एक समय था जब प्यार का इजहार या जताने के लिए लोग महंगे गिफ्ट खरीदते थे और पार्टनर को खुश करने के लिए बड़े-बड़े सरप्राइज प्लान करते थे, लेकिन अब रिश्तों को लेकर जेन जी की सोच कुछ अलग ही है। इनका प्यार जताने का तरीका थोड़ा अलग है।
कैसा है जेन जी के प्यार जताने का तरीका?
जेन जी के लिए पार्टनर का बिना कहे हाल पूछ लेना, पसंद का खाना याद रखना या मुश्किल दिन में साथ देना भी बहुत मायने रखता है। यानी अब प्यार सिर्फ खास दिनों पर मिलने वाले गिफ्ट तक नहीं रह गया है। रोज की छोटी-छोटी बातें भी रिश्ते को खास बना सकती हैं। जेन जी अब दिखावे से ज्यादा पार्टनर की छोटी कोशिशों को अहमियत दे रहे हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में-
image credit- magnific
पार्टनर की छोटी-छोटी पसंद याद रखना
Gen-Z के लिए प्यार जताने का एक तरीका यह है कि पार्टनर को छोटी-छोटी बातों से यह महसूस कराया जाए कि उसकी पसंद का हमेशा ध्यान रखा जाता है। जैसे उसे कौन सा डिश पसंद है, उसे चाय अच्छी लगती है या कॉफी, या फिर खाली समय में उसे क्या करना अच्छा लगता है? ये बातें सुनने में भले ही छोटी लगें, लेकिन जब पार्टनर बिना याद दिलाए आपकी पसंद की कोई चीज कर देता है, तो अच्छा लगता है। इससे सामने वाले को फील होता है कि उसकी बातों पर ध्यान दिया जाता है।
बिजी दिन में कुछ मिनट निकालना
आजकल काम, पढ़ाई और दूसरी चीजों के बीच हर किसी का दिन काफी बिजी रहता है। ऐसे में पार्टनर के लिए थोड़ा समय निकालना भी प्यार जताने का अच्छा तरीका है। इसके लिए घंटों फोन पर बात करना जरूरी नहीं है। दिन के बीच में एक छोटा सा मैसेज सेंड करना, हाल पूछना या कुछ मिनट बात कर लेना भी काफी होता है। खासकर तब, जब दोनों अपने-अपने काम में बिजी हों।
मुश्किल समय में पार्टनर का साथ देना
ये तो हम सभी जानते हैं कि हर दिन एक जैसा नहीं होता है। कभी काम का स्ट्रेस होता है, तो कभी किसी बात की वजह से मूड खराब हो जाता है। ऐसे में पार्टनर को समझना और उसका साथ देना भी प्यार दिखाने का एक तरीका है। कई बार सामने वाले को एडवाइस देने की जरूरत नहीं होती, उसे बस कोई ऐसा चाहिए होता है जो उसकी बातों को सुने और समझे। ऐसे में जब पार्टनर बिना जज किए उसकी बातों को सुनता है और खराब समय में साथ रहता है, तो यह छोटी कोशिश भी रिश्ते में बहुत मायने रखती है।
image credit- magnific
जरूरी काम से पहले विश करना
मान लीजिए आपके पार्टनर की कोई जरूरी मीटिंग है, एग्जाम है या उसे किसी खास काम के लिए कहीं जाना है। ऐसे में उसे पहले से विश करना भी उसे अच्छा महसूस करा सकता है। यह एक छोटा सा मैसेज हो सकता है, लेकिन इससे सामने वाले को पता चलता है कि आप उसकी जरूरी बातों को याद रखते हैं। जेन जी भी यही तरीका अपना रहे हैं।
सिर्फ खास दिनों पर नहीं, आम दिनों में भी प्यार जताना
वैलेंटाइन डे, बर्थडे या एनिवर्सरी पर गिफ्ट देना अच्छी बात है, लेकिन प्यार जताने के लिए सिर्फ इन्हीं दिनों का इंतजार जेन जी नहीं करते हैं। Gen-Z के कई लोग रोजाना की जिंदगी में भी पार्टनर से प्यार और परवाह महसूस करना चाहते हैं। जैसे बिना किसी खास वजह के कहीं बाहर जाना, साथ में डिनर करना या दिनभर की बातें सुनना। जेन की यह आदत भी रिश्तों में प्यार घोलती है।
दिखावे से ज्यादा बिहेवियर पर ध्यान देना
सोशल मीडिया पर बड़े सरप्राइज, महंगे गिफ्ट और शानदार डेट की फोटोज कई लोग पाेस्ट करते हैं, लेकिन रिश्ते में सिर्फ ऐसी चीजें दिखाना ही काफी नहीं है। असल मायने इस बात के हैं कि पार्टनर रोजाना की जिंदगी में कैसा बिहेव करता है। अगर कोई बड़े-बड़े प्रॉमिस करता है, लेकिन जरूरत के समय साथ नहीं देता, तो उन बातों का कोई खास मतलब नहीं है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific
-1795757543972_m.webp)