Yeh Prem Mol Liya Box Office Day 1: बॉक्स ऑफिस पर हर शुक्रवार नई फिल्मों के लिए अपनी जगह बनाना आसान नहीं होता। खासकर तब, जब पहले से ही कोई बड़ी फिल्म सिनेमाघरों में लोगों की पसंद बनी हुई है। ऐसा ही कुछ आयुष्मान खुराना और शरवरी की नई फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के साथ देखने को मिला। 27 नवंबर, शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म को लोगों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। हालांकि, पहले दिन की कमाई उम्मीदों के मुकाबले धीमी रही। वहीं, बॉक्स ऑफिस पर पहले से अपना दबदबा बनाए बैठी 'रामायण' ने भी फिल्म के सामने बड़ी चुनौती पेश की।
पहले दिन 'ये प्रेम मोल लिया' ने कितने करोड़ कमाए? (Yeh Prem Mol Liya Box Office Collection Day 1)
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'ये प्रेम मोल लिया' ने रिलीज के पहले दिन यानी शुक्रवार को 4 करोड़ रुपये (Yeh Prem Mol Liya Box Office Collection Day 1) का कारोबार किया। इस दौरान फिल्म देशभर में 5,631 शोज में दिखाई गई। फिल्म की शुरुआत ऐसे समय में हुई है, जब सिनेमाघरों में दूसरी फिल्मों के बीच भी दर्शकों को लेकर मुकाबला चल रहा है।
दूसरी तरफ, इमरान हाशमी की फिल्म 'गनमास्टर G9' भी सिनेमाघरों में मौजूद है। इसके अलावा रणबीर कपूर और यश की 'रामायण' लगातार दर्शकों को अपनी ओर खींच रही है। सैकनिल्क के अनुसार, 'रामायण' ने रिलीज के 23वें दिन यानी शुक्रवार को 7 करोड़ (Ramayana Box Office Collection Day 23) रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया। फिल्म पहले ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।
आयुष्मान की पुरानी फिल्मों के मुकाबले कैसी रही ओपनिंग?
आयुष्मान खुराना का(Ayushmann Khurrana) बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड देखें तो उनकी फिल्मों ने अलग-अलग मौकों पर अलग तरह की शुरुआत की है। साल 2015 में आई उनकी फिल्म 'हवाईजादा' को करियर की सबसे कमजोर ओपनिंग मिली थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म ने पहले दिन करीब 60 लाख रुपये कमाए थे।
इसी साल रिलीज हुई 'दम लगा के हईशा' ने भी बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की थी। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन 1.20 करोड़ रुपये रहा था।
हालांकि, 'ये प्रेम मोल लिया' ने आयुष्मान की कुछ चर्चित फिल्मों को ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में पीछे छोड़ दिया है। 'अंधाधुन' ने पहले दिन 2.70 करोड़ रुपये और 'शुभ मंगल सावधान' ने 2.71 करोड़ रुपये कमाए थे। इस लिहाज से नई फिल्म की शुरुआत इन दोनों फिल्मों से बेहतर रही है।
'ये प्रेम मोल लिया कास्ट
'ये प्रेम मोल लिया' का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। फिल्म का निर्माण कमल कुमार बड़जात्या, अजीत कुमार बड़जात्या और महावीर जैन ने किया है। इसे राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है।
फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, शाद रंधावा और स्वानंद किरकिरे भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Yeh Prem Mol Liya X Review: फिल्म देखकर क्या बोले दर्शक? इमोशन और म्यूजिक पर आया ऐसा रिएक्शन
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
