पैसे बचाने की बात आती है तो अक्सर लगता है कि जब कमाई बढ़ेगी, तभी बचत भी बढ़ पाएगी। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। कई बार अच्छी कमाई होने के बावजूद महीने के आखिर में पैसे नहीं बचते। इसकी एक बड़ी वजह रोजमर्रा के छोटे-छोटे खर्च हो सकते हैं, जिन पर हमारा ध्यान नहीं जाता। कभी ऑनलाइन खाना मंगाना, कभी कॉफी पीना, तो कभी बिना जरूरत कोई सामान खरीद लेना। अलग-अलग देखने पर ये खर्च भले ही छोटे लगें, लेकिन महीने और साल के हिसाब से इनकी रकम काफी बड़ी हो सकती है। आज डिजिटल पेमेंट के कारण पैसे खर्च करना भी आसान हो गया है।

ऐसे में जरूरत हर खर्च को रोकने की नहीं, बल्कि पैसों का सही इस्तेमाल करने की है। रोजाना की आदतों में छोटे बदलाव करके भी बचत की अच्छी शुरुआत की जा सकती है। नीचे लेख में रामनीक घोत्रा, चीफ ग्रोथ ऑफिसर, फिनवासिया से जानें रोज के खर्चों में कौन से छोटे बदलाव करके आप अच्छे-खासे पैसे बचा सकती हैं।

पैसे बचाने में काम आएंगे ये 5 तरीके

कम सैलरी हो या ज्यादा, हमारे खर्च भी हमारी आमदनी पर निर्भर हो जाते हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि इन सब चीजों के बीच हम पैसे कैसे बचाएं? इस समस्या से आज के समय में हर कोई परेशान है कि सैलरी आते ही खत्म हो जाती है और बचत तो छोड़ो खर्च के लिए भी पैसे कम पड़ जाते हैं, लेकिन आपको बता दें कि अगर आप अपने रोजमर्रा के खर्चों या आदतों में छोटे-छोटे बदलाव करती हैं, तो महीने के अंत तक आप ठीक-ठाक पैसे बचा लेंगी। जानें कैसे-

Image Credit-magnific

1. महीनेभर अपने खर्चों का हिसाब रखें

बचत बढ़ाने के लिए सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि पैसा कहां खर्च हो रहा है। इसके लिए 30 दिनों तक अपने सभी खर्च लिखें। इसमें ऑनलाइन ऑर्डर, कैब, बाहर का खाना, सब्सक्रिप्शन और छोटी-मोटी खरीदारी भी शामिल करें। इससे पता चलेगा कि कौन-से खर्च जरूरी हैं और किन पर बिना सोचे पैसे खर्च हो रहे हैं।

2. गैरजरूरी खरीदारी से पहले 24 घंटे रुकें

ऑनलाइन कोई सामान पसंद आते ही उसे खरीदने के बजाय 24 घंटे इंतजार करें। अगले दिन भी अगर आपको लगे कि सामान जरूरी है, तभी खरीदने का फैसला लें। इससे जल्दबाजी में होने वाली खरीदारी कम हो सकती है। इसका मतलब अपनी पसंद की चीजें खरीदना बंद करना नहीं, बल्कि सोच-समझकर पैसा खर्च करना है।

Image Credit-magnific

3. छोटे खर्चों का सालभर का हिसाब लगाएं

मान लीजिए, आप हर महीने 299 रुपये का ऐसा सब्सक्रिप्शन लेते हैं जिसका इस्तेमाल बहुत कम होता है। सालभर में इस पर करीब 3,600 रुपये खर्च हो जाएंगे। इसी तरह रोजाना होने वाले छोटे खर्चों को जोड़कर देखें। जिन सेवाओं की जरूरत नहीं है, उन्हें बंद करके बचत बढ़ाई जा सकती है।

4. सैलरी आते ही सेविंग्स के लिए पैसे अलग करें

महीने के आखिर में बचे पैसों को बचाने के बजाय, सैलरी मिलते ही एक तय रकम अलग खाते में जमा करें। चाहें तो इसके लिए ऑटोमैटिक ट्रांसफर की सुविधा भी इस्तेमाल कर सकते हैं। छोटी रकम से शुरुआत करना भी फायदेमंद है, क्योंकि इससे नियमित बचत की आदत बनती है।

Image Credit-herzindagi

5. रोजाना या महीने में होने वाले खर्चों की लिमिट को तय करें

बाहर खाने, शॉपिंग और मनोरंजन के लिए हर महीने एक बजट बनाएं। इससे पसंद की चीजों पर खर्च भी कर पाएंगे और बचत का लक्ष्य भी प्रभावित नहीं होगा। बैंकिंग ऐप्स की मदद से खर्चों का हिसाब रखना और बचत के लिए रिमाइंडर लगाना भी आसान हो सकता है।

याद रखें कि बचत के लिए हर खुशी को छोड़ना जरूरी नहीं है। जरूरत सिर्फ इतनी है कि खर्च सोच-समझकर करें, गैरजरूरी भुगतान से बचें और नियमित रूप से कुछ पैसे अलग रखें। रोजाना की छोटी आदतें समय के साथ आपकी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में मदद कर सकती हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंगी से।

Image Credit-magnific