सावन, तीज, हर‍ियाली तीज, रक्षाबंधन या शादी-ब्‍याह जैसे खास मौके पर कई मह‍िलाएं पैरों में आलता लगाना पसंद करती हैं। ररेड कलर का आलता जब पैरों में लगाया जाता है, तो पैरों की खूबसूरती और भी ज्‍यादा बढ़ जाती है। साथ ही ये आपके ट्रेड‍िशनल लुक में भी चार चांद लगा देता है, लेक‍िन अक्‍सर एक परेशानी लगभग हर मह‍िला को होती है क‍ि आलता लगाने के बाद उसका रंग थोड़ी ही देर में फीका नजर आने लगता है या फ‍िर पैरों से जल्‍दी म‍िट जाता है।

आलता को कैसे लॉन्‍ग लास्‍ट‍िंग बनाएं?

अगर आपके साथ भी ऐसा होता है क‍ि तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्‍यान रखकर आप आलते का रंग ज्‍यादा डार्क और लंबे समय तक टि‍कने वाला बना सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसे आसान और काम के हैक्स, जो सच में आपके काम आएंगे।

सबसे पहले पैरों को अच्छी तरह साफ करें

आलता लगाने से पहले पैरों को साबुन और गुनगुने पानी से अच्छी तरह से धो लें। अगर पैरों पर धूल, तेल या क्रीम लगी होगी, तो आलता अच्छी तरह नहीं टिकेगा। अगर एड़ियों पर डेड स्‍क‍िन ज्यादा है, तो स्क्रब या प्यूमिक स्टोन से उसे साफ कर लें।

पैरों को पूरी तरह सुखाना न भूलें

आलता लगाने से पहले पैरों पर बिल्कुल भी नमी नहीं होनी चाहिए। क्‍योंक‍ि गीली त्वचा पर लगाया गया आलता जल्दी फैल सकता है और उसका रंग भी हल्का दिखाई देने लगता है।

यह भी पढ़ें- Sawan 2026: इस सावन पैरों पर रचाएं महावर के 3 खूबसूरत और ट्रेंडी डिजाइन

अच्छी क्वालिटी का आलता लें

बाजार में कई तरह के आलते म‍िलते हैं, लेकिन बहुत सस्‍ता आलता न खरीदें क्‍योंक‍ि इसकी क्‍वाल‍िटी उतनी अच्‍छी नहीं होती है। जब इसे लगाएंगी तो रंग भी गहरा नजर नहीं आएगा। इसल‍िए अच्‍छे ब्रांड का आलता ही खरीदें। अगर आलता पहले से पतला है तो उसमें पानी ब‍िल्‍कुल भी न म‍िलाएं।

दो लेयर में लगाएं आलता

कई लोग एक बार में ही ज्यादा आलता लगा देते हैं। इससे वह ठीक से सूख नहीं पाता। इसल‍िए बेहतर होगा कि पहले एक हल्की परत लगाएं। उसके पूरी तरह सूखने के बाद दूसरी पतली परत लगाएं। इससे रंग ज्यादा गहरा और साफ दिखाई देता है। अगर आप कोई ड‍िजाइन बना रही हैं, तो उसे भी सूखने के बाद डबल कोट कर सकती हैं।

यह भी पढ़ें- Bengali Alta Designs: ट्राई करें अलता के ये खूबसूरत और यूनिक डिजाइंस, पैर लगेंगे सुंदर

सूखने से पहले बिल्कुल न चलें

यह सबसे जरूरी बात है। आलता लगाने के बाद कम से कम 10 से 15 मिनट तक बैठकर उसे अच्छी तरह से सूखने दें। अगर आप इसके सूखने से पहले ही चलना शुरू कर देंगी तो यह फैल सकता हैं और पैरों के निशान भी बन सकते हैं।

आलता लगाने के तुरंत बाद पानी से बचें

आलता लगाने के बाद कुछ घंटों तक पैरों को पानी से बचाकर रखना चाह‍िए। अगर तुरंत पैर धो लिए जाएं या पानी लग जाए, तो रंग जल्दी हल्का पड़ जाता है।

यह भी पढ़ें- Alta Designs: आलता के इन लेटेस्‍ट डिजाइंस से बढ़ जाएगी पैरों की खूबसूरती, देखें तस्‍वीरें

रात में लगाएं आलता

अगर आप अगले द‍िन के ल‍िए आलता लगा रही हैं तो कोश‍िश करें क‍ि रात में ही आलता लगाएं। इससे उसे अच्‍छी तरह से सेट होने का समय म‍िल जाएगा। अगली सुबह ये खूबसूरत भी द‍िखेगा।

डिजाइन बनाते समय पतला ब्रश या कॉटन बड लें

अगर आप पैरों में डिजाइन बनाना चाहती हैं, तो मोटे ब्रश की बजाय पतले ब्रश या कॉटन बड का ही इस्तेमाल करें। इससे लाइनें साफ बन जाती हैं और डिजाइन ज्यादा सुंदर दिखाई देता है।

आलते के साथ ऐसे मिलेगा और भी सुंदर लुक

अगर आप सावन या तीज के लिए तैयार हो रही हैं, तो आलते के साथ कुछ और काम भी जरूर करें। जैसे-

  • हरी कांच की चूड़ियां पहनें।
  • छोटी लाल या मैरून बिंदी लगाएं।
  • पैरों में बिछिया और पायल पहनें।
  • ग्रीन या लाल साड़ी के साथ गोल्डन ज्‍वैलरी कैरी करें।
  • अगर बाल लंबे हैं, तो गजरा भी लगा सकती हैं।

इससे आपका पूरा ट्रेडिशनल लुक और भी खूबसूरत लगेगा।

इन बातों का रखें ध्यान

अगर आलता लगाने जा रही हैं, तो कुछ बातों का ध्‍यान रखें। जैसे-

  • आलता लगाने से पहले पैरों पर क्रीम न लगाएं।
  • पूरी तरह आलता सूखने से पहले चप्पल या जूते न पहनें।
  • अगर पैरों पर घाव या जलन है, तो उस जगह आलता न लगाएं।

आलते का रंग गहरा और लंबे समय तक टिके, इसके लिए किसी महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं होती। बस साफ और सूखे पैरों पर अच्छी क्वालिटी का आलता लगाएं, उसे पूरी तरह सूखने दें और लगाने के तुरंत बाद पानी से बचें। इन आसान बातों का ध्यान रखकर आपका आलता ज्यादा डार्क दिखेगा, जल्दी नहीं मिटेगा और सावन या किसी भी खास मौके पर आपके पैरों की खूबसूरती कई गुना बढ़ा देगा।

साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Cover Image Credit- Pinterest/Ankita/Daraksha
Inside image credit- pinterest/Bonobonoya/Shilpotori- শিল্পতরী