइज्जत महसूस करा सकता है। यह परिवार के दूसरे सदस्यों को भी झगड़े में घसीट सकता है, जिसके बारे में उन्हें पता भी नहीं होगा।
अगर आप अपनी भावनाओं के बारे में बात कर रहे हैं, तो उन्हें अपनाएं। दूसरों को कुछ कहने की बजाय कहें, “जो हुआ उससे मुझे दुख पहुंचा ।” रिश्तों को प्यार और आपसी समझ से बेहतर करने में विश्वास रखें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
(डिस्क्लेमर- इस लेख में बताई गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।)
Image Credit : AI, magnific.com, Shutterstock.com
