सालभर के इंतजार के बाद जागरण फिल्म फेस्टिवल 2026 (Jagran Film Festival 2026) एक बार फिर सिनेमा प्रेमियों के बीच दस्तक देने जा रहा है। अपने 14वें संस्करण के साथ यह फेस्टिवल नई फिल्मों, कहानियों और रोमांच के यादगार सफर को शुरू करने के लिए तैयार है। आज के दौर में सिनेमा की पहुंच किसी एक देश या भाषा तक सीमित नहीं रह गई है। डिजिटल माध्यमों ने फिल्मों को दुनिया के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंचाना आसान कर दिया है। दर्शक अलग-अलग संस्कृतियों और समाजों की कहानियों से जुड़ रहे हैं, वहीं AI जैसी तकनीकें फिल्म निर्माण और कहानी कहने के तरीकों में लगातार नए बदलाव ला रही हैं।

बेशक तकनीकी बदलाव कहानी कहने के तरीके या उनके लोगों तक पहुंचने के जरिए को बदल रहे हैं, लेकिन एक बात आज भी पहले जैसी ही है और वो यह है कि एक अच्छी और दमदार कहानी आज भी लोगों से जुड़ती है और उनके दिल में बसती है, उन्हें नए सवालों से रूबरू कराती है और कुछ सोचने पर मजबूत करती है। 'रजनीगंधा प्रस्तुत जागरण फिल्म फेस्टिवल 2026' (JFF) हमेशा से कहानी कहने की इस कला में विश्वास रखता आया है।

जागरण फिल्म फेस्टिवल कब हो रहा है शुरू?

'जागरण फिल्म फेस्टिवल' के 14वें संस्करण का आगाज कल यानी 20 अगस्त से होने जा रहा है। इसके बाद यह 31 अक्टूबर 2026 तक देशव्यापी यात्रा पर निकलेगा और 1 नवंबर को प्रतिष्ठित 'जागरण फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स नाइट' के साथ इसका समापन होगा। यह फेस्टिवल लगभग 2 महीने से भी ज्यादा वक्त तक चलने वला है और फिर अलग-अलग शहरों में सिनेमा के दिग्गजों, फिल्म निर्माताओं और उभरती प्रतिभाओं समेत कहानी कहने की इस कला से जुड़े अन्य कई लोग साथ नजर आएंगे।

कई दिग्गज सितारों को मिलेगा सम्मान

जागरण फिल्म फेस्टिवल 2026 में इस बार इंडियन सिनेमा के कई दिग्गज सितारों को सम्मानित भी किया जाएगा। मशहूर प्लेबैक सिंगर आशा भोसले, अनुभवी कलाकार गोवर्धन कुमार असरानी, सतीश शाह और धर्मेंद्र को इस खास कार्यक्रम में सिनेमा के क्षेत्र में उनके अविस्मरणीय योगदान और उनकी विरासत के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दूरदर्शी फिल्म-मेकर वी. शांताराम को खास श्रद्धांजलि दी जाएगी।

उभरती प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

इस बार 'JFF अनटाइटल्ड' (JFF Untitled) जागरण फिल्म फेस्टिवल का अहम हिस्सा है। अमूमन ऐसा होता है कि कहानीकारों के पास अपने आइडिया को पेश करने के लिए प्लेटफॉर्म नहीं होता है। यहां उन्हें वो प्लेटफॉर्म मिलेगा। जहां लेखक और फिल्ममेकर अपने ओरिजनल आइडिया पेश करेंगे और उन्हें दिग्गजों से फीडबैक मिलेगा। इसके साथ ही कहानी कहने में टेक्नोलॉजी की भूमिका कैसे बढ़ती जा रही है, यह AI फिल्ममेकिंग वर्कशॉप भी बताया जाएगा।

फिल्ममेकर्स से जुड़ सकेंगे दर्शक

'जागरण फिल्म फेस्टिवल' में कई मशहूर और इंडिपेंडेंट फिल्में शामिल होंगी। वहीं कई फिल्मों का प्रीमियर भी होगा। इसके अलावा दर्शकों को पैनल डिसक्शन और नेटवर्किंग सेशन के जरिए कई फिल्ममेकर्स से जुड़ने का मौका मिलेगा।

क्रिएटर्स को भी मिलेगा मौका

इस बार इस फेस्टिवस में काफी कुछ अलग और खास होने जा रहा है। यहां फिल्मों से आगे बढ़ते हुए ओपन माइक, पॉडकास्ट और फैशन इस्टा भी होगा, जहां क्रिएटर्स और कलाकार अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।

जागरण फिल्म फेस्टिवल का सफर रहा है खास

'जागरण फिल्म फेस्टिवल' का यह 14वां संस्करण होगा। इस खास फेस्टिवल का सफर बेहद सुनहरा रहा है, जो कई शहरों तक पहुंचा है। इसके जरिए न केवल इंडिपेंडेंट सिनेमा को बढ़ावा मिला है, बल्कि कई उभरते फिल्म निर्माताओं, लेखकों, अभिनेताओं और छात्रों को आगे बढ़ने का मौका भी मिला है।

 

 

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।