आशा भोसले ने 90 की उम्र में रिकॉर्ड किया था अपना आखिरी गाना, निधन के 4 महीने बाद होगा रिलीज

दिग्गज फिल्म सिंगर आशा भोसले ने अपने आठ दशक से ज्यादा लंबे करियर में कई हजार गानों को अपनी खूबसूरत आवाज से सजाया। इस साल 12 अप्रैल को सिंगर का निधन हो गया और उनकी सुरीली आवाज हमेशा के लिए शांत हो गई, लेकिन अब उनके फैंस के लिए एक खुशखबरी है। सिंगर के निधन के 4 महीने के बाद उनका रिकॉर्ड किया आखिरी गाना रिलीज होने वाला है। आशा भोसले का आखिरी गाना आने वाली फिल्म 'ओम का हरि' में सुनाई देगा। इस गाने के बोल हैं 'ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपी है कहां...।' यह गाना उन्होंने साल 2023 में 90 साल की उम्र में रिकॉर्ड किया था। चलिए आपको बताते हैं पूरी डिटेल्स।
इस खास तारीख पर रिलीज होगा आशा भोसले का आखिरी गाना
आशा भोसले का गाया हुआ आखिरी गाना उनके जन्मदिन यानी 8 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा। इस खास दिन पर उनके आखिरी ट्रैक का लॉन्च होना इसे और भी खास बना देता है। 'ओम का हरि' एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है। इसमें एक्टर अंशुमन झा मुख्य भूमिका में हैं। उन्होंने एक मीडिया हाउस से बातचीत में कहा कि उनकी फिल्म में आशा जी की आवाज में गाना होना उनकी जिंदगी के सबसे यादगार लम्हों में से एक है। फिल्म में यह गाना एक बेटे की उसके पिता के लिए भावनाओं को आवाज दे रहा है।

92 साल की उम्र में हुआ था आशा भोसले का निधन
आशा भोसले का 12 अप्रैल 2026 को 92 साल की आयु में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। सीने में संक्रमण की वजह से उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था और उम्र संबंधी अन्य दिक्कतों के चलते उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा।

सदाबहार गानों के चलते हमेशा फैंस के दिलों में रहेंगी आशा भोसले
आशा भोसले बेशक हमारे बीच में नहीं हैं, लेकिन उनके गाए सदाबहार गानों के चलते वह हमेशा फैंस के दिलों में रहेंगी। 'इन आंखों की मस्ती', 'पिया तू अब तो आजा', 'दम मारो दम', 'सजना है मुझे सजना के लिए' और 'ढल गया दिन हो गई शाम' उनके गाए कुछ ऐसे गाने हैं, जो हमेशा फैंस के दिलों में रहेंगे। आशा भोसले ने बतौर हिंदी प्लेबैक सिंगर अपना पहला गाना साल 1948 में फिल्म 'चुनरिया' के लिए गाया था। गाने के बोल थे-सावन आया। इससे पहले 10 साल की उम्र में उन्होंने एक मराठी फिल्म के लिए अपना पहला गाना गाया था।
यह भी पढ़ें- आशा भोसले की वजह से शुरू हुई थी मधुबाला-किशोर कुमार की प्रेम कहानी? जानें दिलचस्प किस्सा
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही टीवी, ओटीटी, बॉलीवुड इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।