How To Remove Lint From Sweater: ठंड के मौसम में एक चीज काफी खराब लगती है वो है कपड़ो पर लगे हुए रोएं। अक्सर ऐसा होता है कि लोग नया स्वेटर खरीदते हैं और 2-3 बार पहनते ही उनमे रोएं आ जाते हैं। अगर आप भी इस दिक्कत का सामना कर रही हैं, तो आज हम आपको कोई महंगा सामान लाने को नहीं कहेंगे। घर में पड़ी चीजों से लेकर एक छोटे से टूल तक, वो सारे तरीके बताएंगे जिनसे आपका स्वेटर 5 मिनट में फिर से बिल्कुल नया जैसा लगने लगेगा।
आखिर नए स्वेटर में रोएं आते ही क्यों हैं?
हम लोग जब भी नया स्वेटर पहनते हैं, तो हाथ, बैग, सीट बेल्ट से रगड़ लगती है। इस रगड़ से स्वेटर के छोटे-छोटे रेशे बाहर निकल आते हैं और आपस में चिपककर छोटे-छोटे गोले बन जाते हैं। इन्हीं को रोएं या लिंट बॉल (Lint Ball) कहते हैं। ये ऊन, कैशमीर और मेरिनो वाले स्वेटर में ज्यादा आते हैं, क्योंकि इनका धागा नरम होता है। इसका मतलब ये नहीं कि स्वेटर खराब क्वालिटी का है, बल्कि यह तो नेचुरल है।
image credit- pinterest (SMARTDEALSHUB)
स्वेटर से रोएं हटाने का सबसे आसान तरीका
अगर आपके स्वेटर में भी रोएं लग गए हैं, तो घबराएं नहीं बस नीचे बताए गए तरीकों को फॉलो करें।
- अगर आपके घर में छोटा सा इलेक्ट्रिक फैब्रिक शेवर है, तो बस वही काफी है। स्वेटर को किसी सख्त जगह, जैसे टेबल पर सीधा बिछा लीजिए। अब शेवर को बहुत हल्के हाथ से एक ही दिशा में चलाइए। ध्यान रखिए, जोर से दबाना नहीं है। हल्के हाथ से चलाएंगी तो सारे रोएं कट जाएंगे और स्वेटर का धागा भी नहीं कटेगा।
- अगर शेवर नहीं है, तो बाजार में मिलने वाली स्वेटर वाली कंघी ले लीजिए। स्वेटर को बिछाकर, कंघी को एक ही तरफ से धीरे-धीरे चलाइए। यह ऊन वाले स्वेटर के लिए सबसे सेफ मानी जाती है।
- अचानक से कहीं जाना है और शेवर नहीं है? तो एक नया डिस्पोजेबल रेजर काम आ जाएगा। स्वेटर को टाइट पकड़कर, रेजर को बहुत हल्के हाथ से छोटे-छोटे स्ट्रोक में चलाइए। कपड़े को खींचकर मत रखिए, नहीं तो कट लग सकता है।
- रोएं हटाने के बाद ऊपर-ऊपर जो हल्का-हल्का रोआं रह जाता है, उसे लिंट रोलर से साफ कर लीजिए। अगर रोलर नहीं है तो चौड़ी वाली सेलो टेप को हाथ पर उल्टा लपेटकर स्वेटर पर हल्के से दबाइए, सारा लिंट चिपककर निकल आएगा।
image credit- pinterest (Walmart)
स्वेटर में रोएं ना आने के लिए क्या करें?
रोएं हटाना तो आसान है, पर अगर हर बार यही करना पड़े तो परेशानी होगी ना। इसलिए इन 3 बातों का ध्यान रखिए-
- स्वेटर को हमेशा उल्टा करके, ठंडे पानी में, जेंटल मोड पर धोएं। हो सके तो जाली वाले लॉन्ड्री बैग में डालकर धोएं।
- जींस, जिप वाले कपड़े और तौलिए खुरदरे होते हैं, इनके साथ स्वेटर धोने से रगड़ ज्यादा लगती है और रोएं जल्दी आते हैं।
- स्वेटर को कभी भी ड्रायर में मत डालिए। इसे किसी तौलिए पर सीधा फैलाकर सुखाएं। लटकाकर सुखाने से भी स्वेटर का शेप खराब हो जाता है।
ऊपर बताया गया बस 5 मिनट का ये छोटा सा काम कीजिए और आपका स्वेटर फिर से ऐसा लगेगा जैसे अभी-अभी दुकान से लाई हैं।
यह भी पढ़ें- Saree with Sweater Styling: सर्दियों में साड़ी के साथ ऐसे पहनें स्वेटर, ये स्टाइलिंग तरीके देंगे परफेक्ट रॉयल लुक
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- pinterest (Ambicahub)
