5 Easy Hairstyles for Curly Hair Girls: घुंघराले बालों की अपनी एक अलग खूबसूरती होती है। इनकी नेचुरल वेव्स और बाउंसी टेक्सचर चेहरे को एक खास लुक देते हैं। हालांकि, कई बार कर्ली हेयर वाली लड़कियां इस उलझन में रहती हैं कि रोजाना बालों को किस तरह संवारा जाए। कभी बाल ज्यादा फूले हुए नजर आते हैं, तो कभी समझ नहीं आता कि इन्हें खुला रखें या बांधकर कोई हेयरस्टाइल बनाएं।
अगर आप भी हर दिन एक ही हेयरस्टाइल बनाकर बोर हो चुकी हैं, तो अब कुछ नया ट्राई करने का समय है। अच्छी बात यह है कि घुंघराले बालों को खूबसूरत दिखाने के लिए हर बार स्ट्रेटनर या ज्यादा हेयर प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं होती। आप अपने बालों के नेचुरल टेक्सचर को बरकरार रखते हुए भी कई शानदार लुक पा सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसी 5 हेयरस्टाइल के बारे में, जो आपके कर्ल्स को और भी आकर्षक बना देंगी।
घुंघराले बालों के लिए 5 हेयरस्टाइल आइडियाज
अगर आपके बाल भी घुंघराले हैं, तो इस बार बनाएं नीचे दी हुई ये 5 हेयरस्टाइल। इन्हें बनाना भी काफी आसान है और ये क्लासी लुक देती हैं।
1. कर्ली पिक्सी कट (Curly Pixie Cut)
अगर आपको छोटे बाल पसंद हैं और रोजाना लंबे बालों को संभालना मुश्किल लगता है, तो कर्ली पिक्सी कट अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इस हेयरकट में बाल छोटे रखे जाते हैं, जिससे चेहरे के फीचर्स उभरकर दिखाई देते हैं। कर्ल्स की वजह से बालों में नेचुरल वॉल्यूम भी बना रहता है। यह हेयरस्टाइल उन लड़कियों के लिए खास है, जो अपने लुक में थोड़ा बदलाव चाहती हैं और बेफिक्र अंदाज पसंद करती हैं।
स्टाइलिंग टिप: कर्ल्स को दिखाने के लिए हल्की मात्रा में कर्ल क्रीम लगाएं और उंगलियों से बालों को सेट करें।
image credit- pinterest (Diana Weber)
2. कर्ली लो बन से मिलेगा एलिगेंट लुक (Curly Hair Low Bun)
ऑफिस जाना हो, किसी शादी में शामिल होना हो या फिर दोस्तों के साथ बाहर घूमने का प्लान हो, कर्ली लो बन हर मौके पर अच्छा लगता है। इसमें बालों को गर्दन के पास नीचे की तरफ बांधकर जूड़ा बनाया जाता है। आप चाहें तो कुछ घुंघराली लटों को चेहरे के दोनों तरफ खुला छोड़ सकती हैं। इससे हेयरस्टाइल में सादगी के साथ खूबसूरती भी नजर आती है।
स्टाइलिंग टिप: बन को बहुत ज्यादा टाइट न बनाएं। कुछ लटों को हल्का ढीला रखने से आपको सॉफ्ट और मेसी लुक मिलेगा।
image credit- pinterest ( Lemon Blog)
3. लेयर्ड कर्ल्स (Layered Curls)
अगर आपके बाल लंबे और घुंघराले हैं, तो लेयर्ड कर्ल्स आपके लिए बढ़िया विकल्प हो सकते हैं। इस हेयरकट में बालों की अलग-अलग लंबाई की लेयर्स बनाई जाती हैं। इससे बाल एक ही लंबाई के होने की बजाय ज्यादा घने और शेप में नजर आते हैं। खास बात यह है कि लेयर्स आपके कर्ल्स की नेचुरल बनावट को उभारने में मदद करती हैं। आप इन्हें खुला रखकर भी खूबसूरत लुक पा सकती हैं।
