सर्दियों के सीजन में लोग ठंड से बचने के लिए मोटी रजाई और कंबल ओढ़ते हैं। कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो कंबल ओढ़ने के साथ पंखा भी चलाते हैं। पंखा चलाकर सोना उन्‍हें बेहद पसंद होता है। हालांकि पहली नजर में यह आदत थोड़ी अजीबोगरीब जरूर लग सकती है, लेकिन इसके पीछे वजह क्‍या है?

हालांकि, इसके पीछे शरीर और दिमाग से जुड़ी कुछ दिलचस्प वजहें हो सकती हैं। यहां इंसानी नींद से जुड़े शोध बताते हैं कि अच्छी नींद के लिए सिर्फ गर्म बिस्तर ही जरूरी नहीं है। शरीर का तापमान, आसपास का माहौल और दिमाग का शांत रहना भी काफी मायने रखता है। जीटीबी अस्‍पताल दिल्‍ली की डॉक्‍टर सुप्रिया बताती हैं कि इसके पीछे मनोवैज्ञानिक कारण भी हो सकता है।

कई लोगों को चलते पंखे की आवाज देती है सुकून

पंखा चलाकर सोने की एक वजह यह भी है कि उससे निकलने वाली आवाज कई लोगों को अच्‍छी लगती है। यह आवाज आसपास होने वाले शोर, जैसे गाड़ियों की आवाज या दरवाजा बंद होने की आवाज को कुछ हद तक दबा सकती है। इसे ही व्हाइट नॉइज या साउंड मास्किंग कहते हैं। इससे कुछ लोगों को रात में बार-बार नींद टूटने की समस्या कम महसूस हो सकती है।

इसके अलावा, अगर किसी व्यक्ति को लंबे समय से पंखा चलाकर सोने की आदत है, तो उसका दिमाग पंखे की आवाज को सोने के समय से जोड़ सकता है। ऐसे में पंखा बंद होने पर उसे नींद समय से नहीं आती।

कंबल करवाता है सुरक्षा का एहसास, पंखा देता है ताजी हवा

साइकोलॉजिस्ट भी इस बात को मानते हैं कि कंबल हमारे शरीर को सिर्फ ढकता ही नहीं, बल्कि दिमाग को सुरक्षा का संकेत भी देता है। जब शरीर ढका हुआ महसूस करता है, तो कई लोग खुद को सुरक्षित महसस करते हैं। दूसरा कंबल ओढ़ने के बाद पंखा चलाने से लोगों को ऐसा महसूस होता है कि उन्‍हें ताजी हवा मिल रही है। इससे उन्‍हें अच्‍छा फील मिलता है।

बेहतर आती है नींद

बेहतर नींद के लिए शरीर को ठंडा होने की जरूरत होती है। जर्नल ऑफ फिजियोलॉजिकल एंथ्रोपोलॉजी में एक रिव्यू में कहा गया है कि बिस्तर पर गर्मी के संपर्क में आने से नींद बेहतर और अधिक देर तक आती है। कंबल ने नीचे आपकी स्किन के पास की हवा तेजी से गर्म हो सकती है। शायद इसीलिए थोड़ी हवा का बहाव राहत जैसा लगता है।

क्‍या वाकई यह आदत फायदेमंद है?

सभी को यह समझना जरूरी है कि पंखा चलाकर कंबल ओढ़ने से नींद बेहतर होती है। इस बात का कोई सीधा और पक्का वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। रिसर्च के नतीजे भी पूरी तरह एक जैसे नहीं हैं। कुछ लोगों को इससे फायदा मिलता है, जबकि कुछ को कोई खास अंतर महसूस नहीं होता। इसलिए इसे अनिद्रा या नींद से जुड़ी किसी बीमारी का इलाज नहीं समझना चाहिए।

बेहतर नींद भी हमारे शरीर के लिए उतनी ही जरूरी है जितना पौष्टिक आहार। अच्‍छी नींद आपको तरो-ताजा बनाए रखती है। आप खुद को सही महसूस करती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 Image Credit: AI, Shutterstock