आज के समय में डेटिंग का तरीका पूरी तरह बदल चुका है, जहां एक ओर पहली मुलाकात को यादगार बनाने के लिए लोग तमाम तरह की तैयारियां करते हैं, वहीं आज की जनरेशन डेटिंग को काफी कैजुअल रूप में देखती है। हालांकि, इस कैजुअल माहौल में भी एक दिलचस्प अंतर साफ नजर आता है जिसमें लड़कियां अपनी पहली डेट को लेकर आज भी काफी सीरियस रहती हैं, वहीं लड़के इस मामले में अक्सर बहुत लापरवाह नजर आते हैं। जहां लड़कियां अपनी ड्रेस, मेकअप और लुक पर घंटों प्लानिंग करती हैं, वहीं लड़के बिना किसी तैयारी के यहां तक कि बिना नहाए-धोए ही सीधे डेट पर पहुंच जाते हैं, जो कई बार पहली मुलाकात के अनुभव को फीका कर देता है।

क्या यह सिर्फ एक छोटी सी लापरवाही है या फिर पार्टनर के प्रति सम्मान और गंभीरता की कमी का बड़ा संकेत? इन तमाम सवालों के पीछे छुपे मनोवैज्ञानिक सच को जानने के लिए हमने खास बातचीत की एम्स दिल्ली की क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और BSF में एमिनेंट फैकल्टी डॉक्‍टर विधि पिलनिया से। आइए जानते हैं उन्होंने इस बारे में क्या क्या कहा?

डेटिंग के लिए लड़कियां करती हैं तैयारी, लड़के भूल जाते हैं नहाना?

लड़के और लड़कियों के डेटिंग स्टाइल में जमीन-आसमान का फर्क होता है। जहां लड़कियां डेट को एक खास मौका मानकर अपने लुक और ड्रेसिंग पर घंटों मेहनत करती हैं, वहीं कई लड़के इसे बहुत कैजुअल ले लेते हैं। असल में, लड़के इस टेंशन में रहते हैं कि बातचीत कैसे होगी या अरेंजमेंट्स क्या होंगे और इसी चक्कर में वे अपनी ग्रूमिंग पर ध्यान देना ही भूल जाते हैं।

Image Credit: Magnific

पहला सवाल

जब एक लड़की डेट पर जाने के लिए घंटों तैयारी करती है, तो लड़का डेट को सामान्य मुलाकात की तरह क्यों लेता है?

डॉ. पिलनिया इस बात का जवाब देते हुए बताती हैं कि अगर जेंडर के नजरिए से बात करें, तो लड़कियां अब उस पारंपरिक छवि से बाहर आ चुकी हैं, जिसमें उनके अच्छे दिखने का मतलब बहुत ज्यादा सजना-संवरना माना जाता था। आजकल के टाइम में मेसी बन और नेचुरल लुक जैसे ट्रेंड काफी फेमस हैं। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि हर लड़की डेट पर बहुत ज्यादा तैयार होकर जाती है और हर लड़का ऐसा नहीं करता है। हालांकि, महिलाओं पर आज भी इस बात का सामाजिक दबाव ज्यादा रहता है कि वे कैसी दिखती हैं और दूसरे लोग उनके लुक को किस तरह देखते हैं।

वहीं, लड़कों के मामले में हमारी सोसाइटी में रफ एंड टफ दिखने की छवि पर ज्यादा प्रेशर बनाती है। उदाहरण के लिए दाढ़ी रखना, मेसी लुक अपनाना या थोड़े रफ कपड़े पहनना भी आजकल का स्टाइल माना जाता है। यह एक बड़ी वजह हो सकती है कि कुछ लड़के अपनी ग्रूमिंग पर उतना ध्यान नहीं देते।

हालांकि, आज के टीनएजर्स लड़के भी अपनी पहली डेट और इस बात को लेकर काफी परेशान होते हैं उनका पहला इंप्रेशन कैसा पड़ेगा। मल्टीपल डेटिंग और बदलते रिलेशनशिप ट्रेंड्स के बीच यह काफी हद तक व्यक्ति की पर्सनैलिटी पर निर्भर करता है कि वह खुद को किस तरह सामने वाले के सामने रखता है।

Image Credit: Magnific

दूसरा सवाल

क्या बिना नहाए या बिना किसी तैयारी के डेट पर पहुंचना पार्टनर के प्रति रेस्पेक्ट कम दिखाता है?

