आजकल बाइक टैक्सी का ट्रेंड बहुत ज्यादा बढ़ गया है। कोई इसका इस्तेमाल ऑफिस जाने के लिए करता है, तो कोई घर जाने के लिए। कम दूरी कवर करने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जाता है, क्योंकि ये सस्ता भी है और ट्रैफिक में जल्दी पहुंचा भी देता है। इस जल्दबाजी के चक्कर में लोग बाइक टैक्सी के हेलमेट के बारे में भूल जाते हैं।

हेलमेट से हो सकता है इंफेक्शन

बाइक बुक करते ही ड्राइवर एक हेलमेट पकड़ा देता है और हम बिना सोचे उसे पहन लेते हैं। हमें ये नहीं पता होता कि सुबह से उस हेलमेट को कितने लोगों ने पहना है। वही हेलमेट दिन भर कई सिरों पर घूमता है और धीरे-धीरे बीमारी की वजह बन जाता है। तो आइए Intenational Journal of Health and Business Analytics की रिसर्च Awareness of Bacterial Contamination and Hygiene Practices among Motorcycle Taxi Users से जानते हैं कि बाइक टेक्सी के हेलमेट पहनने से किस तरह सिर और चेहरे पर इंफेक्शन हो सकता है?

Photo Credit: Pinterest (the picker)

बाइक टैक्सी क्यों बनी लोगों की पसंद?

शहर में बस और ऑटो का इंतजार करना मुश्किल हो गया है। बाइक टैक्सी में सिर्फ एक-दो मिनट में बुकिंग हो जाती है और पतली गलियों में भी आसानी से पहुंचा जा सकता है। आजकल छोटी दूरी के लिए ये सबसे सस्ता और तेज साधन है। कॉलेज जाने वाले स्टूडेंट से लेकर ऑफिस जाने वाली महिलाएं तक, सब इसे इस्तेमाल कर रही हैं। परंतु, सुविधा के साथ एक बड़ी समस्या भी आ गई है, वो है शेयर किया हुआ हेलमेट।

शेयर हेलमेट गंदा क्यों होता है?

अपना हेलमेट सिर्फ एक महिला इस्तेमाल करती है और वह उसकी सफाई का ध्यान भी रखती है, लेकिन टैक्सी के साथ मिलने वाला हेलमेट एक दिन में 20 से 30 महिलाएं पहनती हैं। हेलमेट का अंदर वाला हिस्सा सीधे सिर, माथे और चेहरे से टच होता है। उसमें पसीना, तेल, धूल और बालों की गंदगी जमा हो जाती है। अगर हेलमेट को रोज साफ न किया जाए तो उसमें बैक्टीरिया और फंगस पैदा हो जाते हैं। बारिश या गर्मी में तो ये समस्या और बढ़ जाती है, क्योंकि हेलमेट अंदर से गीला रह जाता है और गीलेपन में कीटाणु तेजी से बढ़ते हैं।

गंदे हेलमेट से क्या-क्या हो सकता है?

  • गंदा, गीला या ठीक से साफ न किया गया हेलमेट पहनने से स्किन और बालों की परेशानी बढ़ सकती है।
  • सिर में खुजली होना, डैंड्रफ बढ़ना, फुंसी निकलना, बाल झड़ना और माथे पर दाने होना, ये सब इसी वजह से हो सकता है।
  • जिन लोगों को पहले से ही स्किन इंफेक्शन, एक्जिमा या स्कैल्प की बीमारी है, उनके लिए खतरा और ज्यादा होता है।
  • गंदी सतह से कीटाणु एक महिला से दूसरी महिला तक पहुंच सकती हैं।

Photo Credit: Pinterest (BeautyFindsbyH)

क्या हेलमेट पहनना बंद करना सही होगा?

बहुत से महिलाएं सोचती हैं कि गंदगी से बचने के लिए हेलमेट ही न पहनें। ये सबसे गलत सोच है। हाइजीन की वजह से सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के हिसाब से, सही तरीके से हेलमेट पहनने से जान बचने की संभावना 6 गुना से ज्यादा बढ़ जाती है और दिमाग की चोट का खतरा 74% तक कम हो जाता है। इसलिए हेलमेट जरूर पहनें, बस उसे पहनने का तरीका सही रखें।

बचाव के आसान तरीके क्या हैं?

अगर आप रोज बाइक टैक्सी इस्तेमाल करती हैं, तो कोशिश करें कि अपना पर्सनल हेलमेट साथ रखें। ये सबसे सुरक्षित तरीका है। अगर अपना हेलमेट ले जाना मुमकिन नहीं है, तो इन बातों का ध्यान रखें।

  • पहले हेलमेट को चेक करें। अगर वो गंदा, गीला, बदबूदार है या अंदर की गद्दी फटी हुई है तो उसे न पहनें।
  • हेलमेट के अंदर पतला साफ कपड़ा, कैप या स्कार्फ पहनें। इससे आपका सिर सीधे गंदी गद्दी से नहीं टच होगा। ध्यान रखें कि इससे हेलमेट की फिटिंग खराब न हो।
  • अगर हेलमेट गंदा लगे, तो ड्राइवर से दूसरा साफ हेलमेट मांगें। शर्माने की जरूरत नहीं है, ये आपका हक है।
  • अपना पर्सनल हेलमेट भी किसी से शेयर न करें। अगर शेयर करना पड़े, तो अंदर की पैडिंग को धोकर अच्छे से सुखाने के बाद ही दें।

Photo Credit: Gemini

ड्राइवर की भी है जिम्मेदारी

  • सिर्फ यात्री की नहीं, ड्राइवर की भी जिम्मेदारी है। ड्राइवर को अपने हेलमेट को साफ रखने का टाइम टेबल बनाना चाहिए।
  • हेलमेट को कंपनी के बताए तरीके से ही साफ करें, ताकि उसकी सुरक्षा वाली सामग्री खराब न हो। हर सवारी के बाद हेलमेट को अच्छी तरह सुखाएं। गीला हेलमेट दोबारा किसी को न दें।
  • ऐप वाली कंपनियों को भी इस पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें ड्राइवरों को साफ हेलमेट रखने के लिए नियम बनाने चाहिए।

बाइक टैक्सी का सफर तेज और सस्ता है, लेकिन शेयर हेलमेट की गंदगी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। मकसद बाइक टैक्सी बंद करना नहीं है, बल्कि सफर को और सुरक्षित बनाना है। सड़क सुरक्षा और पर्सनल हाइजीन दोनों साथ-साथ चलते हैं। इसलिए अगली बार बाइक टैक्सी में बैठें, तो हेलमेट को चेक करके ही पहनें, अपना कैप साथ रखें और साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।