बार‍िश का मौसम भले ही गर्मी से राहत देता है, लेक‍िन यह अपने साथ कई तरह की परेशान‍ियां भी लेकर आता है, जैसे- इंफेक्‍शन। खासकर हॉस्‍टल्‍स में तो और ज्‍यादा द‍िक्‍कतें बढ़ जाती हैं क्‍योंक‍ि यहां कई तरह के लोग रहते हैं। ऐसे में अगर साफ-सफाई का ध्‍यान नहीं रखा जाए तो बैक्‍टीर‍िया, फंगस और वायरस तेजी से फैल सकते हैं।

गीले कपड़े, भीगे हुए शूज, कमरे में नमी, गंदा वॉशरूम इंफेक्‍शन का कारण बनते हैं। ऐसे में मानसून के दौरान हाइजीन मेंटेन रखना सबसे जरूरी होता है। अगर शुरू से ही कुछ आसान आदतें अपना ली जाएं तो कई तरह की बीमार‍ियों से बचा जा सकता है। अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल के चेयरमैन कुंवर गौरव गिरी ने बताया है कि‍ हाॅस्‍टल में हाइजीन मेंटेन करने के ल‍िए क‍िन बातों का ध्‍यान रखना चाह‍िए।

मानसून में हॉस्टल में इंफेक्शन का खतरा क्यों बढ़ जाता है?

आपको बता दें क‍ि बारिश के मौसम में हवा में नमी बढ़ जाती है। इसकी वजह से कमरे, दीवारें और फर्श देर तक गीले रहते हैं। इससे फंगस, बैक्टीरिया और मच्छर तेजी से पनपते हैं। ऐसे में अगर कई लोग एक ही जगह रह रहे हों, तो इंफेक्शन एक से दूसरे तक जल्दी पहुंच सकता है। इसलिए मानसून में थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी बन सकती है। यही कारण है क‍ि हाइजीन मेंटेन करने की सलाह दी जाती है।

गीले जूते और कपड़े कमरे में न रखें

गौरव ग‍िरी ने बताया क‍ि बारिश में कई बार लोग भीगकर आते हैं और जूते और कपड़े सीधे कमरे में ही छोड़ देते हैं। इससे कमरे में सीलन, बदबू और बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है। इसल‍िए कोशिश करें कि गीले जूते पहले अच्छी तरह सूखने दें। कपड़ों को भी खुली हवा या अच्छी वेंटिलेशन वाली जगह पर ही सुखाएं। इससे फंगस लगने की संभावना कम होती है।

यह भी पढ़ें- हॉस्‍टल में लाइफस्टाइल को एक्टिव बनाती है शेयर्ड लिविंग स्पेस, एक्‍सपर्ट से जानें कैसे?

कमरे में अच्छा वेंट‍िलेशन बनाए रखें

अगर कमरे में बाहर की फ्रेश हवा नहीं आएगी, तो नमी लंबे समय तक बनी रहेगी। इसलिए रोज कुछ देर के लिए खिड़कियां और दरवाजें खोल द‍िया करें। अगर जरूरत हो तो एग्जॉस्ट फैन का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। अच्छी वेंटिलेशन से कमरा ड्राई रहता है और फ‍िर फंगस भी नहीं बनने पाता है।

वॉशरूम की सफाई सबसे जरूरी

हॉस्टल के वॉशरूम को कई लोग इस्तेमाल करते हैं। इसलिए उनकी नियमित सफाई बहुत जरूरी है। गंदे वॉशरूम से फंगल इंफेक्शन और दूसरे संक्रमण फैल सकते हैं। अगर कहीं पानी जमा हो रहा हो या सफाई ठीक से न हो रही हो, तो तुरंत हॉस्टल मैनेजमेंट को बताएं।

यह भी पढ़ें- Hostel Room Decor: गर्मियों में हॉस्टल लाइफ होगी आसान, इन आसान डेकोर टिप्स से कमरे को रखें कूल

बेडशीट और तौलिया समय पर बदलें

बरसात में चादर, तकिए का कवर और तौलिया जल्दी नम हो जाता है। इन्हें लंबे समय तक इस्तेमाल करने से बैक्टीरिया पनप सकते हैं। इसलिए आप हफ्ते में कम से कम एक बार बेडशीट जरूर बदलें और तौलिये को पूरी तरह सूखने के बाद ही दोबारा इस्तेमाल करें।

