2026 में करवा चौथ 29 अक्टूबर गुरुवार को मनाया जाएगा। आप सभी ने तैयारी शुरू कर दी होगी! अगर नहीं की है, तो इस बार बनारसी साड़ी पहनने पर विचार करें। ज्यादातर महिलाओं को बनारसी साड़ी बेहद पसंद होती है, मगर आपको जानकार हैरानी होगी की बनारसी साड़ी के भी कई प्रकार होते हैं। अलग-अलग फैब्रिक और Designer Banarasi Sarees आती हैं, जो अलग-अलग राज्यों में अपनी खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध हैं। तो इस बार करवा चौथ के अवसर पर यहां देखें बनारसी साड़ियों के 5 खूबसूरत डिजाइन, जो त्योहार पर आपके लुक में चार चांद लगा देंगी।
पहले समझें कैसे हुई बनारसी साड़ियां इतनी मशहूर?
आज के समय में बनारसी साड़ियों का मुख्य केंद्र उत्तर प्रदेश का वाराणसी है, जहां आपको हर प्रकार की बनारसी साड़ी आराम से मिल जाएगी। मगर इसकी उत्पत्ति के पीछे इतिहास की कई कहानियों को जोड़ा जाता है। प्राचीन बौद्ध साहित्य और वैदिक काल में 'काशी वस्त्र' या 'वाराणसी वस्त्र' का वर्णन किया गया है, जो बनारसी बुनाई की कला को दर्शाता है। वहीं 14वीं शताब्दी में मुगल काल में बनारसी बुनाई को एक खास पहचान मिली, इसी समय वाराणसी क्षेत्र में रेशम बुनाई की कला का परिचय हुआ था। फिर मुगल सम्राट अकबर ने रेशम बुनाई और बनारसी साड़ियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इससे बनारसी कपड़ों की लोकप्रियता और पहचान को काफी बढ़ावा मिला। यहां देखेंगे बनारसी साड़ियों के कुछ खास प्रकार के डिजाइन
1. बनारसी जूट सिल्क साड़ियां
कारीगर जुट और रेशम के धागों को एक साथ मिलकर एक खूबसूरत बनारसी जूट-सिल्क साड़ी बनाते हैं। फिर साड़ियों को पारंपरिक रूपांकनों और खूबसूरत पैटर्न से सजाया जाता है, तब जाकर एक राजशाही साड़ी तैयार होती है। Karwa Chauth के मौके पर इस डिजाइन की साड़ी आपके ऊपर खूब जचेगी। इन्हें पारंपरिक ब्लाउज के साथ स्टाइल करें, साथ में टेंपल जूलरी पहनें, हल्का मेकअप और खूबसूरत बिंदी लगाकर अपना लुक पूरा करें। इस साड़ी को त्योहार के अलावा वेडिंग सीजन में भी आराम से स्टाइल किया जा सकता है।
2. जांगला बनारसी साड़ियां
बनारसी साड़ियों के भिन्न प्रकारों की बात हो रही है, तो जांगला बनारसी साड़ी को कैसे छोड़ दें! यह बेहद प्रसिद्ध और खूबसूरत डिजाइन है, जो सामान्य से सामान्य लुक में चार चांद लगा सकती है। इन्हें इनकी जटिल बुनाई के लिए जाना जाता है। इन साड़ियों पर "जांगला" डिजाइन बनाई जाती है, जिसका अर्थ है जंगल। जांगला बनारसी साड़ियों पर विशेष रूप से जंगल के पेड़-पौधों से प्रेरित डिजाइन बने होते हैं। साथ ही इन पर अलग-अलग जंगली जीवों के रूपांकन और पैटर्न भी दर्शाए गए हैं। खासकर अगर आप प्रकृति से प्रेम करती हैं, तो इस डिजाइन की साड़ी आपको पसंद आ सकती है।
3. कटवर्क बनारसी साड़ियां
बनारस शहर में हाथ से बुनी जाने वाली कटवर्क बनारसी साड़ियों के डिजाइन बनाने में काफी समय लगता है और जब यह बनकर तैयार होती हैं, तो इनसे नजर हटाना मुश्किल होता है। अगर आपको भी बनारसी साड़ियां पसंद हैं, तो इस बार Karwa Chauth पर कटवर्क डिजाइन की साड़ी स्टाइल कर सकती हैं। इनकी हाथ की बुनाई के अलावा इन्हें इनके जीवंत रंगों के लिए भी जाना जाता है। वहीं इन साड़ियों को जॉर्जेट, रेशम और कपास जैसे उच्च गुणवत्ता वाले कपड़ों के मेल से तैयार किया जाता है। साथ ही, यह जटिल रूपांकनों और पैटर्न से सजी होती है। कारीगर इनपर कटवर्क तकनीक से आकर्षक डिजाइन और पैटर्न बनाते हैं, यह कला सिर्फ बनारस नहीं बल्कि भारत के सभी राज्यों में प्रसिद्ध है।
4. बुटीदार बनारसी साड़ियां
बुटीदार बनारसी साड़ियां साधारण मगर बेहद आकर्षक विकल्प हैं। इस डिजाइन की बनारसी साड़ियों के बारे में ज्यादातर महिलाएं पहले से जानती होंगी और काइयों के पास इस डिजाइन की साड़ी भी मौजूद होगी। इस डिजाइन की बनारसी साड़ी पर बूटा और छोटे आकार के पुष्प रूपांकन बने हैं, जो देखने में बेहद आकर्षक लगते हैं। इन साड़ियों की विशेषता इनकी बारीक कारीगरी है, जो इन्हें वॉर्डरोब का एक शानदार हिस्सा बना सकती हैं। त्योहार हो या शादी के फंक्शन या फिर अन्य ट्रेडिशनल इवेंट पर महिलाएं इसे आराम से स्टाइल कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- बनारसी से लेकर पैठणी तक... नीता अंबानी की ये 5 गॉर्जियस साड़ियां इस करवा चौथ आपको देंगी महारानी वाला लुक
5. स्वर्ण बनारसी रेशमी साड़ियां
क्या आपको बनारसी साड़ियां पसंद हैं? स्वर्ण बनारसी रेशमी साड़ियां एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं। इन साड़ियों की रेशमी बनावट ड्रेप करने में बेहद आसान होती हैं। इन्हें त्योहार के मौके पर आसानी से स्टाइल करके महिलाएं घंटों तक पहने रख सकती हैं। इन साड़ियों की बुनाई में बारीक कारीगरी की जरूरत होती है। इन साड़ियों में गोल्ड जरी का काम होता है, जो हमारी संस्कृति और मान्यताओं को दर्शाता है। अगर इस बार करवा चौथ पर राजशाही लुक चाहिए तो इस डिजाइन की बनारसी साड़ियां सबसे अच्छा विकल्प साबित होंगी। इस बनारसी सिल्क साड़ी को पारंपरिक ब्लाउज और गोल्ड ज्वेलरी के साथ स्टाइल करें और त्योहार के मौके पर चांद सी चमक पा सकती हैं।
आप करवा चौथ पर इन बनारसी साड़ियों में से अपने पसंद के खूबसूरत डिजाइन को ट्राई कर सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी।
