समय के साथ रिश्ते में बदलाव आना स्वाभाविक है। जब यही बदलाव कपल्स के बीच दूरियां बढ़ाने लगे, तो परेशानी होने लगती है। क्या आपको भी लगता है कि आपका रिश्ता पहले जितना मजबूत नहीं रहा? अगर हां, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कमजोर होते रिश्ते को फिर से मजबूत बनाने के लिए आज इस लेख में हम आपको 3 ऐसी आदतों के बारे में बताएंगे, जो आपके रिश्ते में फिर से प्यार भर सकती हैं।

डेली रूटीन में शामिल करें ये 3 आदतें

वर्किंग वुमन हों या हाउसवाइफ, आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई व्यस्त रहता है। घर की जिम्मेदारियों और करियर के चक्कर में अक्सर कपल्स को एक-दूसरे के लिए समय ही नहीं मिल पाता। ऐसे में पार्टनर के बीच दूरियां बढ़ने लगती हैं। अगर आप दूरियों को मिटाकर बॉन्डिंग को गहरा बनाना चाहती हैं, तो अपनी डेली रूटीन में ये 3 आदतें जरूर शामिल करें- 

1. फोन से दूर होकर एक-दूसरे को दें समय

आज के डिजिटल जमाने में मोबाइल के बिना रहना मुश्किल हो गया है। यही वजह है कि कपल्स के बीच दूरियां बढ़ने लगी हैं। लोग एक-दूसरे से बात करने के बजाय अपना खाली समय फोन चलाने में बिता देते हैं। खाली समय में फोन इस्तेमाल करने के बजाय दिनभर में कम से कम 20 से 25 मिनट एक-दूसरे से दिल की बात करें। ऐसा करने से आपके बीच बातचीत बढ़ेगी और बॉन्डिंग भी मजबूत होगी। 

2. एक-दूसरे की तारीफ करने की आदत डालें

हर कपल को एक-दूसरे की कुछ आदतें पसंद नहीं होती हैं। इस वजह से वे अक्सर किसी न किसी बात पर शिकायत करते रहते हैं। बात-बात पर ताने मारना या शिकायत करना रिश्ते को अंदर से कमजोर बना देता है। इसलिए कमियां निकालने के बजाय पार्टनर के अच्छे कामों की खुलकर तारीफ करें। आपकी एक छोटी सी तारीफ उनके चेहरे पर मुस्कान ला सकती है और रिश्ते में मिठास घोल सकती है।

3. पार्टनर का मूड खराब हो, तो करें उनकी पसंदीदा चीजें

रिश्ते में स्ट्रॉन्ग बॉन्डिंग बनाने और पार्टनर का दिल जीतने के लिए अपनी रूटीन में यह खास आदत जरूर शामिल करें। जब भी आपको लगे कि आपके पार्टनर का मूड खराब है, तो उनकी पसंद का खास ध्यान रखें। पार्टनर के साथ ऐसी चीजें करें जो उन्हें पसंद हों। आप उनके लिए उनकी पसंदीदा डिश बना सकती हैं या फिर उनके साथ एक छोटी सी लॉन्ग राइड प्लान कर सकती हैं।  

अगर आप भी अपने रिश्ते को पहले जैसा खूबसूरत और मजबूत बनाना चाहती हैं, तो ऊपर बताए गए ये 3 टिप्स आपके बहुत काम आएंगे। इन्हें अपनाकर देखें, आपके रिश्ते में प्यार और मिठास फिर से लौट आएगी।यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit :  magnific