दिवाली की पार्टी में साड़ी पहनने का मन तो बहुत करता है, लेकिन कई बार इसे पहनने और संभालने में इतना समय लग जाता है कि तैयार होने की सारी प्लानिंग बिगड़ जाती है। खासकर तब, जब घर में कोई साड़ी पहनाने वाला न हो या पार्टी में जाने के लिए जल्दी निकलना हो। ऐसे में साड़ी पहनने के आसान तरीके काम आ सकते हैं। आज के इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी ट्रिक्स बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप बिना किसी की सहायता के महज 5 मिनट में साड़ी पहन सकती हैं। इससे न केवल आपका समय बचेगा, बल्कि आपका लुक भी खूबसूरत और स्टाइलिश नजर आएगा।
5 मिनट में साड़ी पहनने के लिए अपनाएं ये तरीके
अगर आप साड़ी नहीं पहन पाती हैं, तो आप नीचे बताई गई ट्रिक्स और तरीकों को आजमाकर इस समस्या को चुटकी में हल कर सकती हैं।
1. हल्की साड़ी का करें चुनाव
अगर आपको खुद साड़ी पहननी है तो सबसे पहले सही फैब्रिक चुनना जरूरी है। दिवाली पार्टी के लिए जॉर्जेट, शिफॉन, क्रेप या हल्की सिल्क की साड़ी बेहतर विकल्प हो सकती है। ये कपड़े आसानी से शरीर पर सेट हो जाते हैं और इन्हें संभालना भी ज्यादा मुश्किल नहीं होता।
भारी बनारसी या कढ़ाई वाली साड़ी पहनने का मन हो तो ऐसी साड़ी चुनें जिसका वजन कम हो और बॉर्डर बहुत ज्यादा कठोर न हो। इससे प्लीट्स बनाने और पल्लू सेट करने में आसानी होगी।
2. पहले से तैयार रखें साड़ी की प्लीट्स
साड़ी पहनने में सबसे ज्यादा समय प्लीट्स बनाने में लगता है। इससे बचने के लिए साड़ी पहनने से पहले ही प्लीट्स तैयार कर लें। साड़ी के निचले हिस्से को बराबर मोड़कर एक जैसी प्लीट्स बनाएं और उन्हें सेफ्टी पिन से हल्का-सा सुरक्षित कर दें।
अब साड़ी को कमर पर लपेटकर प्लीट्स को पेट के बीच में सेट करें और एक सेफ्टी पिन की मदद से पेटीकोट में लगा दें। इससे प्लीट्स बार-बार खुलेंगी नहीं और साड़ी का फ्रंट लुक भी साफ-सुथरा रहेगा।
3. पल्लू को पहले ही सेट कर लें
साड़ी का पल्लू सही तरीके से सेट करने में भी काफी समय लगता है। इसके लिए पल्लू को अपने मनपसंद स्टाइल में पहले ही मोड़ लें। अगर आपको प्लेटेड पल्लू पसंद है तो बराबर चौड़ाई की प्लीट्स बनाकर ऊपर की तरफ एक पिन लगा दें।
Image Credit-ai
अब साड़ी पहनने के बाद पल्लू को कंधे पर रखें और ब्लाउज के अंदर या कंधे के पास सेफ्टी पिन लगाकर सुरक्षित कर लें। इससे पल्लू बार-बार नीचे नहीं गिरेगा और आपको पार्टी के दौरान उसे संभालने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
4. पेटीकोट की जगह साड़ी शेपवियर का इस्तेमाल करें
अगर साड़ी पहनने में पेटीकोट की फिटिंग या उसकी डोरी बांधने में परेशानी होती है तो साड़ी शेपवियर एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसे पहनना आसान होता है और इसमें साड़ी को टक करने के लिए सुविधाजनक जगह मिलती है।
शेपवियर चुनते समय अपनी कमर और हिप्स के हिसाब से सही साइज लें। बहुत ज्यादा टाइट शेपवियर पहनने से असहजता हो सकती है। इसे पहनने के बाद साड़ी को सामान्य तरीके से लपेटें और प्लीट्स को सामने की तरफ सेट कर लें।
5. बेल्ट से साड़ी को दें स्टाइलिश लुक
साड़ी पहनने के बाद अगर आपको डर रहता है कि चलते समय प्लीट्स खुल जाएंगी या साड़ी ढीली हो जाएगी तो कमर पर साड़ी बेल्ट लगा सकती हैं। यह साड़ी को संभालने के साथ-साथ आपके लुक को भी आकर्षक बनाती है।
आप अपनी साड़ी के रंग से मैच करती पतली बेल्ट या गोल्डन डिजाइन वाली बेल्ट चुन सकती हैं। इसे कमर पर पहनें ताकि प्लीट्स अपनी जगह पर रहें। ध्यान रखें कि बेल्ट बहुत ज्यादा टाइट न हो, जिससे बैठने या चलने में परेशानी हो।
6. ज्वेलरी और फुटवियर पहले से रखें तैयार
साड़ी पहनने के बाद ज्वेलरी और फुटवियर चुनने में समय बर्बाद न हो, इसके लिए इन्हें पहले ही निकालकर रख लें। साड़ी के साथ मैचिंग इयररिंग्स, चूड़ियां और सैंडल चुनें। अगर साड़ी भारी है तो हल्की ज्वेलरी पहनें, वहीं सिंपल साड़ी के साथ स्टेटमेंट इयररिंग्स आपके लुक को खास बना सकती हैं।
साड़ी की प्लेट्स को सेट रखने में मदद करेंगी ये ट्रिक्स
साड़ी पहनते समय सबसे बड़ी दिक्कत प्लेट्स को सेट रखने में आती है। अगर आपके साथ भी यह परेशानी होती है, तो नीचे बताए गए तरीके से प्लेट्स को आसानी से बना सकती हैं।
ट्रिक 1- साड़ी को क्लिप से सेट करें
साड़ी पहनते समय अगर प्लीट्स बार-बार खुल रही हैं तो उन्हें कुछ देर के लिए बड़ी हेयर क्लिप या कपड़े वाली क्लिप से पकड़ लें। इससे आप आसानी से साड़ी को कमर पर सेट कर पाएंगी। प्लीट्स सही जगह आ जाने के बाद क्लिप हटाकर सेफ्टी पिन लगा दें। ध्यान रखें कि क्लिप कपड़े को खींचे या नुकसान न पहुंचाए।
Credit Image-ai
ट्रिक 2- पल्लू की लंबाई पहले ही तय कर लें
साड़ी पहनने से पहले पल्लू को कंधे पर रखकर उसकी लंबाई तय कर लें। पल्लू कितना नीचे रखना है, यह तय करने के बाद उसे पिन से सुरक्षित कर दें। इससे साड़ी पहनने के बाद बार-बार पल्लू की लंबाई ठीक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इसे भी पढ़ें- Multicolour Saree For Women: खूबसूरती में चार चांद लगा देगी ये मल्टीकलर साड़ियां, देखें डिजाइन
इन आसान ट्रिक्स की मदद से आप दिवाली पार्टी के लिए बिना किसी की मदद के जल्दी तैयार हो सकती हैं। बस साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट और जरूरी एक्सेसरीज पहले से तैयार रखें।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।
Image Credit-Main image(ai)
