पाकिस्‍तान बॉर्डर के सबसे करीब अमृतसर शहर एक बहुत ही पॉपुलर टूरिस्‍ट प्‍लेस होने के साथ-साथ एतिहासिक और धार्मिक जगह भी है। यह शहर कई वजहों से फेमस है, एक वजह यह भी है कि यहां पर आपको पकिस्‍तानी एम्‍ब्रॉयडरी वाले कपड़े भी मिल जाएंगे। खासतौर पर आपको यहां पर पाकिस्‍तानी सलवार सूट से की अच्‍छी रेंज देखने को मिल जाएगी। लाइटवेट और हैवी वेट सलवार सूट में आपको बहुत सारे ऐसे डिजाइंस देखने को मिलेंगे, जो पाकिस्‍तान में बहुत फेमस होते हैं। ऐसा नहीं है कि इन्‍हें पाकिस्‍तान से इम्‍पोर्ट किया जाता है। बल्कि इन सलवार सूट को तैयार करने वाले कारिगरों का रिस्‍ता पाकिस्‍तान से है। जी हां, कुछ सिख और हिंदू कारिगार पार्टीशन के वक्‍त जब पाकिस्‍तान से हिंदुस्‍तान आए, तो अमृतसर में ही बस गए है। अपने साथ वह वहां की कारिगरी भी ले आए थे, सो उनकी पुश्‍ते आज भी वही काम कर रही हैं। पाकिस्‍तानी एम्‍ब्रॉयडरी वाले सूट अगर आप पहनना चाहती हैं, तो आपको अमृतसर की कटरा जयमल सिंह मार्केट आना होगा।

कहां है यह मार्केट?

कटरा जयमल सिंह मार्केट गोल्‍डन टेम्‍पल के नजदीक ही है। यह अमृतसर की होलसेल मार्केट है। यहां पहुंचना आसान है। आप किसी भी रिक्‍से, ऑटो या टेम्‍पो से इस मार्केट में आ सकती हैं। इस मार्केट में पतली-पतली गलियां हैं, जहां पटरियों पर मार्केट लगती हैं। यहां आपको महिलाओं के लिए सलवार सूट से लेकर बच्‍चों के खिलौने तक मिल जाएंगे।

कटरा जयमल सिंह बाजार से क्‍या खरीदें?

यह महिलाओं के लिए बहुत ही अच्‍छी मार्केट है। यहां आपको फुलकारी काम वाले दुपट्टे, सलवार सूट और अन्‍य सामान मिल जाएगा। वहीं पाकिस्‍तान की फेमस कराची एम्‍ब्रॉयडरी वाले सलवार सूट भी आपको यहां बहुत आसानी से मिल जाएंगे। इनकी पहचान यह है कि इन पर मुकैश का काम किया जाता है। हालांकि, मुकैश के काम वाले सलवार सूट तो आपको लखनऊ में भी मिल जाएंगे, मगर कराची एम्‍ब्रॉयडरी के बीच में मोटे तारों से मुकैश का काम किया जाता है। यह सूट बहुत ज्‍यादा खूबसूरत नजर आते हैं। इस बाजार में वैसे तो आपको 250 रुपये से अच्‍छे सूट सेट मिलना शुरू हो जाएंगे, जिन पर आपको फुलकारी का काम देखने को मिलेगा, मगर पाकिस्‍तानी एम्‍ब्रॉयडरी वाले सूटों की कीमत कम से कम 350 रुपये से शुरू होती है। यहां से आप सलवार सट के पीस और दुपट्टे भी खरीद सकती हैं।

कटरा जमाल सिंह बाजार कब और कैसे जाएं

यह बाजार सुबह 10 बजे से रात के 8 बजे तक खुली रहती है। यहां आप हफ्ते में सोमवार से लेकर शनिवार तक कभी भी आ सकती हैं। यह बाजार अमृतसर के अंदर सिटी में है इसलिए रविवार के दिन बंद रहती है और केवल बहुत ही जरूरी दुकाने खुली रहती हैं। आप यहां पर अपने कनवेंस से भी आ सकती हैं और कई सारे पब्लिक कनवेंस भी आपको मिल जाएंगे, जिनसे आप यहां पर आ सकती हैं।

तो अगर आप हाल फिलहाल में अमृतसर आ रही हैं, तो एक दिन का वक्‍त केवल इस मार्केट में शॉपिंग के लिए निकालें। यहां पहुंच कर आप मात्र 1000 रुपये में ही काफी कुछ खरीद लेंगी। इस मार्केट में फोन और चेन स्‍नैचिंग बहुत अधिक होती है, इसलिए उससे बचकर रहें। यह जानकारी आपको अच्‍छी लगी हो तो इस लेख को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्‍स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Source Expedia