दिवाली खत्म होते ही पूरे देश की हवा बिगड़ गई है। दिल्ली-एनसीआर में तो सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। Department of Environment के मुताबिक, AQI 350 से ऊपर पहुंच चुका है। इस गंदी हवा का सीधा असर फेफड़ों पर पड़ रहा है, जिससे लोगों को सांस फूलने, आंखों में जलन और रुक-रुक कर खांसी जैसे परेशानियां हो रही हैं। अस्थमा के मरीजों के लिए तो ये समय सबसे ज्यादा मुश्किल है। जरा सी लापरवाही से अटैक भी पड़ सकता है।

दिल्ली NCR का AQI हो गया है बहुत ज्यादा

दिल्ली की हवा सांस लेने लायक नहीं बची है। नॉर्मल लोगों को भी गले में खराश और आंखों में जलन हो रही है। तो आइए गाजियाबाद के मणिपाल हॉस्पिटल के डॉ. रवि चौधरी से जानते हैं कि इतने ज्यादा AQI में अस्थमा के मरीज खुद को ठीक रखें।

1. बाहर निकलना कम करें

इस बढ़ते प्रदूषण में बाहर कम निकलें। खासकर सुबह और रात के समय, जब धुंध सबसे ज्यादा होती है। बाहर दौड़ना, साइकिल चलाना या तेज चलना और भी खतरनाक है, क्योंकि तेज सांस लेने से ज्यादा जहरीली हवा अंदर जाती है। एक्सरसाइज बंद करने की जरूरत नहीं है। बस उसे घर के अंदर कर लें। अगर बाहर जाना बहुत जरूरी है, तो काम जल्दी निपटाएं और ज्यादा देर बाहर न रुकें।

Photo Credit: Magnific

2. N95 मास्क लगाएं

कपड़े का मास्क या ढीला सर्जिकल मास्क बारीक धूल से नहीं बचा सकता है। धुंध ज्यादा होने पर N95 मास्क ही काम आएगा। असली और सर्टिफाइड N95 मास्क ही लें। मास्क नाक और मुंह को अच्छे से ढके, साइड से हवा न घुसे। मास्क को सही तरीके से पहनें और बाहर रहने तक उतारें नहीं। मास्क गंदा, फटा या सांस लेने में दिक्कत दे तो तुरंत बदल दें।

ध्यान रखें, मास्क हर गैस से नहीं बचा सकता। अगर मास्क पहनने से सांस में दिक्कत हो रही है, तो डॉक्टर से जरूर पूछें।

3. घर की हवा को साफ रखेंं

घर के अंदर रहने से ही काम नहीं चलेगा। बारीक धूल खिड़की, दरवाजों से अंदर आ जाती है। इसलिए घर की हवा को साफ रखना भी जरूरी है। जिस कमरे में सबसे ज्यादा रहते हैं, वहां HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर लगाएं। कमरे के साइज के हिसाब से ही प्यूरीफायर लें। जब बाहर AQI खराब हो, तो खिड़की-दरवाजे बंद रखें।

Photo Credit: Magnific

4. इनहेलर हमेशा पास रखें

अस्थमा के मरीजों के लिए सबसे जरूरी चीज है इनहेलर। अपना इनहेलर हमेशा साथ रखें और समय पर यूज करें। अगर सांस फूल रही है, खांसी रुक नहीं रही है या सीने में जकड़न हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। देर न करें। प्रदूषण से पूरी तरह बचना मुश्किल है, लेकिन थोड़ी सी सावधानी से अस्थमा के मरीज खुद को सेफ रख सकते हैं।

5. घर के अंदर धुआं पैदा करने वाली चीजों से बचें

घर के अंदर सिगरेट बिल्कुल न पिएं। अगरबत्ती, मच्छर मारने वाली कॉइल बिना जरूरत के न जलाएं। पत्ते, कूड़ा, लकड़ी न जलाएं। खाना बनाते समय किचन में चिमनी या एग्जॉस्ट चलाएं। झाड़ू की जगह गीले पोछे से सफाई करें, इससे धूल नहीं उड़ेगी।

Photo Credit: Magnific

दिल्ली का AQI कब कम होगा, ये नहीं पता है, लेकिन अपनी सेहत का ख्याल अपने हाथ में है। बाहर निकलते समय N95 मास्क, घर पर प्यूरीफायर और जेब में इनहेलर, ये तीन चीजें सभी अस्थमा के मरीजों की सबसे बड़ी ताकत है। अगर सांस लेने में दिक्कत हो रही है तो घरेलू नुस्खों के भरोसे मत बैठिए, तुरंत डॉक्टर के पास जाइए। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।