स्टाइलिंग टिप: बालों को धोने के बाद हल्के गीले बालों में लीव-इन कंडीशनर लगाएं और हाथों से कर्ल्स को स्क्रंच करें।
image credit- pinterest (Glow & Allure)
4. साइड स्वेप्ट कर्ल्स (Side-Swept Curls)
कभी-कभी सिर्फ बालों की मांग बदलने से ही पूरा लुक अलग नजर आने लगता है। साइड स्वेप्ट कर्ल्स ऐसी ही हेयरस्टाइल है। इसमें बालों की मांग बीच से निकालने की बजाय एक तरफ की जाती है और दूसरी तरफ के बालों को चेहरे पर खूबसूरती से गिरने दिया जाता है। यह स्टाइल आपके कर्ल्स को अलग अंदाज देता है। खासतौर पर पार्टी, डेट या किसी खास मौके पर इसे ट्राई किया जा सकता है।
स्टाइलिंग टिप: एक तरफ की मांग निकालकर बालों को हल्के हाथों से सेट करें। चाहें तो दूसरी तरफ छोटी सी क्लिप भी लगा सकती हैं।
image credit- pinterest (Lovelyish)
5. कर्ली हाफ-अप (Curly Half Up)
अगर आप बालों को पूरी तरह बांधना नहीं चाहतीं, लेकिन चेहरे पर बार-बार आने वाली लटों से भी परेशान हैं, तो हाफ-अप हेयरस्टाइल ट्राई करें। इसमें सिर के ऊपरी हिस्से के बालों को लेकर पीछे की तरफ बांध दिया जाता है, जबकि बाकी कर्ल्स खुले रहते हैं। आप ऊपर के बालों से छोटा बन बना सकती हैं या फिर उन्हें क्लचर से भी सिक्योर कर सकती हैं। यह हेयरस्टाइल कॉलेज, आउटिंग और कैजुअल लुक के लिए शानदार है।
स्टाइलिंग टिप: बालों को पीछे बांधने के लिए सॉफ्ट स्क्रंची या क्लचर का इस्तेमाल करें, ताकि कर्ल्स पर ज्यादा खिंचाव न पड़े।
image credit- pinterest (Muse & Mocha)
कर्ली बालों को स्टाइल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
सिर्फ अच्छी हेयरस्टाइल चुनना ही काफी नहीं है, बल्कि कर्ली बालों की सही देखभाल करना भी जरूरी है। कुछ छोटी-छोटी आदतें आपके हेयरस्टाइल को और बेहतर बना सकती हैं।
- सूखे बालों में कंघी न करें: इससे कर्ल्स का पैटर्न बिगड़ सकता है और बाल ज्यादा उलझ सकते हैं। जरूरत पड़ने पर चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें।
- बालों को तौलिए से न रगड़ें: बालों को माइक्रोफाइबर तौलिए या मुलायम कॉटन टी-शर्ट से हल्के हाथों से सुखाएं।
- बहुत ज्यादा टाइट हेयरस्टाइल न बनाएं: बालों को कसकर बांधने से टूटने और खिंचाव की परेशानी हो सकती है।
- कर्ल्स को मॉइस्चराइज रखें: अपने बालों की जरूरत के अनुसार लीव-इन कंडीशनर या कर्ल क्रीम इस्तेमाल करें।
- सोते समय बालों का ध्यान रखें: सैटिन पिलो कवर इस्तेमाल करने से बालों में घर्षण कम करने में मदद मिल सकती है।
घुंघराले बालों को खूबसूरत दिखाने के लिए उन्हें सीधा करना जरूरी नहीं है। सही हेयरकट और थोड़ी सी स्टाइलिंग से आप अपने नेचुरल कर्ल्स को ही अपनी खूबसूरती का हिस्सा बना सकती हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- pinterest (Favor,Emily, Umme )
