छोटे बच्चे अपनी चीज को लेकर थोड़े पजेसिव होते हैं, लेकिन ऐसा हरगिज नहीं कि आप यहां बच्चों पर अनावश्यक दबाव बनाएं। अगर आपका बच्चा 5 साल का है और अपने खिलौने शेयर नहीं करता तो बजाय उसे डांटने के प्यार और अपनेपन की भावना से शेयर करने का महत्व समझाएं। हर पेरेंट्स यही चाहता है कि उसका बच्चा अच्छी आदतें सीखे। समाज में उठने-बैठने और सामंजस्य की भावना रखे। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि कैसे बच्चा शेयरिंग और केयरिंग की भावना समझे।
खिलौने शेयर नहीं करना स्वार्थी व्यवहार नहीं
छोटे बच्चों की आदतें काफी अलग होती हैं। सबसे पहले ये समझना जरूरी है कि खिलौने शेयर नहीं करना अपने आप में स्वार्थी व्यवहार नहीं है। दरअसल, इस उम्र में बच्चा अपनी पसंद, अपनी चीजों और अपनी सीमाओं को लेकर काफी स्पष्ट होता है। वह यह समझने लगता है कि ‘यह मेरा है,’ लेकिन वह अभी कई चीजें सीख रहा होता है, जैसे परिस्थिति के अनुसार अपनी इच्छा को रोकना, दूसरे की जरूरत समझना और बारी का इंतजार करना आदि। चाइल्ड एंड पेरेंटिंग साइकोलॉजिस्ट पूनम अरोड़ा के अनुसार, सबसे पहला काम माता और पिता दोनों को ही बच्चों को ऐसा कहने से बचना चाहिए। जैसे तुम स्वार्थी हो, तुम बहुत जिद्दी हो। इससे बच्चे को यह मैसेज मिलता है कि अपनी चीजों या भावनाओं को व्यक्त करना गलत है।
Image Credit:magnific.com
शेयरिंग नहीं करने की असली वजह समझें
कई बार बच्चे को खिलौने शेयर करने से ज्यादा परेशानी इस बात से होती है कि दूसरा बच्चा उसकी चीज बिना पूछे ले रहा है।यहां पर ध्यान दें कि दोनों परिस्थितियों में अंतर है। ऐसे में बच्चे से सवाल करें। “तुम अभी यह खिलौना किसी को नहीं देना चाहते?” या “तुम्हें डर है कि दूसरा बच्चा इसे खराब कर देगा?” इसके बाद उसकी पूरी बात सुनें। अगर वह खिलौना उस समय खुद इस्तेमाल कर रहा है तो उसे तुरंत छीनकर दूसरे बच्चे को न दें। यहां पर आप कह सकते हैं कि “अभी तुम खेल रहे हो। जब तुम्हारा खेल पूरा हो जाए तो हम दूसरे बच्चे को चांस देंगे।” ऐसा करने से बच्चे को लगता है कि उसकी भावनाएं सुनी और समझी जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- काजोल की इस एक पेरेंटिंग टिप ने इशिता दत्ता के बेटे वायु को दर्द से दिलाई राहत, 'दृश्यम 3' एक्ट्रेस ने किया खुलासा
बच्चों में कैसे डालें शेयरिंग करने की आदत?
Image Credit:magnific.com
हमेशा याद रखें कि शेयरिंग की हैबिट बच्चे में आदेश देने से नहीं बल्कि अभ्यास से डेवलप होती है। इसके लिए घर में छोटे-छोटे मौके बनाएं, लेकिन कैसे यहां समझें?
- बच्चे को स्नैक्स देते समय पूछें- “क्या तुम इसमें से थोड़ा पापा को देना चाहोगे?” वह मना करे तो उसे शर्मिंदा न करें।
- बोर्ड गेम, गेंद या दूसरे खेलों में “मेरी बारी-तुम्हारी बारी” की प्रैक्टिस करवाएं।
- इससे बच्चा यह समझने लगता है कि शेयर करने का मतलब अपनी चीज हमेशा के लिए छोड़ देना नहीं है।
- कई बार इसका अर्थ केवल कुछ समय के लिए अपनी बारी देना होता है।
- “यह खिलौना अभी दोस्त को दो” कहने की बजाय बच्चे को दो ऑप्शन दें।
- उदाहरण के लिए- “तुम यह कार अभी देना चाहते हो या पांच मिनट बाद?” इससे बच्चे में नियंत्रण की आदत बनेगी।
- अगर कुछ खिलौने उसके लिए स्पेशल हैं तो खेलने से पहले उन्हें अलग रखना अच्छा तरीका है।
- उसे बताएं- “ये तुम्हारे खास खिलौने हैं। इन्हें अभी हम अलमारी में रख देते हैं। बाकी खिलौनों से दोस्त खेल सकते हैं।”
यह भी पढ़ें- मां और पिता के साथ बच्चे अलग व्यवहार क्यों करते हैं? जानें क्या है पेरेंटिंग में इमोशनल कंफर्ट?
अगर घर में बच्चे की हर डिमांड तुरंत पूरी होती है तो उसे अपनी इच्छा रोकना कठिन लग सकता है। दूसरी तरफ, अगर घर में उसकी चीजें बार-बार बिना पूछे इस्तेमाल की जाती हैं तो वह उन्हें लेकर ज्यादा पजेसिव हो सकता है। इस उम्र में बच्चे उपदेश से कहीं ज्यादा देखकर सीखते हैं, इसलिए पहले पेरेंट्स को पहले खुद रोल मॉडल बनना होगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: magnific.com
