आज के आधुनिक दौर में रिश्ते जितनी तेजी से बनते हैं, उतनी ही तेजी से नए-नए डेटिंग ट्रेंड्स भी सामने आते रहते हैं। कभी 'घोस्टिंग' तो कभी 'ब्रेडक्रंबिंग', लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर 'पॉकेटिंग' नाम का नया ट्रेंड काफी चर्चा में है। अगर आप भी इस ट्रेंड के बारे में विस्तार से जानना चाहती हैं, तो यह लेख आपके लिए बेहद मददगार साबित होगा।
क्या है 'पॉकेटिंग' रिलेशनशिप ट्रेंड?
अक्सर देखने को मिलता है कि लोग एक-दूसरे को महीनों तक डेट करते हैं और आपस में खूब वक्त बिताते हैं, लेकिन जब बात पार्टनर को अपने दोस्तों और परिवार वालों से मिलवाने की आती है, तो वह झिझकने लगता है या बहाने बनाने लगता है। असल में इसी रवैये को रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स 'पॉकेटिंग' कहते हैं। इस ट्रेंड में एक इंसान अपने साथी को दुनिया से छुपाकर, सिर्फ अपने तक ही सीमित रखना चाहता है।
पॉकेटिंग ट्रेंड को पहचानने के 4 आसान संकेत
अगर आपका पार्टनर आपको अपनी जिंदगी में खुलकर शामिल करने के बजाय एक सीक्रेट बनाकर रख रहा है, तो यह पॉकेटिंग का स्पष्ट संकेत हो सकता है। आइए इन 4 संकेतों से इसकी पहचान करते हैं:
1. परिवार और दोस्तों से दूर रखना
एक रिश्ते में दोनों पार्टनर भले ही अकेले में काफी अच्छा समय बिताते हों या महीनों तक एक-दूसरे के साथ रहते हों, लेकिन जब भी आप उनके दोस्तों से मिलने या परिवार वालों से परिचय कराने की बात करेंगी, तो वे विषय बदल देंगे या सीधे मना कर देंगे। हर बार कोई न कोई मजबूरी या बहाना बनाना पॉकेटिंग का ही इशारा है।
2. सोशल मीडिया पर आपकी मौजूदगी पूरी तरह गायब होना
आजकल लोग हर छोटी-बड़ी बात सोशल मीडिया पर शेयर करना पसंद करते हैं। इसके बावजूद अगर आपका पार्टनर सोशल प्लेटफॉर्म्स पर एक्टिव रहने के बाद भी आपकी एक भी तस्वीर या जिक्र शेयर नहीं करता, तो समझ जाइए कि वह दुनिया के सामने खुद को सिंगल दिखाना चाहता है या इस रिश्ते को छुपा रहा है।
यह भी पढ़ें- रिश्तेदारों की बेवजह सलाह से हैं परेशान? जानें उनसे निपटने के 3 स्मार्ट तरीके
3. हमेशा सुनसान और शांत जगहों पर मिलने की जिद
पॉकेटिंग करने वाले लोग कभी भी आपको भीड़भाड़ वाली या मशहूर जगहों पर ले जाने से बचेंगे। वे हमेशा घर के अंदर या शहर के किसी दूर-दराज के कोने में डेट प्लान करना पसंद करते हैं। अगर आपका पार्टनर सार्वजनिक कैफे, मॉल या इवेंट्स में जाने के बजाय हमेशा ऐसी जगहें चुनता है जहां कोई जान-पहचान वाला न मिले, तो समझ जाएं कि वह रिश्ते को छुपाने की कोशिश में है।
4. भविष्य या रिश्ते के नाम पर बातचीत से कतराना
जब कोई इंसान आपको पॉकेट में रख रहा होता है, तो वह आपके साथ फिलहाल का पल तो एन्जॉय करता है, लेकिन भविष्य पर बात करना बिल्कुल पसंद नहीं करता। जब भी आप अपने पार्टनर से रिश्ते के भविष्य को लेकर बात करेंगी और वह चिढ़ जाए या बात को मजाक में टाल दे, तो यह पॉकेटिंग का बड़ा इशारा है।
यह भी पढ़ें- क्या रिश्ते में इंटिमेसी की कमी बना रही है आपको चिड़चिड़ा? जानिए एक्सपर्ट की राय
रिश्ता हमेशा बराबरी, सम्मान और खुलकर स्वीकार करने पर टिकता है। ऐसे में आप भी इन 4 संकेतों से पॉकेटिंग की पहचान करें और सही समय पर अपने साथी से इस विषय पर खुलकर बात जरूर करें। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific
