Inverter Battery Maintenance Tips: घर हो या ऑफिस, आज के समय अधिकतर जगहों पर इंवर्टर और बैटरी लगाई जाती है। ये दोनों सही से काम करे, इसके लिए समय-समय पर इसमें डिस्टिल्ड वॉटर डालना जरूरी होता है। हालांकि, कई लोग इस काम को बहुत आम समझकर बिना सावधानी बरते खुद ही करने लगते हैं, जिससे अनजाने में बैटरी को नुकसान पहुंच जाता है।
बैटरी का लाइफ साइकिल मुख्य रूप से उसके रखरखाव पर निर्भर करता है। अगर पानी डालते समय छोटी-छोटी बातों का ध्यान न रखा जाए, तो बैटरी की प्लेटें खराब हो जाती हैं।
साथ ही उसका बैकअप कम हो सकता है और कुछ ही दिनों में वह काम करना बंद कर देता है। नीचे आर्टिकल में जानें इन्वर्टर बैटरी में पानी डालते समय किन गलतियों को करने से बचना चाहिए?
इंवर्टर बैटरी नें पानी डालते समय किन 3 गलतियों से बचना चाहिए?
अगर आपके घर में इंवर्टर बैटरी लगी है और आप इसमें खुद से ही पानी डालती हैं, तो सावधानी बरतनी जरूरी है। नीचे जानें वे बातें, जो हम में से अधिकतर लोगों करते हैं।
इसे भी पढ़ें- इन्वर्टर बैटरी है खराब या चार्जिंग में दिक्कत? इन तरीकों से करें आसानी से जांच
1. साधारण या नल का पानी इस्तेमाल करना
सबसे बड़ी गलती जो अक्सर लोग करते हैं, वह है बैटरी में सामान्य नल का पानी या आरओ का पानी डालना। नल के पानी में मिनरल्स, कैल्शियम और अशुद्धियां होती हैं, जो बैटरी की लीड-एसिड प्लेटों पर जम जाती हैं। इसे सल्फेशन कहते हैं। इसके कारण बैटरी चार्ज होना बंद हो जाती है और वह जल्दी खराब हो जाती है। बैटरी में हमेशा शुद्ध डिस्टिल्ड वॉटर या बैटरी वॉटर ही डालना चाहिए।
2. पानी का स्तर बहुत ज्यादा या बहुत कम रखना
बैटरी के ढक्कन खोलकर उसमें पानी का स्तर चेक करना जरूरी होता है। कई लोग लाल निशान से भी नीचे पानी रहने देते हैं या फिर बैटरी को ऊपर तक पूरा भर देते हैं। दोनों ही स्थितियां खतरनाक हैं।
पानी कम होने से प्लेटें सूखकर गल जाती हैं, और ज्यादा भरने पर चार्जिंग के दौरान एसिड उबलकर बाहर आने लगता है, जिससे बैटरी का बाहरी ढांचा और आसपास का हिस्सा खराब हो सकता है। पानी हमेशा तय सीमा तक ही भरना चाहिए।
3. सुरक्षा उपकरणों और साफ-सफाई की अनदेखी करना
इन्वर्टर बैटरी में सल्फ्यूरिक एसिड होता है, जो स्किन और कपड़ों के लिए हानिकारक है। पानी डालते समय बिना दस्ताने और चश्मे के काम करना लापरवाही है। इसके अलावा, बैटरी के ढक्कन खोलते समय आसपास धूल-मिट्टी या गंदगी का होना भी नुकसान का कारण बन सकता है।
पानी डालने से पहले बैटरी के ढक्कन और ऊपरी हिस्से को अच्छी तरह साफ कर लेना चाहिए तथा काम करते वक्त पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।
इंवर्टर में कितने दिन में पानी डालना चाहिए?
इन्वर्टर बैटरी में पानी डालने का सही समय गर्मियों के दिनों में हर 15 से 30 दिन और सर्दियों में 2 से 3 महीने के अंतराल पर होता है। नियमित रूप से वाटर लेवल की जांच करते रहने से बैटरी की उम्र लंबी होती है और पावर बैकअप भी बेहतर रहता है।
अगर आपके घर में इंवर्टर बैटरी है और इसकी देखरेख खुद ही करते हैं, तो ऊपर लेख में बताई गई बातों का ख्याल रखें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Magnific
