बॉलीवुड इंडस्ट्री में कई ऐसी प्रेम कहानियां हैं, जो मुकम्मल नहीं हो सकीं, लेकिन जिनके चर्चे हमेशा रहे। बात चाहे दिलीप कुमार-मधुबाला की हो, अमिताभ-रेखा ही हो, राज कपूर नरगिस की हो या फिर नूतन और संजीव कुमार की, इनकी कहानियों के कई किस्से आज भी कहे-सुने जाते हैं। संजीव कुमार और नूतन के अफेयर के चर्चे एक वक्त पर जोरों पर थे। फिल्मी मैगजीन से लेकर बी टाउन गलियारों तक, इनकी प्रेम कहानी काफी सुर्खियों में रही थी। नूतन उस समय रजनीश बहल संग शादीशुदा थीं, ऐसे में दोनों ने अपना रिश्ता खुलकर कभी स्वीकार नहीं किया। जब इनके रिश्ते की खबरों ने तूल पकड़ा, तो ये खबरें रजनीश बहल के कानों तक भी पहुंची और दोनों के बीच झगड़े होने लगे। यहां तक कि नूतन ने गुस्से में संजीव कुमार को थप्पड़ भी मार दिया था।
जब संजीव कुमार संग अफेयर की खबरों से बैखला गई थीं नूतन
संजीव कुमार की भतीजी जिगना शाह और लेखक हनीफ जवेरी ने एक सीनियर जर्नलिस्ट संग इंटरव्यू में संजीव कुमार और नूतन के अफेयर पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि संजीव कुमार और नूतन का अफेयर साल 1970 में आई फिल्म 'देवी' से शुरू हुआ था। इनका रिश्ता लंबे समय तक नहीं टिक पाया था। संजीव कुमार की बहन ने बताया था कि नूतन ने फिल्म देवी के सेट पर संजीव कुमार को थप्पड़ जड़ दिया था। कहा जाता है कि संजीव कुमार और नूतन एक-दूसरे से ज्यादा बात नहीं करते थे और धीरे-धीरे हर फिल्मी मैगजीन में उनके अफेयर की खबरें सुर्खियां बटोरने लगी थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अपने पति का भरोसा जीतने के लिए और यह साबित करने के लिए कि उनका संजीव कुमार संग अफेयर नहीं है, उन्होंने ऐसा किया था। वहीं कई दावों में कहा गया कि एक मैगजीन में संजीव कुमार संग उनके रिश्ते को लेकर छपा था, जिसे पढ़कर उन्हें गुस्सा आ गया था और उन्होंने संजीव कुमार को थप्पड़ जड़ दिया था।
नूतन और उनके पति के बीच होने लगे थे झगड़े
इन अफेयर की खबरों की वजह से नूतन और उनके पति के बीच झगड़े होने लगे थे। संजीव कुमार को जब यह पता चला कि उनकी वजह से नूतन की जिंदगी में परेशान आ रही है, तो उन्होंने उनके पति रजनीश को शांत करने के लिए उन्हें कॉल किया था, लेकिन वो और भड़क गए थे।
मीडिया से छुपाई गई थी थप्पड़ की बात
जिगना शाह और हनीफ जवेरी ने यह भी बताया था कि सेट पर हुए इस किस्से के बारे में मीडिया को भनक नहीं पड़ने दी गई थी। संजीव कुमार को उनके दोस्त ने इस बात को छुपाने के लिए कहा था ताकि बात न बढ़े। इस घटना के बाद दोनों के रास्ते जुदा हो गए थे।
यह भी पढ़ें- शादी के बाद एक्टिंग छोड़ने वाली थीं नूतन, पति की इस बात ने बदल दिया था उनका फैसला
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की जिंदगी से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।
