हर महिला खुद को हेल्दी और फिट रखना चाहती है। गुड लुक और गुड फील देने के लिए रोजाना घंटों जिम में पसीना बहाती हैं। कुछ दिन शरीर बेहतर लगता है, लेकिन बाद में ज्यादा फर्क नहीं लगता। एक तरीका और है जहां आपको जिम या ट्रेडमिल पर घंटों पसीना बहाने की जरूरत नहीं। अगर आपको डांस करना पसंद है तो भरतनाट्यम भी फिटनेस का एक अच्छा ऑप्शन साबित हो सकता है। क्या हैं भरतनाट्यम करने के फायदे, आइए जानते हैं।
भरतनाट्यम शास्त्रीय नृत्य सिर्फ कला और संस्कृति से जुड़ा नहीं है, बल्कि शरीर को एक्टिव रखने और फिटनेस बेहतर बनाने में भी मदद कर सकता है। फिटनेस एंड लाइफस्टाइल एक्सपर्ट डॉक्टर हर्षा का कहना है कि भरतनाट्यम के 45 मिनट का एक सेशन जिम के कार्डियो वर्कआउट जितने कार्डियोवैस्कुलर फायदे दे सकता है। इसके साथ ही मांसपेशियों की ताकत, शरीर का लचीलापन, संतुलन, पोस्चर और कोऑर्डिनेशन बेहतर करने में भी मदद मिल सकती है।
भरतनाट्यम कैसे बन सकता है कार्डियो वर्कआउट?
भरतनाट्यम का एक पूरा सेशन शरीर को कई तरह से एक्टिव रखने में मदद करता है। इस डांस फॉर्म में आधी बैठी हुई मुद्रा (हाफ-सिटिंग पोजीशन), तेज फुटवर्क, जंप और लगातार शरीर को मूव करना शामिल होता है। इन गतिविधियों की वजह से डांस करते समय लंबे समय तक हार्ट रेट बढ़ा रह सकता है।
एक्सपर्ट के अनुसार, भरतनाट्यम की प्रैक्टिस करने वाले कई लोग मीडियम से हाई इंटेंसिटी तक की एक्सरसाइज कर लेते हैं। यह तेज एरोबिक्स या सामान्य जिम कार्डियो सेशन जैसा हो सकता है। इसकी खासियत यह है कि इसमें एक ही समय पर शरीर की ताकत, फ्लेक्सिबिलिटी और कोऑर्डिनेशन पर भी काम होता है।
Image Credit: magnific.com
ट्रेडमिल करने और भरतनाट्यम में क्या है अंतर?
ट्रेडमिल पर दौड़ने या चलने से मुख्य रूप से कार्डियोवैस्कुलर फिटनेस पर काम होता है। भरतनाट्यम में दिल की सेहत के साथ शरीर के कई दूसरे हिस्से भी एक्टिव रहते हैं। इसीलिए भरतनाट्यम ऐसा फिजिकल एक्टिविटी का ऑप्शन माना जा सकता है, जिसमें कार्डियो के साथ ताकत, संतुलन और तालमेल पर भी काम होता है।
शुरुआत में कितनी देर करें भरतनाट्यम की प्रैक्टिस?
अगर आपने पहले कभी भरतनाट्यम नहीं किया है, तो शुरुआत में ही 45 मिनट तक लगातार डांस करने की कोशिश न करें। बिगिनर्स को शुरुआत में 15 से 20 मिनट के प्रैक्टिस सेशन रखने चाहिए। धीरे-धीरे अपनी क्षमता और सहनशक्ति के अनुसार इसे बढ़ाकर 30 से 45 मिनट तक कर सकती हैं।
दूसरी तरफ अगर आप पहले से ही भरतनाट्यम सीख रही हैं या इसकी नियमित प्रैक्टिस करती हैं तो अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार लंबे सेशन कर सकती हैं। हालांकि, इसके लिए सही वार्म-अप, बीच-बीच में रिकवरी ब्रेक और पर्याप्त आराम भी जरूरी है।
Image Credit: magnific.com
घुटनों और कूल्हों का रखें ध्यान
भरतनाट्यम में कई ऐसी मुद्राएं होती हैं, जिनमें घुटनों को मोड़कर आधी बैठी हुई पोजीशन में रहना पड़ता है। ऐसे में अगर आपको पहले से घुटनों या कूल्हों में दर्द की समस्या है, तो बिना डॉक्टरी परामर्श के लंबे समय तक इस मुद्रा में प्रैक्टिस करना नुकसानदायक हो सकता है।
लंबे समय तक बिना रुके डीप-फ्लेक्सन पोजीशन में रहने से बचें। डांस के दौरान दर्द को सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें। अगर किसी मूवमेंट में दर्द महसूस हो, तो उसे रोकें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें।
फिटनेस के लिए डांस को बनाएं अपनी दिनचर्या का हिस्सा
Image Credit: magnific.com
भरतनाट्यम उन लोगों के लिए फिटनेस का एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है, जिन्हें पारंपरिक एक्सरसाइज या जिम जाना पसंद नहीं है। इसकी प्रैक्टिस से शरीर को एक्टिव रखने के साथ डांस सीखने और अपनी कला को निखारने का मौका भी मिलता है। हालांकि, हर व्यक्ति की शारीरिक क्षमता अलग होती है। इसलिए अपनी फिटनेस और स्वास्थ्य के अनुसार ही डांस की अवधि और उसकी इंटेंसिटी तय करें।
भरतनाट्यम को कार्डियो का अच्छा ऑप्शन माना जा सकता है, लेकिन यह सभी के लिए जिम या ट्रेडमिल का सीधा विकल्प नहीं है। इसके फायदे आपकी प्रैक्टिस की अवधि, गति, तकनीक और शारीरिक क्षमता पर निर्भर करते हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: AI, magnific.com
