नसीरुद्दीन शाह की गिनती बॉलीवुड के दिग्गज और मंझे हुए एक्टर्स में की जाती है। उन्होंने कई फिल्मों में शानदार अभिनय किया है। इनमें साल 1989 में आई फिल्म 'त्रिदेव' भी शामिल है, जिसे राजीव राय ने डायरेक्ट किया था। यह उस वक्त की एक बड़ी मल्टी-स्टारर और ट्रेंड-सेटिंग एक्शन थ्रिलर फिल्म थी। फिल्म सुपरहिट रही थी और खासकर इसके गाने आज भी लोगों को पसंद आते हैं। फिल्म के एक रोमांटिक ट्रैक 'तिरछी टोपीवाले' में सीनियर एक्टर नसीरुद्दीन शाह अपने से 22 साल छोटी एक्ट्रेस सोनम संग रोमांस करते नजर आए थे। इसे लेकर एक्टर के मन में क्या चल रहा था, क्या उन्हें शर्म आ रही थी या वह असहज थे, इसे लेकर खुद राजीव राय ने एक इंटरव्यू के दौरान बात की है। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है?

डांस को लेकर परेशान थे नसीरुद्दीन शाह

राजीव राय ने हाल ही में सीनियर जर्नलिस्ट विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में बताया कि नसीर जी इस गाने को लेकर थोड़ा झिझक रहे थे। उन्होंने कहा था, "मैं डांस में माहिर नहीं हूं...मैंने ऐसा गाना पहले नहीं किया है, मैं इसे कैसे करूंगा?" इसके बाद राजीव राय ने उनसे कहा था कि वह अपने डांस के स्टेप्स को एक्टिंग की के हिसाब से ढाल लीजिए, तो आपको दिक्कत नहीं होगी।

वो मेरी बेटी की उम्र से भी छोटी है...

इस बातचीत के दौरान जब राजीव राय से पूछा गया कि क्या नसीरुद्दीन शाह को उनके और सोनम के एज गैप से कोई दिक्कत थी, क्या वह उम्र में इतनी छोटी एक्ट्रेस के साथ रोमांस करने में झिझक रहे थे? इसके जवाब में राजीव ने कहा, "मुझे ऐसा नहीं लगता...लेकिन हां, एक दिन स्क्रिप्ट पर डिस्कशन करते समय उन्होंने मुझसे कहा था कि मेरी पहली शादी से एक बेटी है, जो उम्र में सोनम से बड़ी है...क्या आपको इससे कोई फर्क पड़ता है?" इसके जवाब में राजीव ने कहा था कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है, क्योंकि एक कपल के तौर पर फिल्म में वो दोनों परफेक्ट लग रहे हैं और यह सिनेमा है, फिल्म है, असल जिंदगी पर आधारित कोई डॉक्यूमेंट्री नहीं है।

सोनम ने कही थी यह बात

राजीव राय ने यह भी बताया कि नसीरुद्दीन शाह के साथ यह फिल्म और रोमांटिक गाना करने में पूरी तरह सहज थीं। उन्होंने कहा था, "मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है...मैं तो नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करने के लिए एक्साइटेड हूं, क्योंकि वह बहुत अच्छे एक्टर हैं। प्लीज मुझे रिप्लेस मत कीजिएगा।" बता दें कि बाद में राजीव राय ने सोनम से शादी कर ली थी।

यहां देखें यह गाना


अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की जिंदगी से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।