क्या आपका वजन पहले जितना ही है, लेकिन फिर भी चेहरा सूजा हुआ, पेट फूला हुआ या उंगलियां भारी महसूस होने लगी हैं? कपड़े टाइट लग रहे हैं या फिर अंगूठी उंगली में फंसी हुई महसूस होने लगी है? ऐसी स्थिति में अक्सर दिमाग में पहला ख्याल यही आता है कि शायद वजन बढ़ रहा है, लेकिन जब हम वजन चेक करते हैं तो वह पहले जैसा ही होता है। दरअसल, शरीर में होने वाली सूजन या पफीनेस हमेशा फैट बढ़ने का संकेत नहीं होती है। इसके पीछे वॉटर रिटेंशन, हार्मोनल बदलाव, पाचन संबंधी समस्याएं और खानपान से जुड़ी कई वजहें हो सकती हैं। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि बिना वजन बढ़े भी शरीर फूला-फूला क्यों नजर आता है और इसके पीछे कौन-से कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। इस बारे में डाइटिशियन मनप्रीत कालरा जानकारी दे रही हैं। वह हार्मोन और गट हेल्थ कोच हैं और रीबूट गट हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली की फाउंडर और डायरेक्‍टर हैं।

वजन बढ़े बिना शरीर फूला-फूला क्यों लगता है?

वजन बढ़े बिना अगर आपको शरीर में फूलापन यानी पफीनेस महसूस हो रही है, तो इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। इन पर ध्यान देना जरूरी है।

1. वॉटर रिटेंशन

  • शरीर में जरूरत से ज्यादा पानी जमा होना यानी वॉटर रिटेंशन भी पफीनेस की एक बड़ी वजह हो सकता है। दरअसल, जब आप अधिक नमक या सोडियम वाली चीजें खाते हैं, तो शरीर में सोडियम का स्तर बढ़ जाता है।
  • सोडियम शरीर में फ्लूइड यानी तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में सोडियम की मात्रा बढ़ने पर शरीर पानी को अधिक मात्रा में रोककर रखने लगता है।
  • इसकी वजह से चेहरे, खासकर आंखों के आसपास सूजन दिखाई दे सकती है। इसके अलावा पेट फूला हुआ महसूस हो सकता है और उंगलियों में भी सूजन आ सकती है।
  • कई बार इसी कारण अंगूठी या घड़ी भी टाइट लगने लगती है। पिज्जा, चिप्स, नमकीन, अचार, प्रोसेस्ड फूड और ज्यादा नमक वाले भोजन के सेवन के बाद ऐसा महसूस हो सकता है।

2. गट हेल्थ खराब होना

  • कई बार पेट का फूला हुआ नजर आना शरीर में फैट बढ़ने की वजह से नहीं, बल्कि पाचन संबंधी समस्याओं के कारण होता है।
  •  दरअसल, जब पेट में गैस बनने लगती है, कब्ज होता है या खाने की कुछ चीजों को पचाने में परेशानी होती है, तो पेट फूला हुआ या बाहर निकला हुआ महसूस हो सकता है। इसे ब्लोटिंग या एब्डॉमिनल डिस्टेंशन कहा जाता है।

3. हार्मोनल बदलाव

  • महिलाओं के शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव भी पफीनेस और ब्लोटिंग की एक बड़ी वजह हो सकते हैं। खासतौर पर पीरियड्स से पहले शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन के स्तर में उतार-चढ़ाव होता है।
  • इसका असर शरीर के फ्लूइड बैलेंस यानी तरल पदार्थों के संतुलन पर पड़ सकता है। इस वजह से शरीर में पानी जमा होने लगता है और महिलाओं को चेहरे, पेट और हाथ-पैरों में सूजन महसूस हो सकती है।
  • पीरियड्स से पहले कई महिलाओं को ब्रेस्ट में भारीपन या दर्द, पेट फूलने, उंगलियों में सूजन और शरीर में भारीपन जैसी समस्याएं भी होती हैं।
  • यह प्रीमेंस्ट्रुअल सिंड्रोम (PMS) के आम लक्षणों में शामिल हैं। इस दौरान वजन में मामूली उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि शरीर में फैट बढ़ गया है।

नींद की कमी और खराब रूटीन

  • पर्याप्त नींद न लेना और लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहना भी शरीर में पफीनेस की दिक्कत को बढ़ा सकता है। दरअसल, नींद के दौरान शरीर कई जरूरी प्रक्रियाओं को नियंत्रित और संतुलित करता है।
  • जब आपकी नींद पूरी नहीं होती या सोने-जागने का रूटीन बिगड़ जाता है, तो इसका असर हार्मोनल बैलेंस, पाचन और शरीर में फ्लूइड रेगुलेशन पर पड़ सकता है।
  • इसके कारण सुबह उठने पर चेहरा फूला हुआ नजर आ सकता है या पेट में भारीपन और ब्लोटिंग महसूस हो सकती है।

 

 

हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shuttersotck