कमरे में कूड़ा जमा न होने दें

हाॅस्‍टल में कई लोग डस्‍टब‍िन में कूड़ा जमा होने देते हैं। यहीं से सबसे ज्‍यादा इंफेक्‍शन बढ़ जाता है। इसल‍िए डस्‍टब‍िन को रोजाना खाली करना चाह‍िए। खाने का बचा हुआ सामान कमरे में नहीं छोड़ें। इससे कीड़े-मकौड़े और मक्खियां आने लगती हैं, जो कई तरह के इंफेक्शन फैला सकते हैं।

साफ पानी और हेल्दी खाना ही खाएं

मानसून में बाहर का खुला खाना खाने से फूड इंफेक्शन का खतरा तेजी से बढ़ जाता है। इसल‍िए कोशिश करें कि साफ और फ्रेश खाना ही खाएं। पीने के लिए हमेशा फ‍िल्‍टर वॉटर का ही इस्तेमाल करें।

यह भी पढ़ें- अगर आप रहते हैं हॉस्टल में, तो फिर काम आएंगी ये इलेक्ट्रिक कैटल, मैगी से लेकर चाय सब बनेगी मिनटों में!

पेस्ट कंट्रोल भी है जरूरी

बारिश के मौसम में मच्छर, कॉकरोच और दूसरे कीड़े भी आ ही जाते हैं। यह एक आम समस्‍या ह‍ै। इसलिए समय-समय पर पेस्ट कंट्रोल कराना भी जरूरी है। इससे डेंगू, मलेरिया और दूसरे कीड़ों से होने वाली परेशानियों का खतरा भी कम किया जा सकता है।

सिर्फ मैनेजमेंट नहीं, आपकी भी जिम्मेदारी

हॉस्टल को साफ रखना सिर्फ स्टाफ का काम नहीं है। वहां रहने वाले हर एक की भी जिम्मेदारी है कि वह अपने कमरे और आसपास की सफाई का ध्यान रखे। छोटी-छोटी अच्छी आदतें पूरे हॉस्टल को सेफ बना सकती हैं।

क्‍या कहते हैं एक्‍सपर्ट?

कुंवर गौरव गिरी का कहना है क‍ि मानसून के दौरान हॉस्टल में हाइजीन सबसे जरूरी है। सिर्फ साफ कमरा ही काफी नहीं होता, बल्कि अच्छी वेंटिलेशन, नियमित सैनिटाइजेशन, साफ वॉशरूम, हेल्दी खाना, साफ पानी और समय-समय पर पेस्ट कंट्रोल भी उतना ही जरूरी है। जब हॉस्टल में रहने वाले लोग और मैनेजमेंट दोनों मिलकर साफ-सफाई का ध्यान रखेंगे, तभी इंफेक्शन का खतरा कम होता है।

यह भी पढ़ें- Unsafe at Home: पीजी में अकेले रहने पर लगता है डर, तो सेफ्टी के लिए अपनाएं ये काम के उपाय

हॉस्टल लेते समय इन बातों पर जरूर ध्यान दें

अगर आप हाॅस्‍टल अपने ल‍िए ढूंढ रही हैं, तो कुछ बातों पर भी ध्‍यान देना चाह‍िए-

  • साफ-सफाई की व्यवस्था: हॉस्टल और कमरों में नियमित सफाई होती है या नहीं, यह जरूर देखें।
  • वॉशरूम हाइजीन: वॉशरूम साफ-सुथरे और रोजाना सैनिटाइज होते हैं या नहीं, इसे पर भी ध्‍यान दें।
  • कमरों में वेंटिलेशन: कमरे में धूप और फ्रेश हवा आने (वेंटीलेशन) की व्यवस्था होनी चाहिए।
  • पीने का साफ पानी: हॉस्टल में फ‍िल्‍टर वॉटर की सुविधा हो।
  • स्टाफ का रवैया: हॉस्टल स्टाफ सफाई और हाइजीन को लेकर कितना जिम्मेदार है, इसका भी ध्यान रखें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik