जब हमारे दिन की शुरुआत उसके गुड मॉर्निंग मैसेज से हो, वह आपके पूरे दिन का हाल पूछे, रील्स शेयर करे और आपकी छोटी-छोटी बातों को याद रखे तो ऐसा लगता है कि दोनों के बीच कोई खास कनेक्शन है, लेकिन जैसे ही बात रिश्ते को नाम देने या कमिटमेंट पर आती है, वह गोलमोल जवाब देने लगता है। वह कहता है कि आप उसे पसंद हैं और उसे आपके साथ समय बिताना अच्छा लगता है, लेकिन वह यह कभी साफ नहीं करता कि आप दोनों का रिश्ता आखिर क्या है।
यह स्थिति आपको इस उलझन में डाल सकती है कि क्या वह सच में आपको पसंद करता है या सिर्फ समय बिता रहा है। आइए समझते हैं कि इस तरह के मिले-जुले इशारों के पीछे क्या वजहें हो सकती हैं। इसके लिए हमने कोच, हीलर, लाइफ अल्केमिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट डॉ. चांदनी तुगनैत (Dr. Chandni Tugnait) से भी बात की है। जानते हैं आगे...
कमिटमेंट से बचने के 5 कारण
यहां आपको कुछ कारणों के बारे में बता रहे हैं जो बताते हैं कि आपका पार्टनर क्यों कमिट करने से बच रहा है-
1. पसंद करता है लेकिन रिश्ते के लिए तैयार नहीं है
उसकी भावनाएं सच्ची हो सकती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह गंभीर रिश्ते के लिए तैयार है। हो सकता है कि वह अपनी जिंदगी की प्राथमिकताओं, पुराने रिश्तों के दर्द या भविष्य की उलझनों से जूझ रहा हो। कोई इंसान आपके करीब रहना पसंद कर सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह शादी या पक्के रिश्ते की जिम्मेदारी उठाने को तैयार है।
2. आपकी मौजूदगी पसंद है पर जिम्मेदारी नहीं
कई बार कोई व्यक्ति अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में आपको खास जगह तो दे देता है, लेकिन रिश्ते को ऑफिशियल नहीं करना चाहता।
- दिन भर की थकान के बाद वह आपसे बात करना चाहता है।
- वह अपनी मन की बातें और खुशियां आपके साथ बांटता है।
- उसे आपकी कंपनी पसंद है, लेकिन वह किसी रिश्ते की पाबंदियों में नहीं बंधना चाहता।
3. विकल्प खुले रखना चाहता है
संभव है कि वह आपको पसंद करता हो, लेकिन साथ ही अपने पास दूसरे विकल्प भी खुले रखना चाहता हो। रोजाना मैसेज और बातें करने से आपका कनेक्शन बना रहता है और उसे कोई फैसला भी नहीं लेना पड़ता। वह बिना किसी रिश्ते का लेबल लगाए आपके साथ समय बिताता है। अगर आप भी केवल दोस्ती तक सीमित हैं तब तो ठीक है, लेकिन अगर आप गंभीर रिश्ते की उम्मीद कर रही हैं तो इससे तनाव बढ़ सकता है।
4. मौजूदा स्थिति से वह पूरी तरह सहज है
अगर आप उसे बिना किसी शर्त के इमोशनल सहारा, ध्यान और समय दे रही हैं, तो उसे स्थिति बदलने की कोई जरूरत महसूस नहीं होती। जब भी आप रिश्ते के नाम पर बात करती हैं और वह हर बार बात टाल देता है, तो इस पर ध्यान देने की जरूरत है। जरूरी नहीं कि वह जानबूझकर आपको धोखा दे रहा हो, लेकिन अगर आपकी फीलिंग्स जानने के बाद भी वह टालमटोल कर रहा है, तो उसका यह व्यवहार ही उसका जवाब है।
5. वह आपके साथ भविष्य नहीं देखता
यह सच थोड़ा कड़वा हो सकता है, लेकिन इसे समझना जरूरी है। कोई व्यक्ति आपसे बात करना पसंद कर सकता है, आपकी तारीफ कर सकता है और आपकी परवाह भी कर सकता है, लेकिन फिर भी हो सकता है कि वह आपको अपने लाइफ पार्टनर के रूप में न देखता हो। इसका मतलब यह नहीं कि आपकी बातचीत झूठी थी, बल्कि इसका मतलब केवल यह है कि आप दोनों इस रिश्ते से अलग-अलग उम्मीदें रखते हैं।
एक्सपर्ट की राय: मैसेज से ज्यादा उसके काम पर ध्यान दें
एक्सपर्ट के मुताबिक, अक्सर लोग मैसेजों के आधार पर सामने वाले की पसंद का अंदाजा लगाने लगते हैं कि उसने देर से जवाब क्यों दिया या रात को गुड नाइट क्यों कहा। इन छोटी बातों में उलझने के बजाय बड़े फैसले और व्यवहार को देखें-
- क्या वह आपसे मिलने के सही प्लान बनाता है?
- क्या वह अपनी कही बातों को पूरा करता है?
- क्या वह आपके साथ भविष्य पर खुलकर बात करने को तैयार है?
- क्या उसकी जिंदगी में आपके लिए मोबाइल स्क्रीन से बाहर भी कोई जगह है?
सबसे जरूरी बात यह है कि आप खुद से पूछें कि आप क्या चाहती हैं। अगर आप इस उम्मीद में बैठी हैं कि बार-बार बात करने से वह मान जाएगा, तो आप सिर्फ अपना समय खराब कर रही हैं। रोज के मैसेज केवल पसंद जता सकते हैं, वे किसी रिश्ते को नाम नहीं दे सकते।
निष्कर्ष
अगर कोई आपके साथ पार्टनर की तरह व्यवहार करता है, लेकिन रिश्ते को नाम देने से बचता है, तो उसका व्यवहार ही उसका सबसे बड़ा जवाब है। बातें और मैसेज अपनी जगह हैं, लेकिन एक मजबूत रिश्ते के लिए दोनों तरफ से स्पष्टता और कमिटमेंट की जरूरत होती है। अपने आत्मसम्मान को प्राथमिकता दें और ऐसे रिश्ते में अटके रहने के बजाय खुलकर बात करें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
