स्कूल से घर आते ही पैंटी पर हल्का सा दाग दिख जाए, तो कई लड़कियां घबरा जाती हैं। उन्हें लगता है कि कहीं चोट तो नहीं लग गई है। असल में ये चोट नहीं है, यह शरीर के बड़े बदलावों में से एक होता है, इसे ही पीरियड्स कहते हैं। अगर पहले से पता हो कि ये क्यों आते हैं और क्या करना है, तो डर अपने आप खत्म हो जाता है।

शरीर में होने वाला बड़ा बदलाव

गांव हो या शहर, आज भी कई घरों में पीरियड्स पर खुलकर बात नहीं होती है। इसलिए, लड़कियों को गलत जानकारी मिल जाती है। सच ये है कि पीरियड्स हर लड़की की जिंदगी का हिस्सा हैं। सही जानकारी समय पर मिल जाए, तो ये दिन भी बाकी दिनों जैसे ही आसान लगते हैं। चलिए UNICEF.ORG से जानते हैं कि पहली बार पीरियड्स आने पर हर मां को अपनी बेटी को कौन सी बातें समझानी चाहिए?

1. पीरियड्स का आना यानी शरीर ठीक से कर रहा है काम

पीरियड्स को मासिक धर्म भी कहते हैं। महीने में एक बार शरीर से थोड़ा सा खून बाहर आता है। ये इस बात का संकेत है कि शरीर के अंदर हार्मोन बदल रहे हैं। इसमें डरने की कोई बात नहीं है। ये हर लड़की को आता है।

2. पीरियड्स की कोई एक तय उम्र नहीं होती

कई लड़कियों को 11-12 साल में पीरियड्स आ जाते हैं। कई को 13-14 साल तक भी नहीं आते हैं। किसी को जल्दी और किसी को देर से आना नॉर्मल है। मम्मी, बड़ी बहन या सहेली से अपनी तुलना मत करें। हर लड़की का शरीर अपने हिसाब से चलता है।

3. पीरियड्स आने से पहले दिखते हैं ये बदलाव

पीरियड्स आने से कुछ महीने पहले शरीर कुछ संकेत देता है। जैसे सीने में हल्का उभार आना, बगल में बाल आना, कपड़ों पर सफेद सा चिपचिपा दाग लगना, चेहरे पर पिंपल आना और कभी-कभी बिना वजह गुस्सा या उदासी आना। ये सब बड़े होने के ही लक्षण हैं।

4. पहली बार खून थोड़ा और अलग रंग का हो सकता है

पहली बार में ज्यादा खून आना जरूरी नहीं है। कई बार सिर्फ कुछ बूंदें या हल्का धब्बा ही आता है। रंग भी अलग हो सकता है- हल्का लाल, गहरा लाल या हल्का भूरा। ये तीनों ही नॉर्मल हैं। 2-3 बार के बाद धीरे-धीरे समझ आने लगेगा कि आपका पैटर्न कैसा है।

5. पैड का इस्तेमाल ऐसे करें

शुरुआत के लिए पैड सबसे आसान होता है। पैड को पैंटी के बीचों-बीच लगाएं। हर 4 से 6 घंटे में उसे बदल दें। पैड जल्दी से जल्दी बदलें। स्कूल जाते समय बैग में एक फालतू पैड जरूर रख लें, ताकि अचानक जरूरत पड़ने पर परेशानी न हो।

6. इन दिनों में सफाई का ध्यान रखें

इन दिनों में रोज नहाएं। प्राइवेट हिस्से को बाहर से सिर्फ साफ पानी से धोएं। पुराना पैड पेपर में लपेटकर डस्टबिन में डालें। पैड को टॉयलेट में कभी ना डालें।

7. ज्यादा तकलीफ हो तो चुप ना बैठें

हल्का पेट दर्द, कमर दर्द या थकान होना आम है। अगर दर्द इतना तेज हो कि उठा नहीं जा रहा हो, बार-बार चक्कर आ रहे हों या खून बहुत ज्यादा आ रहा हो, तो अपनी या घर के किसी भरोसेमंद बड़े को तुरंत बताएं। जरूरत हो तो डॉक्टर से मिलना भी सही है।

ध्यान रखने वाली बातें

  • पीरियड्स में स्कूल जाना, खेलना और नहाना बिल्कुल बंद नहीं करना है।
  • बाल धोने, ठंडा पानी पीने या अचार खाने से पीरियड्स पर कोई फर्क नहीं पड़ता है।
  • पैड को पूरी रात या पूरे दिन एक ही न रखें, इंफेक्शन हो सकता है।
  • दर्द होने पर खुद से कोई दवा न खाएं, पहले घर में किसी बड़े से पूछें।
  • पीरियड्स की तारीख को एक छोटी डायरी में लिख लें, इससे अगली बार पहले से तैयारी हो जाएगी।

पहली बार पीरियड्स आना जिंदगी का एक नया मोड़ है, डरने का नहीं। सही जानकारी, सही सफाई और अपनों से खुलकर बात करना, बस इतना ही काफी है। जब जानकारी होगी, तो डर नहीं लगेगा और हर महीना आसान हो जाएगा।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।