अगले प्रश्न का उत्तर देते हुए डाक्टर कहती हैं, 'जी बिल्कुल। मैं इस बात से सहमत हूं। डेट किसी भी रिश्ते का एक अहम हिस्सा होती है। अगर आप वहां बिना तैयार हुए पहुंचते हैं या अपनी बेसिक हाइजीन का भी ध्यान नहीं रखते, तो सामने वाले को ऐसा महसूस हो सकता है कि आपने इस मुलाकात को खास तवज्जो नहीं दी। साथ ही, सामने वाले को यह भी महसूस हो सकता है कि यह डेट सिर्फ टाइमपास है।

इसे एक उदाहरण से समझते हैं जैसे अगर मैंने आपको अपने घर पार्टी में बुलाया है और आप इवनिंग पजामे में ही आ जाती हैं, तो मुझे लग सकता है कि आपने मेरे इनविटेशन को गंभीरता से नहीं लिया। वहीं, आर्मी में होने वाले कार्यक्रमों में भी ड्रेस प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है। इसलिए आप किसी से मिलने किस तरह जाते हैं, यह कहीं न कहीं दिखाता है कि आप उस मुलाकात को कितनी अहमियत दे रहे हैं। '

तीसरा सवाल

क्या अनहाइजीन और ग्रूमिंग में लापरवाही आज की डेटिंग में सबसे बड़ा रेड फ्लैग हो सकता है?

डॉ. विधि पिलनिया इस प्रश्न का उत्तर देते हुए कहती हैं कि हां, बिल्कुल। अगर आपका पार्टनर अपनी बेसिक हाइजीन का ध्यान नहीं रखता और खुद को प्रेजेंटेबल रखने की कोशिश भी नहीं करता है,तो इसे एक रेड फ्लैग माना जा सकता है। जरा सोचिए, अगर आप ऐसे व्यक्ति के साथ लंबे समय तक रिश्ता निभाने की कल्पना कर रहे हैं, तो आगे चलकर साफ-सफाई को लेकर आपके बीच मतभेद हो सकते हैं। हो सकता है कि इन्हीं छोटी-छोटी बातों से झगड़े शुरू होने लगें। जो व्यक्ति अपनी साफ-सफाई और देखभाल को ही महत्व नहीं देता, उसके लिए अपने पार्टनर की हाइजीन से जुड़ी जरूरतों को समझना भी मुश्किल हो सकता है। हालांकि, किसी एक मुलाकात के आधार पर किसी व्यक्ति के पूरे व्यक्तित्व का आकलन नहीं करना चाहिए, लेकिन अगर व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर लगातार लापरवाही दिखाई दे तो समय रहते इसे तुरंत सुधार लेना चाहिए।

Image Credit: Magnific

चौथा सवाल

पहली डेट पर जाने से पहले लड़कों को किन बेसिक हाइजीन और ग्रूमिंग रूल्स का ध्यान रखना चाहिए?

डॉ. विधि पिलनिया ने बताया कि 'सबसे....... पहले तो व्यक्ति को प्रेजेंटेबल होना चाहिए। बेसिक हाइजीन में हाथों और नाखूनों की साफ-सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। नाखूनों में गंदगी नहीं होनी चाहिए और बाल भी साफ-सुथरे होने चाहिए। ये छोटी-छोटी चीजें आपके पहले इंप्रेशन को प्रभावित करती हैं। इसके अलावा, आप जहां मिलने जा रहे हैं, उस जगह के हिसाब से कपड़े पहनना भी जरूरी है। अगर आप किसी पब्लिक प्लेस पर डेट के लिए जा रहे हैं, तो ऐसे कपड़े चुनें जो उस जगह के लिए अच्छे हों।

एक और बहुत महत्वपूर्ण चीज है बॉडी ओडर यानी शरीर से आने वाली दुर्गंध। यह रिश्तों में अहम भूमिका निभा सकती है। जरूरी नहीं कि आप बहुत ज्यादा परफ्यूम या इत्र लगाएं, लेकिन शरीर से गंध नहीं आनी चाहिए। कई बार बॉडी ओडर की वजह से सामने वाले व्यक्ति को असहजता महसूस हो सकती है और इससे रिश्ते की शुरुआत पर भी असर पड़ सकता है। इसलिए पहली डेट पर जाने से पहले अपनी बेसिक हाइजीन, साफ-सफाई और ग्रूमिंग का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। ये चीजें न सिर्फ आपका अच्छा इंप्रेशन बनाने में मदद करती हैं, बल्कि सामने वाले के प्रति सम्मान भी दिखाती हैं।

आज के दौर में भले ही डेटिंग का तरीका कैजुअल हो गया हो, लेकिन बेसिक हाइजीन और पार्टनर के प्रति सम्मान का मुद्दा आज भी बहुत ही महत्वपूर्ण है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।