जब बच्‍चे बड़े होने लगते हैं तो स्कूल जाना, दोस्तों के साथ पार्क में खेलना, सोसाइटी में घूमना और आसपास की जगहों को अकेले एक्सप्लोर करना उनकी लाइफ का हिस्सा बन जाता है। ऐसे में माता-पिता हर समय बच्चों के साथ हों यह संभव नहीं होता। यही वह समय है जब बच्चों को पढ़ाई, अच्छे संस्कार और एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज के साथ अपनी सुरक्षा करना भी सिखाना जरूरी हो जाता है।  बच्चों की मासूमियत और अनजान लोगों पर जल्दी भरोसा करने की आदत उन्हें मुश्किल में डाल सकती है। इसलिए उन्हें छोटी उम्र से ही यह समझाना चाहिए कि किसी अनजान व्यक्ति से कैसे बात करनी है, कब मदद मांगनी है और खतरा महसूस होने पर क्या करना है?

 यहां बताए जा रहे पेरेंटिंग रूल्स हर माता-पिता के लिए बेहद खास हैं। आप भी बच्‍चों को डराने के बजाय प्यार से कुछ जरूरी सेफ्टी रूल्स सिखा सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 नियम, जो हर बच्चे को जरूर पता होने चाहिए।

अनजान लोगों से कुछ भी लेने से करें मना

बच्चों को समझाएं कि हर प्‍यार से बात करने वाला व्यक्ति उनका दोस्त नहीं होता। कोई भी अनजान व्यक्ति उन्हें चॉकलेट, खिलौना, गिफ्ट या खाने की कोई चीज देने की कोशिश करे तो उसे स्वीकार न करें। बच्चों को यह भी बताएं कि कोई व्यक्ति उन्हें किसी पालतू जानवर को दिखाने, सरप्राइज देने या किसी खास जगह ले जाने का लालच दे, तब भी उसके साथ न जाएं। उन्हें सिखाएं कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ कहीं जाने से पहले माता-पिता या भरोसेमंद अभिभावक की अनुमति लेना जरूरी है।

Image Credit: magnific.com

अपनी पर्सनल जानकारी किसी को न बताएं

बच्चों को बताएं कि उन्हें अपना पूरा नाम, घर का पता, माता-पिता का फोन नंबर, स्कूल का नाम और रोजाना आने-जाने का समय किसी अनजान व्यक्ति को नहीं बताना चाहिए। सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के दौरान भी अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। उन्‍हें यह समझाएं कि कोई व्यक्ति खुद को मम्मी-पापा का दोस्त बताकर जानकारी मांगे तो तुरंत उसकी बातों पर भरोसा न करें। पहले माता-पिता से इसकी पुष्टि करें।

खतरा महसूस होने पर जोर से चिल्लाएं और मदद मांगें

बच्चों को सिखाना जरूरी है कि अगर कोई अनजान व्यक्ति उनका हाथ पकड़कर जबरदस्ती कहीं ले जाने की कोशिश करे। उन्हें असहज महसूस हो तो चुप न रहें। उन्हें जोर से चिल्लाना चाहिए और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगनी चाहिए।

यहां उन्हें कुछ जरूरी वाक्य बोलने की प्रैक्टिस कराएं, जैसे 'ये मेरे मम्मी-पापा नहीं हैं', 'मुझे मदद चाहिए' और 'मुझे इनके साथ नहीं जाना है।' बच्चों को यह भी बताएं कि ऐसी स्थिति में सुरक्षित जगह की ओर भागना और भरोसेमंद बड़े व्यक्ति से मदद मांगना जरूरी है।

हर बच्‍चे को मालूम होने चाहिए जरूरी इमरजेंसी नंबर

आपके बच्‍चों को कम से कम 1 या 2 भरोसेमंद लोगों के फोन नंबर जरूर याद होने चाहिए। इनमें माता-पिता के नंबर और परिवार के किसी अन्य सदस्य का नंबर शामिल हो सकता है। अगर बच्चा फोन इस्तेमाल करना जानता है तो उसे इमरजेंसी कॉल करना भी सिखाएं।

देश में बच्चों की मदद के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और आपातकालीन सहायता के लिए 112 उपलब्ध है। बच्चों को बताएं कि जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर मदद मांगी जा सकती है। हालांकि, उन्हें यह भी समझाएं कि फोन न होने की स्थिति में किसी सुरक्षित सार्वजनिक जगह पर मौजूद भरोसेमंद व्यक्ति से मदद मांगें।

सुनसान और अनजान रास्तों पर घूमने से बचें

बच्चों को बताएं कि पार्क, बाजार, सोसाइटी या स्कूल के आसपास भी बिना बताए कहीं नहीं जाना चाहिए। खेलने के लिए निकलते समय माता-पिता को जरूर बताएं कि वे कहां जा रहे हैं और किसके साथ हैं?

उन्‍हें यह भी बताने की कोशिश करें कि अगर रास्ते में कोई परिचित व्यक्ति उन्हें घर छोड़ने की बात कहे, तब भी माता-पिता की अनुमति के बिना उसके साथ न जाएं। स्कूल से घर लौटने के लिए पहले से तय सुरक्षित रास्ते का ही इस्तेमाल करें।

Image Credit: magnific.com

हर पेरेंट इन बातों का रखें ध्यान

बच्चों को सेफ्टी रूल्स सिखाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी माता-पिता का सतर्क रहना भी है। ऐसे में यहां बताए गए पेरेंटिंग टिप्‍स आपके बेहद काम आएंगे।

  • अपने बच्चे को स्कूल से लेने और छोड़ने की व्यवस्था पहले से तय रखें।
  • उन्‍हें बताएं कि किसी भी बदलाव की जानकारी माता-पिता को देना जरूरी है।
  • सोसाइटी या पार्क में खेलने के दौरान बच्चे की गतिविधियों पर नजर रखें।
  • बच्चों को भरोसा दिलाएं कि वे किसी भी परेशानी या गलत अनुभव के बारे में बिना डरे आपको बता सकते हैं।
  • समय-समय पर घर पर सेफ्टी से जुड़े छोटे-छोटे रोल-प्ले और प्रैक्टिस सेशन करें।

 बच्चों को सुरक्षित रखने का मतलब उन्हें हर समय डराकर रखना नहीं है। उन्हें इतना जागरूक और आत्मविश्वास से लबरेज बनाना है कि वे सही और गलत स्थिति के बीच अंतर समझ सकें। जरूरत पड़ने पर अपनी सुरक्षा के लिए सही कदम उठा सकें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 Image Credit: magnific.com