आमतौर पर हम सभी लोग कीड़े-मकोड़ों से मुक्त रहने के लिए बाजार में मिलने वाले कीटनाशक स्प्रे खरीदकर लाते हैं। मगर कई बार इन केमिकल वाली चीजों से भी मनमुताबिक रिजल्ट नहीं मिलता। अगर आप भी मक्खी, मच्छर, छिपकली या फिर चींटियों के आतंक से परेशान हैं, तो विनेगर छिड़क दें। हालांकि, जब कोई व्यक्ति सिरका या विनेगर का नाम लेता है, तो हम इसे चाइनीज फूड या फिर खाने में डालने से जोड़कर देखते हैं। मगर ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। सिरके का इस्तेमाल कीड़े-मकोड़ों को दूर करने में भी किया जा सकता है। आज के इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं कि यह चीज इस समस्या से कैसे छुटकारा दिलाती है?

विनेगर छिड़कने से कीड़े-मकौड़े क्यों दूर होते हैं?

स्मार्ट क्लीनिंग करने वाले लोगों के लिए विनेगर का इस्तेमाल बेहद आम बात है, लेकिन आपको अगर इसके फायदे के बारे में नहीं पता है, तो आपको यह थोड़ा अजीब लग सकता है। बता दें कि सफाई के लिए व्हाइट विनेगर का इस्तेमाल आजकल काफी लोकप्रिय हो रहा है। विनेगर में मौजूद तेज और तीखी गंध, एसिटिक एसिड और एंटी बैक्टीरियल और क्लीनिंग प्रॉपर्टीज कीड़े-मकौड़ों को दूर रखने में मदद करते हैं। 

इसे भी पढ़ें- पोछे के पानी में नमक मिलाना सिर्फ वास्तु के लिए नहीं, हाइजीन के लिए भी है जरूरी

कीड़े-मकोड़ों को भगाने के लिए विनेगर का इस्तेमाल कैसे करें?

अगर आप कीड़े-मकोड़ों को भगाने के लिए सिरके का इस्तेमाल कर रही हैं, तो इसका सही घोल बनाना बहुत जरूरी है। इसके लिए एक स्प्रे बोतल में 4-5 ढक्कन सिरका और 2 गिलास पानी मिलाकर अच्छी तरह हिलाएं। अब इसे उन जगहों पर स्प्रे करें, जहां से कीट-पतंगे घर के अंदर आते हैं। कीटरोधी प्रभाव को बनाए रखने के लिए सप्ताह में एक या दो बार इसका इस्तेमाल करें।

  • दरवाजे का फ्रेम
  • प्रवेश तल
  • दरारें या छेद जहां से कीड़े-मकोड़े अंदर-बाहर जा सकते हैं
  • बेस बोर्ड या खुले कोने

घर में चींटियां आने लगे, तो विनेगर का इस्तेमाल कैसे करें?

घर से चींटियों को भगाने के लिए एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सफेद विनेगर और पानी मिलाकर घोल तैयार करें। रात को सोने से पहले इस मिश्रण को चींटियों के रास्तों, दरवाजों के कोनों और रसोई के सिंक के पास स्प्रे कर दें। विनेगर की तेज गंध चींटियों के गंध को गायब कर देती है।

इसे भी पढ़ें- सिर्फ सफेद सिरका और तेज पत्ता, घर की 1 नहीं 5 बड़ी परेशानियों का होगा समाधान

बाजार में बिकने वाले केमिकल प्रोडक्ट के बजाय सिरका का छिड़काव कमाल दिखा सकता है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- magnific